प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ग्रीस की राजधानी एथेंस में भारतीय समुदाय को संबोधित किया। इस दौरान पीएम मोदी ने चंद्रयान 3 का जिक्र किया। पीएम मोदी ने कहा, “यह सावन का महीना है, भगवान शिव का। इस पवित्र महीने में देश ने एक नई उपलब्धि हासिल की है। भारत दक्षिणी ध्रुव पर डार्क जोन में आने वाला पहला देश बन गया है।”
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, “जब ग्रीस के जंगलों में आग लगी थी, तब बहुत बड़ी मुसीबत खड़ी हो गई थी। भारत संकट की स्थिति में ग्रीस के लोगों के साथ हैं। ग्रीस इतिहासकारों ने भारतीय सभ्यता का वर्णन किया है।”
पीएम मोदी ने भारत की विकास यात्रा का जिक्र करते हुए कहा, “अब भारत में ड्रोन की मदद से खेतों में दवा का छिड़काव होगा। आज भारत की मजबूत अर्थव्यवस्था की तारीफ हो रही है। कुछ साल में भारत की अर्थव्यवस्था टॉप 3 में होगी। भारत के लोग ज्यादा कमा रहे हैं और ज्यादा निवेश कर रहे हैं। भारत आज आत्मविश्वास से लबालब है।”
पीएम मोदी ने कहा,” आज आईएमएफ, वर्ल्ड बैंक हो, सभी भारत की मजबूत अर्थव्यवस्था की तारीफ करते नहीं थकते हैं। आज दुनिया की बड़ी-बड़ी कंपनियों में भारत में निवेश करने के लिए होड़ मची हुई है। आज भारत दुनिया में 5वें नंबर की सबसे बड़ी आर्थिक ताकत है। कुछ दिन बाद भारत में जी-20 का शिखर सम्मेलन होने जा रहा है। जी-20 का प्रेसिडेंट होने के नाते, भारत ने इसकी जो थीम तय की है, उसमें विश्व बंधुत्व की भावना नजर आती है। ये थीम है- वसुधैव कुटुम्बकम् One Earth, One Family, One Future”
पीएम मोदी ने कहा कि ग्रीस और भारत के रिश्ते सदियों के हैं। ये रिश्ते सभ्यता के हैं, संस्कृति के हैं। हम दोनों सभ्यताओं ने एक-दूसरे से बहुत कुछ सीखा है और सिखाया भी है। भारत की पहचान, विश्व को जोड़ने की रही है। इस भावना को हमारे गुरुओं ने सबसे ज्यादा सशक्त किया है।
पीएम मोदी ने कहा कि दुनिया में सबसे अधिक टाइगर भारत में पाए जाते हैं। भारत अपनी विरासत को विकास से जोड़ रहा है। पीएम मोदी ने कहा कि दुनिया का सबसे बड़ा म्यूजियम दिल्ली में बनने जा रहा है और पवन स्थलों तक बेहतर कनेक्टिविटी पर भी हमने काम किया है।