दिल्ली एनसीआर में मौसम सुहावना हो गया है। तापमान में कमी आने से आम लोगों को राहत मिली है। भारतीय मौसम विभाग के साइंटिस्ट आर के जेनामनी ने न्यूज एजेंसी ANI से बातचीत में कहा कि आज पूरे देश में हीटवेव खत्म हो गई है। आज से तापमान गिरेगा और बादल छाये रहेंगे।

उन्होंने आगे कहा कि हमने राजस्थान, पंजाब, दिल्ली, यूपी, हरियाणा और चंडीगढ़ में ओलावृष्टि, तूफान और बारिश के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। अगले 2-3 दिनों ततक पहाड़ी इलाकों में भारी बारिश होने की संभावना है। पूर्वी भारत में भी कई जगहों पर तूफान आने की संभावना है।

IMD द्वारा जारी की गई प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, 24 से 26 मई के बीच पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में ज्यादातर स्थानों पर गरज, बिजली और कभी-कभार तेज़ हवाओं के साथ हल्की/मध्यम बारिश होने की संभावना है। 24 से 26 मई के बीच उत्तर पश्चिम भारत के मैदानी इलाकों में कई स्थानों पर गरज, बिजली और कभी-कभार तेज़ हवाएं/तूफान के साथ बारिश होने की संभावना है।

राजस्‍थान: जयपुर सहित कई इलाकों में आंधी के साथ बारिश, तापमान गिरा

बुधवार को एक नए WD के असर के चलते जयपुर सहित कई जगहों पर दोपहर बाद ओलावृष्टि और बारिश हुई। इससे अधिकतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। मौसम विभाग के अनुसार, राज्‍य के कुछ हिस्सों में एक नया WD सक्रिय हो चुका है। अगले कुथ दिनों तक राजस्थान में तेज आंधी के साथ बारिश होने की संभावना है।

पंजाब-हरियाणा के कुछ हिस्सों में बारिश

पंजाब और हरियाणा के कुछ हिस्सों में बुधवार को तड़के बारिश हुई। बारिश से अधिकतम तापमान में मामूली गिरावट हुई है। IMD अनुसार, हिसार, करनाल, पंचकुला, कुरुक्षेत्र, चंडीगढ़, लुधियाना, पटियाला, बठिंडा, बरनाला, मोहाली, फिरोजपुर, गुरदासपुर, अंबाला और यमुनानगर समेत अन्य जगहों पर बारिश हुई है।

दिल्ली NCR में अधिकतम तापमान 30 जून तक सामान्य से नीचे रहने की उम्मीद

IMD के अनुसार, गुरुवार को NCR में अधिकतम तापमान घटकर 35 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। IMD ने NCR में 30 जून तक अधिकतम तापमान के सामान्य से नीचे रहने की संभावना जताई है। दिल्ली में मंगलवार को भीषण गर्मी और लू का प्रकोप देखने को मिला था, जब 22 मौसम केंद्रों में सात में अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस से ऊपर दर्ज किया गया था।