भारतीय नौसेना ने 24 घंटे में दूसरे सफल ऑपरेशन को अंजाम दिया है। अब इंडियन नेवी ने सोमालिया के 11 लुटेरों के चंगुल से पाकिस्तान के 19 नागरिकों को बचाया है। मंगलवार को इंडियन नेवी ने जानकारी दी कि उसके जहाज सुमित्रा ने FV अल नईमी (मछली पकड़ने वाले जहाज) पर डकैती के प्रयास को विफल कर दिया है।

इंडियन नेवी के जाबाजों ने यह एंटी पाइरेसी ऑपरेशन ईस्ट कोस्ट ऑफ सोमालिया में अंजाम दिया। इससे पहले इंडियन नेवी ने एफवी इमान पर समुद्री डकैती के प्रयास को विफल किया था।

इंडियन नेवी द्वारा दी गई जानकारी के मुताबिक, युद्धपोत INS सुमित्रा ने FV अल नईमी को इंटरसेप्ट किया गया और इसके बाद एक्शन किया। इस दौरान पता चला कि जहाज पर पाइरेट्स ने 19 पाकिस्तानियों को बंधक बनाया हुआ है। इसके बाद INS सुमित्रा पर तैनात कमांडो दस्ते ने SOPs के अनुसार समुद्री डाकुओं को नाव चालक दल सहित सभी सवारों को रिहा करने के लिए मजबूर किया।

अदन की खाड़ी में तैनात है INS सुमित्रा

INS सुमित्रा अदन की खाड़ी और सोमालिया के पूर्व में समुद्री डाकुओं को विफल करने और समुद्री सुरक्षा अभियानों के लिए तैनात किया गया है। सोमवार को इसने FV ईमान को समुद्री डाकुओं से मुक्त करवाया था। इंडियन नेवी के प्रवक्ता कमांडर विवेक मधवाल ने कहा कि इंडियन नेवी समुद्र में सभी नाविकों और जहाजों की सुरक्षा सुनिश्चित करने वास्ते सभी समुद्री खतरों के खिलाफ कार्रवाई करने के लिए क्षेत्र में एक बार फिर अपनी प्रतिबद्धता साबित की है।