भारत और चीन के बीच लद्दाख स्थित एलएसी पर पिछले चार महीनों से तनाव जारी है। इस बीच चीन का दोहरा रवैया एक बार फिर उजागर हो गया है। जहां एक तरफ चीन लगातार अपने सैनिकों को पीछे हटाने की बात कहने के साथ भारत से भी परस्पर पीछे हटने की मांग कर रहा है। वहीं, दूसरी तरफ चीनी सेना लगातार एलएसी पर खुद को मजबूत करती जा रही है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, चीन ने 29-30 अगस्त को भारत द्वारा रेजांग ला की पहाड़ियों पर चढ़ाई करने के बाद से अब तक सैनिकों की तीन बटालियन एलएसी पर तैनात कर ली हैं। चीन ने एक बटालियन रेकिन ला पर रखी है, जबकि दो बटालियन स्पांगुर लेकर पर रखी हैं। यह सभी 63 कंबाइंड आर्म्स ब्रिगेड का हिस्सा हैं, जो शिकवान में मौजूद हैं।

जून मध्य में गलवान में हुई झड़प के बाद से दोनों देशों के बीच विवाद गहरा गया है। पिछले दो महीने में चीनी सेना ने सिर्फ पूर्वी लद्दाख के हिस्से पर ही घुसपैठ की कोशिश नहीं की, बल्कि अरुणाचल प्रदेश, सिक्किम और उत्तराखंड से लगी सीमाओं से भी भारत में दाखिल होने की कोशिश की। कुछ इंटेलिजेंस रिपोर्ट्स में इस बात का खुलासा भी किया गया है।

इससे पहले लद्दाख में भारत और चीन के सैनिकों के बीच ताजा टकराव के बाद बीजिंग ने पारस्परिक चर्चा के माध्यम से आने वाली भीषण ठंड के चलते सैनिकों की जल्द से जल्द वापसी की मंगलवार को उम्मीद जताई थी। चीनी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता झाओ लिजान ने भारत और चीन द्वारा एक-दूसरे पर सोमवार को पूर्वी लद्दाख में पैंगोंग झील के पास हवा में गोलियां चलाने का आरोप लगाए जाने के कुछ घंटे बाद सैनिकों की वापसी की यह उम्मीद जताई।

 

Live Blog

17:27 (IST)09 Sep 2020
आसियान वार्ता में अमेरिका-चीन की दुश्मनी के बीच सागर विवाद पर चर्चा

दक्षिणपूर्वी एशिया के शीर्ष राजनयिक वीडियो कॉन्फ्रेंस के जरिए बुधवार को अपनी वार्षिक वार्ता कर रहे हैं जिसमें कोरोना वायरस वैश्विक महामारी के कारण आए अत्यधिक संकट और अमेरिका तथा बीजिंग के बीच बढ़ती दुश्मनी के बीच दक्षिण चीन सागर में बढ़ते तनाव पर चर्चा की जाएगी।

17:00 (IST)09 Sep 2020
चीन, रूस, भारत जैसे बड़े प्रदूषकों को मिलेगी पूरी आजादीः ट्रंप

अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने कहा है कि देश के राष्ट्रपति पद के चुनाव में उनके प्रतिद्वंद्वी एवं डेमोक्रेटिक पार्टी के उम्मीदवार जो बाइडेन की पर्यावरण नीतियां अमेरिका के मध्यम वर्ग को ‘‘तबाह’’ कर देंगी और चीन, रूस एवं भारत समेत दुनिया के सबसे बड़े प्रदूषकों को प्रदूषण फैलाने की ‘‘पूरी आजादी’’ दे देंगी। ट्रम्प ने फ्लोरिडा के जुपिटर में ‘‘प्रकृति संरक्षण एवं पर्यावरण सुरक्षा का रिकॉर्ड’’ विषय पर लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि उनका प्रशासन प्रतिदिन यह साबित कर रहा है कि अमेरिका अधिक वेतन वाली लाखों नौकरियां पैदा करने के साथ ही अपने पर्यावरण में भी सुधार कर सकता है।

16:30 (IST)09 Sep 2020
चीनी विदेश मंत्रालय ने जारी किया बयान

एलएसी पर भारतीय सैनिकों पर फायरिंग का आरोप लगाने के बाद चीनी विदेश मंत्रालय ने भी इसे लेकर बयान जारी किया है। अपने बयान में चीनी विदेश मंत्रालय ने कहा है कि 7 सितंबर को भारतीय जवानों ने अवैध रूप से पैंगोंग सो झील के दक्षिणी तट से एलएसी पार की और सीमा पर गश्त कर रहे हमारे सैनिकों पर अंधाधुंध फायरिंग की।

15:20 (IST)09 Sep 2020
जासूसी के लिए भारतीय सीमा में याक भेज रहा चीन?

भारत-चीन के बीच सीमा पर तनाव का माहौल है। इस बीच ऐसी आशंका जताई जा रही है कि चीन Yak के जरिए भारतीय सीमा में जासूसी कराने की कोशिश कर रहा है। दरअसल 31 अगस्त को अरुणाचल प्रदेश में चीन की सीमा के पास से Yak का झुंड गुजरा। चीन की तरफ से आया जानवरों का यह झुंड सीमा पार कर भारतीय सीमा में आ गया। हाल के दिनों में लद्दाख में पैंगॉन्ग झील से सटी सीमा के पास जिस तरह से चीन ने हरकत की है उससे यह आशंका गहराने लगी है कि क्या यह जानवर सिर्फ गलती से भारतीय सीमा में प्रवेश कर गए थे ? या फिर इनके जरिए चीन जासूसी कर रहा है। पढ़ें पूरी खबर...

14:48 (IST)09 Sep 2020
बॉर्डर हालात पर बोले विदेश मंत्री- दोनों देशों को गहरी बातचीत करने की जरूरत

भारत और चीन के बीच चार महीनों से जारी तनाव को कम करने के लिए अब तक कई मौकों पर सैन्य स्तर के साथ राजनयिक स्तर पर भी बातचीत हो चुकी है। हालांकि, इसके बावजूद चीनी सेना अपनी हरकतों से बाज नहीं आ रही है। इस बीच विदेश मंत्री एस जयशंकर ने एक बार फिर इस स्थिति पर चिंता जताते हुए कहा कि दोनों देशों को तनाव खत्म करने के लिए बहुत-बहुत गहरी बातचीत करने की जरूरत है। वह भी राजनीतिक स्तर पर।

14:21 (IST)09 Sep 2020
चीन से तनाव के बीच भारतीय नौसेना पूरी कर रही अपनी तैयारी

भारत और चीन में लद्दाख में जारी तनाव के बीच भारतीय नौसेना भी अपनी ताकत बढ़ा रही है। नौसेना 10 सितंबर यानी गुरुवार को गोवा में होने जा रही ड्रिल में दो शक्तिशाली हथियारों का परीक्षण करने वाली है। ये हथियार इतने शक्तिशाली हैं कि नौसेना की ओर से इनके परीक्षण के दौरान समुद्री इलाके में मछुआरों और नौकाओं को दूर रहने की चेतावनी जारी की गई है। दरअसल, भारतीय नौसेना गोवा के समुद्री क्षेत्र में 105 मिमी लाइट फील्ड गन और 40/40 एंटीएयरक्राफ्ट गन का परीक्षण करेगी। इन हथियारों की फायरिंग ड्रिल सुबह 9 बजे से दोपहर 1 बजे तक होनी है। इसके साथ ही जो डेंजर जोन बनाया गया है। वो मोरमुगाओ हेडलैंड फ्लैग स्टाफ की मौजूदा स्थिति से 220 से 260 डिग्री की दूरी पर है। वहीं समुद्र में यह 15 समुद्री मील की दूरी तक और 7100 मीटर की ऊंचाई तक स्थित है।

13:47 (IST)09 Sep 2020
मुकपरी हाइट्स में कब्जे से चीनी गतिविधियों की मिलेगी पूरी जानकारी

भारत ने रेजांग ला के उत्तर-पश्चिम में मुकपरी हाइट्स पर चढ़ाई कर एक अहम लोकेशन पर कब्जा कर लिया है। चीन इस बात से काफी नाराज है, क्योंकि भारत इस पहाड़ी से चीन की हर गतिविधि पर नजर रख सकता है। साथ ही मोल्डो स्थित गैरिसन भी यहां से सैनिकों की जद में है इसके अलावा सेना यहां से स्पांगुर गैप पर भी नजर रख सकती है। यह वही जगह है जहां से चीन ने 1962 में भारत में घुसपैठ की थी और चुसुल की तरफ पहुंच गई थी।

13:07 (IST)09 Sep 2020
ऊंचाई पर पहुंच चुकी भारतीय टुकड़ी की चीन को चेतावनी- करीब आए तो खतरनाक होंगे हालात

सैन्य सूत्रों के मुताबिक, भारतीय सेना की टुकड़ियां सोमवार को चीन के हमले से पहले ही मुकपरी की ऊंचाई पर पहुंच चुकी थीं। यहां से उन्होंने 30-40 सैनिकों को हाथ में भाले और स्टील रॉड लिए देखा। ये सैनिक एलएसी में अपनी तरफ से चोटी पर चढ़ने की कोशिश कर रहे थे। हालांकि, सेना ने सीधे चेतावनी दी कि अगर वे करीब आए तो अंजाम खतरनाक होंगे। उन्हें पीछे लौटने के लिए कह दिया गया। इसी दौरान जब चीनी सैनिक लौट रहे थे, तो एक सैनिक ने पलटकर फायरिंग कर दी।

12:36 (IST)09 Sep 2020
भारत-चीन के बीच हालात को 1962 जैसा बताने वाले जयशंकर चीनी विदेश मंत्री से करेंगे मुलाकात

भारत और चीन के बीच एलएसी पर उपजे तनाव को 1962 के बाद सबसे गंभीर बताने वाले विदेश मंत्री एस जयशंकर जल्द ही शंघाई कोऑपरेशन ऑर्गनाइजेशन (एससीओ) समिट में चीन के विदेश मंत्री वांग यी के साथ बैठक करेंगे। बताया गया है कि इसमें दोनों नेता भारत-चीन के बीच खराब होते रिश्तों पर चर्चा करेंगे। बता दें कि गलवान घाटी में भारतीय जवानों पर हुए हमले के बाद भी जयशंकर ने वांग को फोन कर कड़ी नाराजगी जताई थी।

11:58 (IST)09 Sep 2020
चीनी सैनिक हर दिन ऊंचाई पर चढ़कर कर रहे भारत को घेरने की कोशिश

भारतीय सेना के एक अफसर ने कहा है कि चीन 29-30 अगस्त के भारत की स्पेशल फ्रंटियर फोर्स के ऑपरेशन के बाद से हर दिन नई ऊंचाइयों पर कब्जा करने की कोशिश कर रहा है, ताकि भारत को घेरा जा सके। अफसर ने बताया कि चीन कई जगहों पर एक साथ यह कोशिश कर रहा है। बता दें कि एसएफएफ ने कुछ दिन पहले ही पैंगोंगे सो के पश्चिम में स्थित रेजांग ला की पहाड़ियों पर चढ़ाई की थी, जिससे चीन पूरी तरह बौखलाया हुआ है।

11:17 (IST)09 Sep 2020
कांग्रेस मानसून सत्र में उठाएगी चीन की घुसपैठ का मुद्दा

कांग्रेस ने फैसला किया है कि वह संसद के मानसून सत्र में भारत-चीन के बीच लद्दाख स्थित तनाव के मुद्दे पर सरकार से जवाब तलब करेगी। कांग्रेस के संसदीय समूह की बैठक में इस पर चर्चा भी हुई थी। जिसके बाद पार्टी की मौजूदा प्रमुख सोनिया गांधी ने यह मसला दोनों सदनों में उठाने की मंजूरी दे दी। बता दें कि भारत और चीन एलएसी पर पिछले चार महीनों से उलझे हैं। एक तरफ जहां चीन लगातार घुसपैठ की कोशिशों में जुटा है, वहीं भारत उसे पीछे हटने की चेतावनी दे रहा है।

10:43 (IST)09 Sep 2020
SCO समिट में हिस्सा लेने रूस पहुंचेंगे पाकिस्तान के विदेश मंत्री

पाकिस्तान के विदेश मंत्री शाह महमूद कुरैशी शंघाई कोऑपरेशन ऑर्गनाइजेशन (एससीओ समिट) में हिस्सा लेने के लिए मॉस्को जाएंगे। पाक के विदेश मंत्रालय ने यह जानकारी दी। गौरतलब है कि भारत के विदेश मंत्री एस जयशंकर पहले ही रूस के लिए रवाना हो चुके है। एससीओ में इस बार भारत-चीन के विदेश मंत्रियों की बैठक की संभावना है।

10:09 (IST)09 Sep 2020
भारत-चीन के ब्रिगेडियरों के बीच फोन पर हुई कहासुनी

भारत और चीन लद्दाख स्थित एलएसी पर तनाव कम करने के लिए सैन्य स्तर पर वार्ता कर रहे हैं। लेकिन आज हॉटलाइन पर चर्चा के दौरान दोनों देशों के ब्रिगेडियर के बीच कहासुनी हो गई। पूर्वी लद्दाख में सामान्य स्थिति बहाल करने के लिए आमने-सामने मिलने के बजाय हॉटलाइन पर भारतीय सेना और चीनी सेना के ब्रिगेडियर ने बातचीत की। इस दौरान दोनों तरफ से कहा सुनी देखने को मिली। फिलहाल, आमने-सामने बैठकर कायदे से बातचीत करने के बजाय हॉटलाइन पर दोनों देशों के बीच चर्चा इस बात का संकेत है कि संबंध बेपटरी हो रहे हैं।

09:37 (IST)09 Sep 2020
भारत-चीन के बीच चल रहे विवाद में नहीं पड़ेगा रूस

भारत और चीन के बीच चल रहे तनाव में रूस ने दखल देने से साफ इनकार कर दिया है। रूस ने स्पष्ट किया है कि जब तक दोनों देश उससे मध्यस्थता की भूमिका निभाने के लिए नहीं कहेंगे, तब तक वह इस मामले में नहीं पड़ेगा। हालांकि वह दोनों देशों को बातचीत के जरिए आपसी विवाद हल करने के लिए प्रेरित करता रहेगा। भारत में रूसी दूतावास के उप प्रमुख रोमन बबुश्किन ने कहा कि उनकी सरकार बातचीत के जरिये पूर्वी लद्दाख में तनाव कम होते देखना चाहती है।

09:06 (IST)09 Sep 2020
अगस्त में सिक्किम में हो चुका है दोनों सेनाओं के बीच टकराव

दोनों सेनाओं के बीच अगस्त की शुरुआत में सिक्किम के जेलेप ला इलाके में भी टकराव हुआ था। इसमें पीएलए ने ऊंची चोटी पर पहुंचकर भारतीय सेना की तरफ बड़ी चट्टानें लुढ़काई थीं। वरिष्ठ अधिकारियों के दखल के बाद तनाव कुछ कम हुआ था। हालांकि, जॉइंट मीटिंग के दौरान चीन ने जेलेप ला इलाके पर अपना दावा कर दिया। एक सुरक्षा अधिकारी ने बताया कि चीन का यह नया दावा परेशान करने वाला है, क्योंकि सिक्किम के पास का इलाका विवादित नहीं रहा।

08:36 (IST)09 Sep 2020
जुलाई में भारतीय सीमा में 40 किमी अंदर घुस आई थी चीनी सेना

भारत और चीन के बीच गलवान घाटी में हुई मुठभेड़ के बाद तनाव बढ़ा है। इस बीच चीन ने भारतीय सीमा में घुसपैठ की कोशिशें भी तेज कर दी हैं। जुलाई में एक मौके पर भारतीय सीमा पर चीनी सेना 40 किमी तक अंदर घुस आई थी। हालांकि, आमना-सामना होने के बाद उसे वापस लौटना पड़ा था। अधिकारियों का मानना है कि चीन अपनी इस कूटनीति के जरिए भारतीय सेना को अलग-अलग फ्रंट पर व्यस्त रखना चाहता है, ताकि उसे अचानक से किसी एक जगह पर घुसपैठ का फायदा मिल सके। हालांकि, अब भी पूर्वी लद्दाख में दोनों देशों के बीच तनाव सबसे ज्यादा है।

08:01 (IST)09 Sep 2020
चीनी मीडिया में चल रहे NSA डोभाल के फर्जी बयान, विदेश मंत्रालय ने किया साफ

भारत और चीन के बीच एलएसी पर 45 साल में पहली बार गोलीबारी की घटना के बाद चीनी मीडिया में भारत के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल के फर्जी बयान चलाए जा रहे हैं। भारतीय विदेश मंत्रालय ने स्टेटमेंट जारी कर यह साफ किया। इसके अलावा भारत की ओर से एलएसी पार करने के चीनी सेना के दावों को भी सिरे से खारिज कर दिया।

07:30 (IST)09 Sep 2020
रेजांग ला पर सेनाओं के टकराव के बावजूद दोनों देशों की बातचीत जारी

भारत और चीन पूर्वी लद्दाख पर रेजांग ला की चोटियों पर आमने-सामने हैं। जहां भारत पूरी मुस्तैदी से चीन के ठिकानों पर नजर रख रहा है, वहीं चीन अलग-अलग जगहों से लगातार घुसपैठ की कोशिश में जुटा है। इस बीच बताया गया है कि दोनों देशों की सेनाएं टकराव की इस स्थिति के बावजूद बातचीत के जरिए तनाव कम करने में जुटी हैं। बता दें कि इससे पहले भी दोनों देशों के बीच कमांडर स्तर की सैन्य वार्ता हो चुकी है।

06:23 (IST)09 Sep 2020
पीएलए की नजर सामरिक महत्व की चोटियों पर कब्जा जमाने की है: सूत्र

रक्षा सूत्रों के मुताबिक पीएलए की नजर पिछले तीन-चार दिनों से रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण चोटियों पर कब्जा करने पर है। चीन के सैनिकों ने सोमवार शाम लोहे की एक बाड़ को क्षतिग्रस्त कर दिया, जिसे भारतीय सैनिकों ने क्षेत्र में लगाया था। मोल्डो क्षेत्र स्थित प्रमुख चीनी संरचनाओं के सामने पैंगोंग झील क्षेत्र के दक्षिणी तट के आसपास रणनीतिक चोटियों पर भारत की स्थिति मजबूत बनी हुई है।

05:24 (IST)09 Sep 2020
भारतीय जवानों की दृढ़ता से लौटे चीनी सैनिक

वास्तविक नियंत्रण रेखा (एलएसी) पर तनाव बढ़ने के बीच सूत्रों ने कहा कि चीन की पीपुल्स लिबरेशन आर्मी (पीएलए) के लगभग 50-60 सैनिक शाम छह बजे के आसपास पैंगोंग झील क्षेत्र के दक्षिणी तट स्थित भारतीय चौकी की ओर बढ़े लेकिन वहां तैनात भारतीय सेना के जवानों ने दृढ़ता से उनका सामना किया, जिससे उन्हें पीछे हटने के लिए मजबूर होना पड़ा।

04:20 (IST)09 Sep 2020
चीनी सैनिकों ने आक्रामक तरीके से भारतीय चौकी की ओर बढ़ने का प्रयास किया: सरकारी सूत्र

पूर्वी लद्दाख में रेजांग-ला रिजलाइन के मुखपारी क्षेत्र स्थित एक भारतीय चौकी की ओर सोमवार शाम में आक्रामक तरीके से बढ़ने का प्रयास करने वाले चीनी सैनिकों ने छड़, भाले, रॉड आदि हथियार ले रखे थे। यह बात सरकारी सूत्रों ने मंगलवार को कही।

02:55 (IST)09 Sep 2020
चीन ने सैनिकों की जल्द से जल्द वापसी की उम्मीद जताई

पूर्वी लद्दाख में भारत और चीन के सैनिकों के बीच ताजा टकराव के बाद बींिजग ने पारस्परिक चर्चा के माध्यम से आसन्न भीषण ठंड के चलते सैनिकों की जल्द से जल्द वापसी की मंगलवार को उम्मीद जताई। चीनी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता झाओ लिजान ने भारत और चीन द्वारा एक-दूसरे पर सोमवार को पूर्वी लद्दाख में पैंगोंग झील के पास हवा में गोलियां चलाने का आरोप लगाए जाने के कुछ घंटे बाद सैनिकों की वापसी की यह उम्मीद जताई।

01:50 (IST)09 Sep 2020
चीन में विदेशी विद्यार्थियों को देश में प्रवेश की अनुमति नहीं

पूर्वी लद्दाख में एलएसी पर तनाव के बीच चीन ने कोविड-19 महामारी के चलते अपने घरों पर फंसे सैकड़ों भारतीय विद्यार्थियों को उनके संबंधित कॉलेजों के साथ संपर्क में रहने और ऑनलाइन पाठ्यक्रमों के जरिए अपनी अकादमिक प्रगति की सुरक्षा के लिए निर्देशों का पालन करने को कहा है क्योंकि विदेशी विद्यार्थियों को देश में प्रवेश की अनुमति अब भी नहीं है। पिछले साल के डेटा के मुताबिक करीब 23,000 भारतीय विद्यार्थी चीन के विश्वविद्यालयों और कॉलेजों में अलग-अलग पाठ्यक्रमों में पढ़ते हैं जिनमें से 21,000 से अधिक एमबीबीएस की पढ़ाई कर रहे हैं।

23:01 (IST)08 Sep 2020
अंतरराष्ट्रीय समुदाय को गुमराह कर रहा पीएलएः भारतीय सेना

सेना ने पीएलए के ‘वेस्टर्न थियेटर कमांड’ के बयान को उनके अपने लोगों और अंतरराष्ट्रीय समुदाय को गुमराह करने का प्रयास करार दिया। सेना ने कहा, “भारतीय सेना शांति एवं सौहार्द बरकरार रखने के लिए प्रतिबद्ध है, लेकिन वह हर हाल में राष्ट्रीय संप्रभुता एवं अखंडता की रक्षा के लिए भी दृढ़ संकल्प है।” इसने कहा, “भारत एलएसी से पीछे हटने और तनावपूर्ण स्थिति को कम करने के लिए प्रतिबद्ध है लेकिन चीन स्थिति को तनावपूर्ण बनाने के लिए उकसावे वाली हरकतें कर रहा है।”

22:51 (IST)08 Sep 2020
एससीओ बैठक में शामिल होने के लिये रूस पहुंचे जयशंकर

विदेश मंत्री एस जयशंकर शंघाई सहयोग संगठन (एससीओ) के विदेश मंत्रियों की बैठक में शामिल होने के लिये रूस के चार दिनों के दौरे पर मंगलवार को यहां पहुंच गये। उनका यह दौरा रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के रूस की राजधानी की यात्रा करने के महज कुछ ही दिनों बाद हो रहा है। राजनाथ, आठ सदस्यीय एससीओ के रक्षा मंत्रियों की बैठक में शामिल होने के लिये यहां आये थे। एससीओ के सदस्य देशों में, भारत और चीन भी शामिल हैं।

22:27 (IST)08 Sep 2020
चीन ने अपने यहां मौजूद भारतीय छात्रों से कहा- अपने कॉलेजों से संपर्क में रहें

पूर्वी लद्दाख में एलएसी पर तनाव के बीच चीन ने कोविड-19 महामारी के चलते अपने घरों पर फंसे सैकड़ों भारतीय विद्यार्थियों को उनके संबंधित कॉलेजों के साथ संपर्क में रहने और ऑनलाइन पाठ्यक्रमों के जरिए अपनी अकादमिक प्रगति की सुरक्षा के लिए निर्देशों का पालन करने को कहा है क्योंकि विदेशी विद्यार्थियों को देश में प्रवेश की अनुमति अब भी नहीं है। पिछले साल के डेटा के मुताबिक करीब 23,000 भारतीय विद्यार्थी चीन के विश्वविद्यालयों और कॉलेजों में अलग-अलग पाठ्यक्रमों में पढ़ते हैं जिनमें से 21,000 से अधिक एमबीबीएस की पढ़ाई कर रहे हैं।

21:58 (IST)08 Sep 2020
छड़, भाले, रॉड आदि हथियार के साथ बढ़ रहे थे चीनी सैनिक

पूर्वी लद्दाख में रेजांग-ला रिजलाइन के मुखपारी क्षेत्र स्थित एक भारतीय चौकी की ओर सोमवार शाम में आक्रामक तरीके से बढ़ने का प्रयास करने वाले चीनी सैनिकों ने छड़, भाले, रॉड आदि हथियार ले रखे थे। यह बात सरकारी सूत्रों ने मंगलवार को कही। वास्तविक नियंत्रण रेखा (एलएसी) पर तनाव बढ़ने के बीच सूत्रों ने कहा कि चीन की पीपुल्स लिबरेशन आर्मी (पीएलए) के लगभग 50-60 सैनिक शाम छह बजे के आसपास पैंगोंग झील क्षेत्र के दक्षिणी तट स्थित भारतीय चौकी की ओर बढ़े लेकिन वहां तैनात भारतीय सेना के जवानों ने दृढ़ता से उनका सामना किया, जिससे उन्हें पीछे हटने के लिए मजबूर होना पड़ा।

21:28 (IST)08 Sep 2020
भारत का दक्षिणी तट पर कई सामरिक चोटियों पर है नियंत्रण

भारत ने चीनी कार्रवाई को विफल करने के लिए पैंगोंग झील के दक्षिणी तट पर कई सामरिक चोटियों पर अपना नियंत्रण किया हुआ है और क्षेत्र में फिंगर 2 और फिंगर 3 इलाके में अपनी मौजूदगी बढ़ा दी है। चीन ने भारत के इस कदम पर कड़ी आपत्ति जताई है। हालांकि, भारत का कहना है कि ये चोटियां एलएसी में उसकी तरफ पड़ती हैं।

20:59 (IST)08 Sep 2020
राजनाथ सिंह ने की थी चीनी रक्षा मंत्री से मुलाकात

भारत और चीन का एक-दूसरे पर आरोप लगाना ऐसे समय में हो रहा है जब महज चार दिन पहले रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और उनके समकक्ष जनरल वेई फेंगही ने सीमा पर तनाव कम करने के तरीकों पर मॉस्को में चर्चा की थी। उन्होंने पिछले शुक्रवार को शंघाई सहयोग संगठन (एससीओ) बैठक से इतर शुक्रवार को मुलाकात की थी।

20:21 (IST)08 Sep 2020
विदेश मंत्रालय ने डोभाल के बयान से जुड़ी खबरों को बताया गलत

विदेश मंत्रालय ने कुछ टिप्पणयों को राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार (एनएसए) अजित डोभाल से जोड़कर बताने वाली चीनी मीडिया की खबरों को गलत करार दिया है। मंत्रालय ने एक विज्ञप्ति में कहा, “हमने चाइना डेली और ग्लोबल टाइम्स समेत चीनी मीडिया में आ रही खबरें देखी हैं जिसने कुछ टिप्पणियों को एनएसए अजित डोभाल का बताया है। ये खबरें पूरी तरह गलत हैं और तथ्य आधारित नहीं हैं। हम मीडिया से अपील करते हैं कि वे ऐसी अटकलबाजी वाली रिपोर्टिंग से बाज आएं।”

19:52 (IST)08 Sep 2020
चीन ने 29 -30 अगस्त की रात भारतीय सीमा पर किया था कब्जा करने का प्रयास

सीमा पर स्थिति दोबारा बिगड़ गई थी जब चीन ने 29 और 30 अगस्त की दरम्यानी रात को पैंगोंग झील के दक्षिणी किनारे पर स्थित भारतीय सीमा पर कब्जा करने का असफल प्रयास किया था। भारत ने एलएसी पार करने की चीन की कोशिशों के बाद संवेदनशील क्षेत्र में अतिरिक्त सैनिकों एवं हथियारों की तैनाती की है।

19:04 (IST)08 Sep 2020
मानसून सत्र: कांग्रेस उठाएगी चीन से गतिरोध का मुद्दा

कांग्रेस ने 14 सितंबर से शुरू हो रहे संसद के मानसून सत्र से पहले मंगलवार को फैसला किया कि सीमा पर चीन के साथ गतिरोध, कोरोना वायरस संकट और जीडीपी विकास दर में गिरावट समेत कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर सरकार को घेरा जाएगा। पार्टी सूत्रों के मुताबिक, कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी की अध्यक्षता में हुई रणनीतिक समूह की डिजिटल बैठक में यह निर्णय भी लिया गया कि पार्टी सरकार की ओर से संसद की मंजूरी के लिए लाए जा रहे कुछ अध्यादेशों का विरोध करेगी।

18:01 (IST)08 Sep 2020
सरकार को यह बताना चाहिए कि चीन ने हमारे क्षेत्र में घुसपैठ कैसे कीः कांग्रेस

कांग्रेस ने चीनी घुसपैठ को लेकर केंद्र सरकार पर फिर निशाना साधा है। कांग्रेस नेता अधीर रंजन चौधरी ने कहा कि संपूर्ण देश चीन को करारा जवाब देने में सरकार का समर्थन करेगा। लेकिन, सरकार को यह बताना चाहिए कि चीन ने हमारे क्षेत्र में घुसपैठ कैसे कीष

17:35 (IST)08 Sep 2020
ग्लोबल टाइम्स टाइम्स की भारत को गीदड़भभकी-तुमने सीमा लांघ दी है

चीनी सरकार के प्रभुत्व वाले अखबार ग्लोबल टाइम्स ने भारत को चेताते हुए लिखा है कि हम भारत को चेतावनी देते हैं कि  तुम्हारे अग्रिम चौकियों पर तैनात सिपाहियों ने सीमा लांघ दी है। तुम्हारे राष्ट्रवादियों ने सीमा लांघ दी है। तुम्हारी चीन के प्रति जो नीति रही है, उसने सीमा लांघ दी है। तुम अतिआत्मविश्वास में हो और चीन की सेना को उकसा रहे हो, यह ऐसा है, जैसे एक धारदार सिरे पर हाथों के बल खड़े होना। अखबार में ये भी लिखा गया है कि चीन भारत के साथ युद्ध नहीं चाहता है लेकिन अगर भारत की तरफ से चीन की भलाई को गलत समझा गया और पीएलए को उकसाया गया तो इसके दुष्परिणाम होंगे। चीन फिर युद्ध रोकने के लिए नहीं रुकेगा।

16:58 (IST)08 Sep 2020
चीनी सैनिकों ने पूर्वी लद्दाख में भारतीय ठिकाने के करीब आने की कोशिश की : सेना

भारतीय सेना ने चीन की जनमुक्ति सेना (पीएलए) द्वारा उसपर वास्तविक नियंत्रण रेखा (एलएसी) पार करने के लगाए गए आरोपों को मंगलवार को सिरे से खारिज करते हुए कहा कि चीनी सैनिकों ने सोमवार को हवा में गोलियां चलाईं और पूर्वी लद्दाख में भारतीय ठिकाने के करीब आने की कोशिश की। सेना की ये टिप्पणियां तब आई हैं जब पीएलए ने सोमवार देर रात को आरोप लगाया था कि भारतीय सैनिकों ने एलएसी पार की और पूर्वी लद्दाख में पैंगोंग झील के पास चेतावनी देने के लिए गोलियां चलाईं।

16:19 (IST)08 Sep 2020
भारतीय सेना ने गोलीबारी के संबंध में चीन के आरोपों से किया इनकार

भारतीय सेना ने चीन के आरोपों को नकार दिया है और अपनी सफाई में एक आधिकारिक बयान जारी किया है। भारतीय सेना ने कहा कि एलएसी पर भारत की तरफ से कोई गोली नहीं चलायी गई है, बल्कि चीन की तरफ से ही उकसावे वाली कार्रवाई की गई है। सेना ने कहा है कि चीन के सैनिकों हमारी एक अग्रिम चौकी के नजदीक आ गए थे। इसी दौरान पीएलए के सैनिकों ने हवाई फायरिंग की थी।

15:24 (IST)08 Sep 2020
भारत चीन के बीच रेजांग ला में खुला नया मोर्चा, तनाव चरम पर

भारत और चीन के बीच पैंगोंग झील के फिंगर 4 इलाके में भारतीय सैनिक आमने-सामने हैं। अब दोनों सेनाओं के बीच पैंगोंग झील के दक्षिण में स्थित रेजांग ला में नया मोर्चा खुल गया है। दोनों तरफ के सैनिक आमने-सामने आ गए हैं। दरअसल बीते दिनों भारत द्वारा यहां रणनीतिक रूप से अहम इलाके कब्जा लिए गए थे। जिसके बाद अब चीनी सैनिक भी वहां पहुंचकर तैनात हो गए हैं।

14:45 (IST)08 Sep 2020
चीन का आरोप- अवैध रूप से एलएसी पार कर भारतीय सैनिकों ने चलायी गोली

भारत चीन सीमा पर हालात काफी समय से तनावपूर्ण चल रहे हैं। इस बीच चीन ने भारतीय सेना पर उकसावे वाली कार्रवाई करने का आरोप लगाकर हालात को और गंभीर बना दिया है। चीन ने आरोप लगाया है कि भारतीय सैनिक गैरकानूनी तरीके से विवादित सीमा के पार आए और पेट्रोलिंग कर रहे जवान को चेतावनी देते हुए फायरिंग की।

14:34 (IST)08 Sep 2020
'भारत ने समझौतों का उल्लंघन किया है, यह भड़काने की कोशिश है'

चीनी विदेश मंत्रालय ने सीमा पर फायरिंग की घटना पर कहा है कि भारत ने समझौतों का उल्लंघन किया है और यह भड़काने की कोशिश है। हमने कूटनीतिक और सैन्य स्तर पर ऐसे कदम ना उठाने को कहा है। साथ ही जिन सैनिकों ने सीमा लांघी उन्हें अग्रिम चौकियों से हटाया जाए।

13:49 (IST)08 Sep 2020
पीएलए की पश्चिमी कमांड दुनिया को गुमराह कर रही है- भारतीय सेना

भारतीय सेना ने अपने बयान में कहा है कि उकसावे वाली कार्रवाई के बावजूद हमारे सैनिकों ने समझदारी और धैर्य से अपनी जिम्मेदारी निभायी। सेना ने कहा कि भारतीय सेना सीमा पर शांति के लिए कटिबद्ध है लेकिन किसी भी कीमत पर देश की अखंडता और संप्रभुता कायम रखी जाएगी। सेना ने ये भी कहा है कि चीनी सेना की पश्चिमी कमांड अपने देशवासियों और अंतरराष्ट्रीय बिरादरी को गुमराह करने की कोशिश कर रही है।