लद्दाख की गलवान घाटी में भारतीय सैनिकों और चीनी सैनिकों के बीच बीती 15 जून को हुई हिंसक झड़प में 20 जवान शहीद हो गए थे और बड़ी संख्या में जवान घायल हुए थे। अब एक घायल जवान के हवाले से उसके पिता ने बताया है कि ‘झड़प वाली रात 300-400 भारतीय सैनिकों को अचानक 2000-2500 चीनी सैनिकों ने घेर लिया था।

जवान के पिता ने बताया कि चीनी सैनिकों के पास रॉड, डंडे और पत्थर थे, जबकि भारतीय सैनिक निहत्थे थे।’ बता दें कि यह जानकारी घायल सैनिक सुरेंद्र सिंह के पिता बलवंत सिंह ने दी है। सुरेंद्र ने लेह स्थित अस्पताल से इलाज के दौरान अपने पिता को फोन कर यह जानकारी दी थी।

बता दें कि 15 जून की रात लद्दाख की गलवान घाटी में भारतीय सैनिकों और चीनी सैनिकों के बीच हिंसक झड़प हुई थी। इस झड़प में भारत के 20 जवान शहीद हो गए थे। इसी झड़प में राजस्थान के अलवर के रहने वाले जवान सुरेंद्र सिंह भी शामिल रहे। सुरेंद्र सिंह इस झड़प में घायल हुए और फिलहाल लेह स्थित अस्पताल में उनका इलाज चल रहा है।

तक एप के साथ बातचीत में सुरेंद्र सिंह के पिता बलवंत सिंह ने बताया कि कल 11-12 बजे की बात है अचानक मेरे पास फोन (सुरेंद्र सिंह) आया। मैंने हालचाल पूछा तो बताया कि ठीक हूं और अस्पताल में भर्ती हूं..लेह के आसपास।

बलवंत सिंह ने फिर घायल सैनिक के हवाले से बताया कि वहां हम 300-400 आदमी थे, वो 2000-2500 थे…उन्होंने अचानक रॉड, डंडे, पत्थर से हमला कर दिया, जबकि हमारे पास कुछ नहीं था। घायल सैनिक के सिर में चोट लगी है और 10-12 टांके आए हैं।

वहीं घायल सैनिक की पत्नी ने बताया कि ये लोग निहत्थे थे और वह पूरी तैयारी से आए थे। पत्नी ने बताया कि इसके बावजूद उन्होंने 2-3 चीनी सैनिकों को घायल कर दिया था।

बता दें कि गलवान घाटी में हुई हिंसक झड़प में जिस तरह से भारतीय जवानों को शहीद किया गया, उससे देश में चीन के खिलाफ काफी गुस्सा है। इस घटना के बाद भारत ने भी आक्रामक रुख अपनाते हुए सीमा पर अपने सैनिकों की तैनाती बढ़ा दी है और तीनों सेनाओं को हाई अलर्ट पर रखा है।