Weather Forecast, Temperature: उत्तर प्रदेश में दक्षिण-पश्चिम मानसून के चलते कई हिस्सों में वर्षा हुई। मौसम विभाग ने शनिवार को बताया कि बीते 24 घंटे के दौरान पूर्वी उत्तर प्रदेश में कहीं-कहीं भारी पानी बरसा जबकि पश्चिमी उत्तर प्रदेश में कुछ जगहों पर बारिश हुई।मौसम विभाग के अनुसार बलिया में 16 सेंटीमीटर, ब्रजघाट में 17, चंद्रदीप घाट में 15, डुमरियागंज में 14, बांसगांव में 13, गोरखपुर में 12, घोसी में 10, खलीलाबाद, भिनगा, बस्ती और मुहम्मदाबाद में नौ नौ, गायघाट में आठ, बनी, महाराजगंज, अकबरपुर में सात..सात सेंटीमीटर बारिश रिकार्ड की गई।
वहीं दिल्लीवासियों को उमस और गर्मी से राहत मिलने का अनुमान है। मौसम विज्ञान विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि शहर में 15 -16 जुलाई को बारिश हो सकती है। उन्होंने बताया कि दिन में धूल भरी तेज हवाएं चलने की संभावना है। अधिकतम तापमान करीब 39 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। दिल्ली में बृहस्पतिवार को भी उमस भरा दिन रहा और अधिकतम तापमान 39.2 डिग्री सेल्सियस एवं न्यूनतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
पंजाब और हरियाणा के कई इलाकों में शनिवार को मध्यम स्तर की बारिश हुई जिससे कई जगहों पर अधिकतम तापमान सामान्य सीमा से तीन डिग्री सेल्सियस नीचे तक चला गया। मौसम विभाग के अनुसार अमृतसर में 28.2 मिलीमीटर (मिमी) बारिश हुई, इसके अलावा लुधियाना में 14 मिमी, अंबाला में 12 मिमी और पटियाला में 10 मिमी बारिश हुई। केंद्र शासित प्रदेश चंडीगढ़ में भी 23 मिमी बारिश हुई। वहीं हरियाणा के हिसार में अधिकतम तापमान सामान्य से दो डिग्री कम होकर 39 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि नारनौल में तापमान 38.5 डिग्री रहा, जो सामान्य से दो डिग्री कम था।
राष्ट्रीय राजधानी में शनिवार को मौसम गर्म बना रहा और यहां तापमान सामान्य से चार डिग्री अधिक बढ़कर 39.6 डिग्री सेल्सियस पर आ गया। महानगर का न्यूनतम तापमान भी सामान्य से चार डिग्री अधिक 31.3 डिग्री सेल्सियस पर रहा। हवा में नमी का स्तर 41 से 73 प्रतिशत रहा।
उत्तर बंगाल में पिछले कई दिनों से लगातार हो रही बारिश ने निचले इलाकों में बाढ़ और पर्वतीय इलाकों में भूस्खलन की स्थितियां उत्पन्न कर सामान्य जनजीवन को अस्त व्यस्त कर दिया है। एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि लापता हुए एक पर्यटक का शव जलपाईगुड़ी जिले के गजालदोबा से बरामद किया गया। मौसम विभाग ने पश्चिम बंगाल के पांच उप हिमालयी जिलों - दार्जीलिंग, कलिमपोंग, जलपाईगुड़ी, कूचबिहार और अलीपुरद्वार में रविवार तक भारी से बहुत भारी बारिश होने का अनुमान जताया है।
सिक्किम में शनिवार को मॉनसून जोरदार बना रहा। इस दौरान कई इलाकों जबदस्त बारिश हुई। कई जगहों पर भूस्खलन भी हुआ। राजमार्ग पर रांगपो और 32-नंबर के पास भूस्खलन हुआ।
उत्तर बिहार में बारिश का 54 साल का रिकॉर्ड शनिवार को टूट गया। यहां 54 साल बाद जुलाई में एक दिन में सर्वाधिक बारिश दर्ज की गई है। पिछले 24 घंटे में पूर्वी चंपारण में सर्वाधिक 214.92 मिमी, सीतामढ़ी में 154.55 मिमी तो वहीं मुजफ्फरपुर में 125.15 मिमी बारिश हुई है। बारिश की वजह से विभिन्न जिलों में स्थिति गंभीर हो गई है।
आने वाले एक या दो महीनों में अल नीनो खत्म हो जाएगा। अमेरिका की मौसम एजेंसी के हालिया अपडेट में यह जानकारी सामने आई है। इससे आने वाले दिनों में मानसून के और बेहतर होने की उम्मीद है। मौसम विभाग ने कहा कि मानसून के लिए यह बेहद अच्छी खबर है कि अल नीनो खत्म होने वाला है। हालांकि, अल नीनों का कमजोर होना इस साल आने वाले दिनों में अच्छे मानसून की गारंटी नहीं है।
आंचलिक मौसम केन्द्र की रिपोर्ट के मुताबिक दक्षिण-पश्चिमी मानसून प्रदेश के पूर्वी भागों में सक्रिय जबकि पश्चिमी हिस्सों में सामान्य है। पूर्वानुमान के मुताबिक पिछले करीब एक सप्ताह से प्रदेश के विभिन्न स्थानों पर रुक-रुक कर हो रही बारिश में अब कमी आने की सम्भावना है। इससे उमस बढ़ने के प्रबल आसार हैं। रिपोर्ट के अनुसार पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य के अनेक स्थानों पर बारिश हुई। कुछ जगहों पर भारी से बहुत भारी वर्षा भी हुई। अगले 24 घंटों के दौरान राज्य में कुछ स्थानों पर वर्षा होने की सम्भावना है।
हिमाचल प्रदेश के शिमला, उत्तराखंड के मसूरी और देहरादून में अगले 2 से 3 दिनों तक बारिश जारी रहेगी। इसके साथ ही यहां पर भूस्खलन की भी संभावना जताई गई है। मौसम पर नजर रखने वाली एक निजी वेबसाइट ने यह जानकारी दी।
दिल्ली में शनिवार सुबह न्यूनतम तापमान 31.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस मौसम के सामान्य तापमान से चार डिग्री सेल्सियस अधिक है। आर्द्रता का स्तर 58 प्रतिशत दर्ज किया गया। मौसम वैज्ञानिकों ने दिन में आंशिक रूप से बादल छाए रहने और धूल भरी हवाएं चलने की संभावना जताई है।
उत्तराखंड के चमोली में भारी बारिश आम जनजीवन प्रभावित हो गया है। यहां शनिवार को बद्रीनाथ हाईवे पर पीपलकोटी के पास एक बस पानी में फंस गई। बस में सभी यात्री सुरक्षित बताए जा रहे हैं।
पश्चिम बंगाल में मानसून की जोरदार बारिश हो रही है। राज्य के कूच बिहार में क्षेत्र में लगातार हो रही बारिश से जगह-जगह पानी भर गया है। वहीं, बिहार के पश्चिमी चंपारण में भारी बारिश के कारण गंडक बैराज का जलस्तर बढ़ गया है।
असम के माजुली में लोगों की परेशानी कम होने का नाम नहीं ले रही है। राज्य के माजुली में शुक्रवार भारी बारिश के बाद इलाके में बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं।
यूपी के तुर्तीपार में सबसे ज्यादा 15 सेंटीमीटर बारिश दर्ज की गयी। इसके अलावा हाटा और रामनगर में 15—15 सेंटीमीटर, फतेहपुर में 11, बलरामपुर और गोरखपुर में 10—10, शाहजहांपुर, हैदरगढ़ और एल्गिनब्रिज में 9-9 भिनगा, आजमगढ़, बरेली और शाहजहांपुर में 8-8, नीमसार, अकबरपुर और देवबंद में 7-7 सेंटीमीटर वर्षा हुई। पिछले 24 घंटों के दौरान इलाहाबाद, कानपुर, लखनऊ तथा झांसी मण्डलों में दिन के तापमान में खासी वृद्धि दर्ज की गयी। वहीं, बरेली तथा मुरादाबाद मण्डलों में इसमें गिरावट रिकॉर्ड की गई।
तमिलनाडु के सिरुमुगाई में भवानी नदी में नहाने गए कॉलेज के दो छात्र डूब गए। जिला अधिकारियों ने नदी के तट पर रहने वाले लोगों को आगाह किया है क्योंकि पिछले कुछ दिनों से पिल्लूर बांध के आसपास और नीलगिरी जिले के ऊपरी क्षेत्रों में लगातार हो रही बारिश के कारण जल का स्तर बढ़ गया है। पुलिस ने बताया कि कोट्टिश्वरन और प्रशांत नहाने के क्रम में गहरी नदी में चले गए और डूब गए। उन्होंने बताया कि शव बरामद कर लिए गए हैं और जांच जारी है।
मौसम विभाग ने उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में भारी वर्षा की चेतावनी जारी की है। इससे पहले सिक्किम में, राजमार्ग पर रांगपो और 32-नंबर के पास भूस्खलन हुआ है। भारी और निरंतर बारिश से अवरुद्ध रास्तों को खोलने के काम में बाधा उत्पन्न हो रही है।
पिछले तीन दिनों से लगातार हो रही बारिश ने उत्तर बंगाल में सामान्य जीवन को खतरे में डाल दिया है, जिससे निचले इलाकों में बाढ़ जैसी स्थिति पैदा हो रही है और पहाड़ी इलाकों में भूस्खलन हो रहा है। न्यूजलपाईगुड़ी और अलीपुरद्वार में पैसेंजर ट्रेन सेवा रोक दी गई है। नार्थ फ्रंटियर रेलवे अधिकारी ने यह जानकारी दी।
अरुणाचल प्रदेश की राजधानी में भारी बारिश के कारण कई दिनों से भूस्खलन, मिट्टी के धंसने और सड़क अवरुद्ध होने की घटनाएं देखी गईं हैं। जिला प्रशासन ने रविवार तक ईटानगर में सभी स्कूलों को बंद रखने का आदेश दिया है। मुख्यमंत्री पेमा खांडू ने मुख्य सचिव से स्थिति पर व्यक्तिगत रूप से निगरानी करने और असुरक्षित क्षेत्रों से लोगों को सुरक्षित स्थानों में भेजने का निर्देश दिया है।
लगातार हो रही भारी बारिश के कारण हुये कई जगहों भूस्खलन की वजह से सिक्किम देश के बाकि हिस्से से शुक्रवार को दूसरे दिन भी कटा रहा। मूसलाधार बारिश ने एनएच-31 ए को अवरुद्ध कर दिया है। जनरल रिजर्व इंजीनियरिंग फोर्स (जीआरईएफ) के अधिकारियों ने कहा कि पश्चिम बंगाल में सेतीझोरा और कालीझोरा के बीच पांच स्थानों पर पहाड़ियों के महत्वपूर्ण हिस्से ढह गए हैं, जिससे राजमार्ग अवरुद्ध हो गया है।
अरुणाचल प्रदेश के तवांग जिले में मूसलाधार बारिश के बाद हुए भूस्खलन के कारण ढही चारदीवारी एक स्कूल के छात्रावास पर गिर गई। इस हादसे के कारण दो छात्राओं की मौत हो गई और दो अन्य घायल हो गईं। मुख्यमंत्री पेमा खांडू ने पांचवीं कक्षा की छात्रा जेन्डेन वांगमू और छठी कक्षा की छात्रा रिन्ची ल्हामू के इस हादसे में मारे जाने पर शोक व्यक्त किया है। उन्होंने मृतकों के परिजनों में प्रत्येक को 4-4 लाख रुपये का मुआवजा देने की घोषणा की है।
यूपी के विभिन्न हिस्सों में पिछले तीन दिनों से हो रही लगातार बारिश और बिजली गिरने की घटनाओं के कारण 15 लोगों की मौत हो चुकी है। इनमें तीन लोगों की मौत फतेहपुर में, महोबा, पीलीभीत, कानपुर देहात, सोनभद्र, हरदोई, कुशीनगर, प्रतापगढ़, सीतापुर, कन्नौज, बाराबंकी और जौनपुर में एक-एक व्यक्ति की मौत हुई।