दीपावली के बाद अब सर्दियों के मौसम का इंतजार है लेकिन भारतीय मौसम विभाग की मानें तो नवंबर में भी मौसम गर्म रहने की पूरी संभावना है। शुक्रवार को IMD ने जानकारी दी कि भारत में इस साल अक्टूबर का महीना साल 1901 के बाद से सबसे अधिक गर्म रहा है और औसत तापमान सामान्य से 1.23 डिग्री सेल्सियस अधिक रिकार्ड किया गया। इसके साथ ही भारतीय मौसम विभाग ने आगामी सर्दियों को लेकर अनुमान जताते हुए कहा कि नवंबर में भी मौसम गर्म रहने की संभावना है।

IMD के महानिदेशक मृत्युंजय महापात्रा ने मीडिया से बातचीत में गर्म मौसम के लिए वेस्टर्न डिस्टर्बेंस की अनुपस्थिति और बंगाल की खाड़ी में सक्रिय लो प्रेशर सिस्टम की वजह से पूर्वा हवाओं को जिम्मेदार बताया। उन्होंने कहा कि अक्टूबर में औसत तापमान 26.92 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो 1901 के बाद से सबसे गर्म तापमान है, जबकि सामान्य तापमान 25.69 डिग्री सेल्सियस होता है। न्यूनतम तापमान भी पूरे देश के सामान्य तापमान 20.01 डिग्री सेल्सियस के मुकाबले 21.85 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

मृत्युंजय महापात्रा ने कहा, “नॉर्थ-वेस्ट भारत में, तापमान में गिरावट के लिए उत्तर-पश्चिमी हवाओं की आवश्यकता होती है। मानसूनी प्रवाह भी देखा गया है, जो तापमान में गिरावट नहीं होने देता।”

Lighting Strikes: भारी बारिश से बचने के लिए पेड़ के नीचे खड़े थे ग्रामीण, तभी गिरी बिजली और हो गया बड़ा हादसा

नवंबर को सर्दियों का महीना नहीं मानता IMD

उन्होंने कहा कि कम से कम अगले दो हफ्ते तक नॉर्थ-वेस्ट मैदानी इलाकों में तापमान सामान्य से 2-5 डिग्री ऊपर बना रहेगा, जिसके बाद इसमें धीरे-धीरे गिरावट आएगी। महापात्रा ने कहा कि मौसम कार्यालय नवंबर को सर्दियों के महीने के रूप में नहीं गिनता है। उन्होंने कहा कि जनवरी और फरवरी सर्दी के महीने माना जाते हैं, जबकि दिसंबर में ठंड के संकेत मिलते हैं।  मौसम कार्यालय ने कहा, “नॉर्थ वेस्ट इंडिया और सेंट्रल इंडिया के कुछ इलाकों को छोड़कर देश के अधिकांश हिस्सों में सामान्य से अधिक बारिश होने का अनुमान है।”