भारत के जाने-माने कारोबारी आनंद महिंद्रा की कुल संपत्ति में पिछले पांच साल में 0.5 अरब डॉलर से भी कम की बढ़ोतरी हुई है। ये जानकारी फोर्ब्स फोर्ब्स मैगजीन ने दी हैं। मैगजीन के मुताबिक 14 नवंबर, 2020 को आनंद महिद्रा की कुल संपत्ति 1.6 अरब डॉलर रही और इसमें तीन मिलियन डॉलर की बढ़ोतरी हुई है। रिपोर्ट में बताया गया कि उनकी संपत्ति मार्च, 2016 में 1.1 अरब डॉलर से अधिक थी जो बीते शनिवार को 1.6 अरब डॉलर रही है। शेयर बाजार में उतार चढ़ाव से संपत्ति में उछाल और गिरावट देखने को मिलती है।
कारोबार के लिहाज से साल 2020 महिंद्रा के लिए काफी अच्छा साबित होता नजर आ रहा है। दरअसल इसी साल अप्रैल में उनकी संपत्ति 1.2 अरब डॉलर आंकी गई थी। साल के आखिर तक इसमें और भी बढ़ोतरी का अनुमान है। भारत के 88वें सबसे अमीर शख्स आनंद महिंद्रा की संपत्ति मार्च, 2015 में 1.2 अरब डॉलर थी। इसी तरह मार्च, 2016 में 1.1 अरब डॉलर, मार्च 2017 में 1.3 अरब डॉलर और मार्च 2019 में ये 1.6 अरब डॉलर थी।
65 साल के आनंद महिद्रा का कारोबार दुनिया के करीब 80 देशों में है। महिंद्रा ग्रुप का करीब दो दर्जन (22) कारोबार में पैसा लगा है। इसमें ऑटो सेक्टर से लेकर आईटी और रियल स्टेट तक शामिल हैं। कंपनी अपने ट्रैक्टर्स, स्पोर्ट्स यूटिलिटी वाहन जैसे स्कॉर्पियो और बोलरो के लिए खासतौर पर मशहूर है। आनंद महिंद्रा की कोटक महिंद्रा बैंक में एक महत्वपूर्ण हिस्सेदारी भी है। आनंद महिंद्र अप्रैल, 2020 से कंपनी के नॉन-एग्जीक्यूटिव चेयरमैन हैं।
उल्लेखनीय है कि आनंद महिंद्रा के दादा का नाम जगदीशचंद्र माहिंद्रा है। पिता का नाम हरीश महिंद्रा और माता का नाम इंदिरा महिंद्रा है। उन्होंने अमेरिका के हार्वर्ड कॉलेज (कैम्ब्रिज, मैसाचुसेट्स) के डिपार्टमेंट ऑफ विज्युल एंड एनवायरॉनमेंटल स्टडीज से शिक्षा हासिल की। इसके बाद साल 1981 में हार्वर्ड बिजनेस स्कूल (HBS) बोस्टन, मैसाचुसेट्स से एमबीए की पढ़ाई पूरी की।