IMD Weather Forecast: उत्तर भारत में कंपकपा देने वाली ठंड का सितम जारी है। आज भी उत्तर भारत (North India) के कई हिस्सों में घना कोहरा छाया हुआ है, जिसका प्रभाव रेल यातायात पर साफ तौर पर दिखाई दे रहा है। कोहरे (Fog) की वजह से यूपी में कई जगहों पर सड़क हादसे की भी खबर है। मौसम विभाग के मुताबिक, आज पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली और उत्तर प्रदेश में सुबह के समय कोहरा छाया रहेगा। इन प्रदेशों में दो दिनों के बाद कोहरे से राहत मिलने की उम्मीद है।

यूपी में कैसा रहेगा मौसम?

मौसम विभाग के अनुसार, आज उत्तर प्रदेश में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। गुरुवार सुबह देश की राजधानी नई दिल्ली से सटे नोएडा, गाजियाबाद से लेकर पूर्वी यूपी के ज्यादातर जिलों में कोहरा छाया रहा।

दिल्ली में गिरेगा पारा

देश की राजधानी नई दिल्ली में आज न्यूनतम तापमान 6 डिग्री रहने का अनुमान है जबकि अधिकतम तापमान करीब 21 डिग्री रिकॉर्ड किया जा सकता है। आज भी राजधानी नई दिल्ली के कई हिस्सों में घना कोहरा छाया हुआ है। मौसम विभाग के अनुसार, राजधानी नई दिल्ली से सटे गुरुग्राम में इस हफ्ते के अंत में पारा 1से 2 डिग्री तक गिरने की संभावना है। गुरुग्राम में मौसम विभाग (IMD) ने अगले तीन दिनों तक घने कोहरा के लिए येलो अलर्ट जारी किया है।

मौसम विभाग ने गुरुग्राम के अलावा, हरियाणा के झज्जर, रोहतक, सोनीपत, पानीपत सिरसा, फतेहाबाद, हिसार, जींद, भिवानी, कर्नल, कैथल, कुरुक्षेत्र और अम्बाला में कोहरे को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है. आईएमडी के अनुसार, विजिबिलिटी 0 और 50 मीटर के बीच होने पर कोहरे को ‘बहुत घना’ माना जाता है। अगर यह 51 और 200 मीटर के बीच रहती है तो ‘घने कोहरे’ की स्थिति मानी जाती है। 201 – 500 मीटर के बीच विजिबिलिटी को ‘मॉडरेट’ स्थिति मानी जाती है।