दिल्ली-एनसीआर समेत पूरे उत्तर भारत में भीषण गर्मी पड़ रही है। तटीय राज्यों में चक्रवाती तूफान बिपरजॉय के चलते मौसम में बड़े बदलाव होने की संभावना जताई जा रही है। मौसम विभाग का कहना है कि बिपरजॉय का असर दिल्ली और यूपी में देखने को नहीं मिलेगा। हालांकि दिल्ली में हल्की-फुल्की बारिश के आसार नजर आ रहे हैं। राष्ट्रीय राजधानी में गुरुवार (15 जून) को अधिकतम तापमान 39 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस रह सकता है। दूसरी तरफ दक्षिणी राज्यों केरल और आंध्र प्रदेश में मानसून के कारण अच्छी बारिश हो रही है।

आज गुजरात के जखाऊ तट से टकराएगा बिपरजॉय

चक्रवाती तूफान बिपरजॉय गुजरात के तटीय इलाकों की तरफ तेजी से बढ़ रहा है। मौसम विभाग के मुताबिक आज शाम को गुजरात के जखाऊ तट से बिपरजॉय टकराएगा। स्काईमेट वेदर की रिपोर्ट के मुताबिक एक चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र पूर्वी उत्तर प्रदेश और इससे जुड़े क्षेत्रों पर बना हुआ है। पूर्वी उत्तर प्रदेश पर बने चक्रवाती हवाओं के क्षेत्र से एक उत्तर-दक्षिण ट्रफ छत्तीसगढ़ होते हुए उत्तरी ओडिशा तक जा रही है।

दिल्ली एनसीआर में होगा असर?

बिपरजय का दिल्ली एनसीआर में असर होता दिखाई नहीं दे रहा है। यूपी में भीषण गर्मी पड़ रही है। दिल्ली में हल्की बूंदाबांदी के साथ तापमान में गिरावट आने की संभावना जताई गई है। स्काईमेट वेदर की रिपोर्ट के मुताबिक दिल्ली में हल्की-फुल्की बारिश के आसार नजर आ रहे हैं। आज और कल बहुत हल्की बारिश की संभावना है। वहीं राजस्थान में मौसम विभाग ने चक्रवाती तूफान बिपरजॉय की वजह से तेज बारिश की घोषणा की है। इसकी वजह से विभाग ने कई इलाकों के लिए रेड अलर्ट जारी किया है। केरल, अरुणाचल प्रदेश मेघालय, नागालैंड, मणिपुर,मिजोरम और त्रिपुरा में बारिश के आसार है।

यूपी के इन जिलों का भी बदलेगा मौसम

मौसम वैज्ञानिक ने बताया कि यूपी में कल मानसून दस्तक दे रहा है। जिसके चलते यूपी के प्रयागराज, कानपुर, वाराणसी, आगरा, उन्नाव, अलीगढ, आजमगढ़, गोरखपुर, लखनऊ और झांसी में बारिश हो सकती है। मौसम विभाग के अनुसार जिन जिलों में बारिश नहीं होगी वहां मौसम ठंडा रहेगा। इन जिलों में 40 के रफ़्तार से आंधी भी चल सकती है। यूपी में इन दिनों पारा 40 डिग्री के पार चला गया है। लोगो गर्मी से बहुत ज्यादा परेशान है। लोग यही जानना चाह रहे है कि मानसून कब आएगा। पिछले कुछ दिन में गर्मी काफी बढ़ गई है।