‘न्यूज 18 इंडिया’ के एक शो में समाजवादी पार्टी के प्रवक्ता सुनील यादव ने भारतीय जनता पार्टी पर आरोप लगाया कि यह सच है कि यह मंत्रिमंडल विस्तार देश की तरक्की के लिए कम और उत्तर प्रदेश के चुनाव के लिए ज्यादा लग रहा है। पलटवार करते हुए गौरव भाटिया ने कहा कि जब सपा की सरकार थी यूपी में तो साढ़े पांच मुख्यमंत्री हुआ करते थे।
समाजवादी पार्टी के प्रवक्ता ने कहा कि पहले तो मैं सभी मंत्रियों को बधाई देता हूं। लेकिन साथ ही मैं यह कहूंगा कि यह मंत्रिमंडल विस्तार देश की तरक्की के लिए कम और उत्तर प्रदेश के चुनाव के लिए ज्यादा लग रहा है। उन्होंने कहा कि सवाल यह नहीं है कि कौन मंत्री बना? अगर उत्तर प्रदेश को इतने मंत्री बने हैं तो उत्तर प्रदेश को मिला क्या है? उत्तर प्रदेश से प्रधानमंत्री जी आते हैं। लेकिन उत्तर प्रदेश का बेरोजगार तो अभी भी लाठी खा रहा है।
मंत्रिमंडल विस्तार देश की तरक्की के लिए कम और UP के चुनाव के लिए ज़्यादा लग रहा है: सुनील यादव(SP)#आर_पार #ModiCabinetExpansion #CabinetExpansion #PMModi #Oath @AMISHDEVGAN @sunilyadv_unnao pic.twitter.com/9c1dX2Mwb5
— News18 India (@News18India) July 7, 2021
जवाब देते हुए गौरव भाटिया ने कहा कि कमजोर नेता और मजबूत नेता क्या होता है इन्हें क्या पता है? इनके समय में जो मुख्यमंत्री था। उसे लोग कहते थे कि राज्य में साढ़े पांच मुख्यमंत्री हैं। लोग पूछते थे कि ये आधा कौन हैं तो कहा जाता था कि ये अखिलेश यादव है। गायत्री प्रजापती को मुख्यमंत्री ने हटाया और चार दिन बाद अखिलेश यादव ने ही उसे फिर से बना दिया।
बताते चलें कि बुधवार को प्रधानमंत्री मोदी ने अपनी मंत्रिपरिषद में व्यापक फेरबदल और विस्तार करते हुए 36 नए चेहरों को इसमें शामिल किया जबकि सात राज्य मंत्रियों को पदोन्नत कर कैबिनेट मंत्री बनाया।केंद्रीय मंत्रिमंडल से हर्षवर्धन, रमेश पोखरियाल निशंक, रविशंकर प्रसाद, प्रकाश जावड़ेकर, डी वी सदानंद गौड़ा, संतोष गंगवार जैसे नेताओं की छुट्टी कर दी गई।
मध्य प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की सरकार बनाने में मदद करने वाले ज्योतिरादित्य सिंधिया, शिव सेना से भाजपा में आए नारायण राणे और असम में अपने सहयोगी हिमंत बिस्व सरमा के लिए मुख्यमंत्री पद छोड़ने वाले सर्बानंद सोनोवाल को कैबिनेट मंत्री पद से नवाजा गया।