ओडिशा के राजस्व एवं आपदा प्रबंधन मंत्री सुरेश पुजारी ने रविवार को कहा कि चक्रवात ‘दाना’ और उसके बाद 14 जिलों में आई बाढ़ के कारण ओडिशा में कुल 35.95 लाख लोग प्रभावित हुए हैं। पुजारी ने बताया कि 8,10,896 लोगों को 6,210 चक्रवात राहत केंद्रों में पहुंचाया गया है। उन्होंने बताया कि सबसे अधिक प्रभावित जिलों में केंद्रपाड़ा, बालासोर और भद्रक शामिल हैं। मंत्री ने यहां संवाददाताओं से कहा कि चक्रवात के कारण किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।

मंत्री ने कहा, ‘‘रविवार सुबह 10:30 बजे तक, निकाले गए लोगों को 1,178 चक्रवात राहत केंद्रों में आश्रय दिया गया तथा उन्हें भोजन और अन्य आवश्यक वस्तुएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।’’

क्या जानकारी है?

राजस्व एवं आपदा प्रबंधन मंत्री सुरेश पुजारी ने कहा कि आपदा में अपने घर खो चुके लोगों को पॉलीथीन शीट दी जा रही है। चक्रवात दाना ने 14 जिलों के 108 ब्लॉकों के अंतर्गत 1,671 ग्राम पंचायतों के लोगों को प्रभावित किया है।

पुजारी ने बताया कि शुरुआती रिपोर्टों के अनुसार, चक्रवात और उसके बाद आई बाढ़ के कारण लगभग 5,840 घर क्षतिग्रस्त हो गए हैं, जिनमें कुछ ज़्यादा और कुछ कम प्रभावित हुए हैं। उन्होंने कहा, “जब भी कोई आपदा आती है, लोग अपना घर खो देते हैं और उन्हें मुआवज़ा मिलता है। इस बार हम समस्या का स्थायी समाधान लाना चाहते हैं और चरणबद्ध तरीके से लोगों को पक्के घर मुहैया कराना चाहते हैं।”

Cyclone Dana: चक्रवात दाना ने ओडिशा और बंगाल में मचाई तबाही, क्या बोले सीएम मोहन माझी?

ओडिशा सरकार राज्य के चक्रवात और बाढ़-ग्रस्त क्षेत्रों में स्थित कच्चे घरों का सर्वे करने की भी योजना बना रही है। पुजारी ने यह भी कहा कि चक्रवात के बाद फसलों को भारी नुकसान हुआ है, जो शुक्रवार की सुबह पूर्वी तट पर पहुंचा, जिससे मूसलाधार बारिश और तेज़ हवाएं चलीं। उफनती बुधबलंग नदी का जिक्र करते हुए, जिसने ज्यादातर बालासोर जिले को प्रभावित किया है, उन्होंने कहा कि नदी का जल स्तर स्थिर और खतरे के स्तर से नीचे बना हुआ है, लेकिन चेतावनी के संकेत से ऊपर है।