जम्मू एवं कश्मीर के पुंछ जिले में नियंत्रण रेखा (एलओसी) पर पाकिस्तान की ओर से रविवार को लगातार दूसरे दिन भी अंधाधुंध गोलीबारी जारी है, जिसमें एक महिला की मौत हो गई।
रक्षा मंत्रालय के प्रवक्ता कर्नल मनीष मेहता ने बताया, ‘‘पाकिस्तानी सेना ने पुंछ जिले के मंडी और बालाकोट सेक्टर में दोबारा अंधाधुंध गोलियां और गोले बरसाने शुरू कर दिए हैं।’ उन्होंने कहा, ‘‘गोलीबारी तड़के तीन बजे शुरू हुई और अब भी जारी है। हमारे सैनिकों ने गोलीबारी का उपयुक्त जवाब दिया है।’
प्रवक्ता ने बताया, ‘‘पाकिस्तान की ओर से गोलीबारी और गोले दागने की वजह से सुबह करीब छह बजे एक महिला की मौत हो गई।’ पाकिस्तान की ओर से हो रही गोलीबारी में शनिवार से अब तक छह नागरिकों की मौत हो चुकी है। महिला दो दिनों में गोलीबारी की छठी शिकार है।
उल्लेखनीय है कि पाकिस्तानी सेना ने शनिवार सुबह पुंछ जिले में एलओसी के मेंढर, सौजियान और मंडी सेक्टरों पर बिना किसी उकसावे के गोलीबारी और गोले दागने शुरू कर दिए थे। मेंढर सेक्टर में एक कार पर गोला दागा, जिससे उसमें सवार चार नागरिकों की मौत हो गई।
क्षतिग्रस्त कार को देखने के लिए वहां लोगों की भीड़ जुट गई थी। उसी दौरान पाकिस्तान ने दूसरा गोला दागा, जिससे वहां मौजूद 20 से ज्यादा लोग घायल हो गए।
गोलीबारी में घायल हुए 10 वर्षीय बच्चे ने भी शनिवार देर शाम दम तोड़ दिया। वह पाकिस्तानी गोलीबारी का पांचवां शिकार था। चार घायलों का यहां एक अस्पताल में इलाज चल रहा है। डॉक्टरों ने उनमें से दो की हालत चिंताजनक बताई है।