पहलगाम में पाकिस्तान प्रायोजित हमले के बाद भारत ने सिंधु जल स्थगित कर दिया है। पाकिस्तान की तरफ से लगातार इसे बहाल करने और इसपर चर्चा को लेकर लगातार मांग की जा रही है लेकिन भारत अपने सख्त रुख पर कायम है। अब खबर यह है कि भारत ने मानवीय आधार पर बीते रविवार को पाकिस्तान को तवी नदी में ‘तेज बाढ़’ की जानकारी दी।

द इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के मुताबिक, भारत ने रविवार को राजनयिक माध्यमों से पाकिस्तान को तवी नदी में आई ‘तेज बाढ़’ के बारे में सचेत किया। सूत्रों ने द इंडियन एक्सप्रेस को बताया कि मानवीय आधार पर भारी बाढ़ से संबंधित जानकारी साझा करने का निर्णय लिया गया। सिंधु जल सिंधु स्थगित है, इसलिए विदेश मंत्रालय के जरिए जानकारी साझा की गई।

सूत्रों ने बताया कि केंद्रीय जल शक्ति मंत्रालय ने रविवार को विदेश मंत्रालय के साथ यह जानकारी साझा की, जिसने इसे इस्लामाबाद भेज दिया।

पाकिस्तान में भी हो रही चर्चा

पाकिस्तान के समाचारपत्र ‘द न्यूज’ ने आधिकारिक सूत्रों के हवाले से बताया कि भारत ने संभावित बाढ़ के बारे में जानकारी साझा करने के लिए पाकिस्तान से संपर्क किया है। हालांकि भारत या पाकिस्तान की ओर से इस घटनाक्रम की कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है और आमतौर पर ऐसी जानकारी सिंधु जल आयुक्त के जरिए साझा की जाती है।

यह भी पढ़ें: Indus Water Treaty: पाकिस्तान की टेंशन बढ़ाने वाली खबर, इस प्रोजेक्ट पर फिर से काम करने की योजना पर आगे बढ़ा भारत

‘द न्यूज’ की खबर में सूत्रों के हवाले से खबर में दावा किया गया है कि भारत ने जम्मू में तवी नदी में संभावित भीषण बाढ़ के बारे में पाकिस्तान को आगाह किया है। इस्लामाबाद स्थित भारतीय उच्चायोग ने रविवार को यह चेतावनी दी। खबर में सूत्रों के हवाले से बताया गया है कि मई में पाकिस्तान-भारत के बीच हुए सैन्य संघर्ष के बाद यह अपनी तरह का पहला बड़ा संपर्क है। इसमें कहा गया है कि पाकिस्तानी अधिकारियों ने भारत द्वारा उपलब्ध कराई गई जानकारी के आधार पर चेतावनी जारी की है। (इनपुट – भाषा)

यह भी पढ़ें: ‘सिंधु जल समझौता अन्यायपूर्ण और एकतरफा, हमें मंजूर नहीं…, पीएम मोदी ने पाकिस्तान को चेताया