भारत की जनता पर राजनीति और फिल्मी दुनिया का बड़ा प्रभाव रहा है। यही वजह है कि इस पर काफी कुछ लिखा और सुना जा चुका है। अब पत्रकार और लेखक रशीद किदवई की हाल ही में आयी एक नई किताब ‘नेता अभिनेता’ राजनीति और फिल्मी दुनिया के संबंधों पर काफी कुछ कहती है। इस किताब में किदवई ने राजनीति और फिल्मी दुनिया से जुड़े कई दिलचस्प खुलासे किए हैं। रशीद किदवई ने अपनी इस किताब में जो सबसे अहम खुलासा किया है, वो ये है कि ऐसी चर्चाएं थीं कि पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी, राजीव गांधी की शादी राज कपूर की बड़ी बेटी रितु से कराना चाहती थीं। लेकिन बाद में राजीव गांधी की मुलाकात सोनिया गांधी से हुई ये चर्चाएं सिर्फ चर्चाएं ही रह गईं। इसके साथ-साथ रशीद किदवई ने बताया है कि कपूर खानदान के मुखिया पृथ्वीराज कपूर एक बार कहीं जाते हुए मुंबई और पूना के बीच में खंडाला रेलवे स्टेशन पर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के चीफ एमएस गोलवलकर से टकरा गए।
इस पर पृथ्वीराज कपूर ने गोलवलकर द्वारा अपने शोर कर रहे समर्थकों को नियंत्रित नहीं करने पर नाराजगी जतायी थी। पृथ्वीराज कपूर ने इस दौरान, बकौल किदवई, कहा था कि राजनीति में अनुशासन बेहद जरुरी है। इसी तरह के एक अन्य खुलासे में किदवई ने बताया है कि राहुल गांधी फिल्म अभिनेत्री करीना कपूर के फैन रहे हैं। जब सिमी ग्रेवाल के एक टॉक शो में इस बारे में करीना कपूर को बताया गया तो उन्होंने राहुल गांधी को एक ड्रीम डेट बताया था। हालांकि ये सब भी अफवाहों की दुनिया तक ही सीमित रहा। बहरहाल इस किताब के आधार पर तो कहा जा सकता है कि गांधी परिवार और कपूर खानदान के बीच रिश्ते काफी अच्छे रहे।
कपूर खानदान की तरह ही गांधी परिवार के बच्चन परिवार के साथ भी रिश्ते काफी प्रगाढ़ थे। हालांकि बाद में इन रिश्तों में काफी उतार-चढ़ाव देखने को मिला। बॉलीवुड महानायक अमिताभ बच्चन राजनीति में आए और कांग्रेस के टिकट पर सांसद भी बने। हालांकि बाद में कुछ ऐसी परिस्थितियां बनीं कि अमिताभ को राजनीति छोड़नी पड़ी और भविष्य में कभी भी राजनीति में नहीं जाने का फैसला किया। इतने सालों बाद भी अमिताभ अपने उस फैसले पर डटे हुए हैं। अमिताभ बच्चन के अलावा लगभग हर बॉलीवुड सुपरस्टार राजनीति की पिच पर उतर चुका है। इनमें सुनील दत्त, राजेश खन्ना, विनोद खन्ना, राजबब्बर, शत्रुघ्न सिन्हा आदि का नाम शामिल है। वहीं कई अभिनेत्रियां भी राजनैतिक दुनिया में शामिल हो चुकी हैं। इनमें हेमामालिनी, जया बच्चन आदि का नाम प्रमुख है। दक्षिण भारत में तो राजनीति और फिल्मी दुनिया शायद एक दूसरे का अभिन्न अंग हो गए हैं। वहां कई बड़े-बड़े राजनेता फिल्मी दुनिया से ही आए हैं।