दिल्ली, पंजाब तथा राजस्थान में पारा कई डिग्री सेल्सियस तक नीचे गिर गया। कश्मीर और हिमाचल प्रदेश के ऊंचे इलाकों में न्यूनतम तापमान बढ़ने से भीषण ठंड से कुछ राहत मिली। हालांकि, मौसम विभाग ने अगले तीन दिन में घाटी के कुछ हिस्सों में शीतलहर चलने का पूर्वानुमान जताया है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, दिल्ली का न्यूनतम तापमान गिरकर 4.9 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया जो सामान्य से 3.1 डिग्री कम है। मौसम विभाग ने सोमवार को दिल्ली में कोहरे का पूर्वानुमान लगाया है। न्यूनतम और अधिकतम तापमान 5 डिग्री सेल्सियस और 23 डिग्री सेल्सियस रहने की उम्मीद है।
मौसम विभाग के मुताबिक, पंजाब और हरियाणा में ठंड का प्रकोप जारी रहा और फरीदकोट क्षेत्र का सबसे ठंडा स्थान रहा जहां न्यूनतम तापमान एक डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। गुरदासपुर में न्यूनतम तापमान दो डिग्री सेल्सियस और अमृतसर में यह 3.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने बताया कि हरियाणा के हिसार में न्यूनतम तापमान 1.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जबकि गुरुग्राम में न्यूनतम तापमान 5.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हरियाणा और पंजाब की राजधानी चंडीगढ़ में न्यूनतम तापमान 4.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हिमाचल प्रदेश के ऊंचाई वाले इलाकों में तापमान में तीन से पांच डिग्री तक की बढ़ोत्तरी हुई, जबकि मौसम शुष्क रहने के कारण निचली पहाड़ियों में शीतलहर की स्थिति बनी रही।
पहाड़ों में हो रही बर्फबारी से देशभर में सर्दी का सितम जारी है। शीतलहर के कारण दिल्ली से लेकर राजस्थान तक जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो रहा है।
सर्दी के मौसम के साथ श्रीनगर की डल झील से मनोरम दृश्य देखने को मिले हैं। आईएमडी के अनुसार, अधिकतम तापमान 9°C और न्यूनतम तापमान -5°C है।
हिमाचल प्रदेश में अधिकतम तापमान में कोई खास बदलाव नहीं हुआ। दिन के दौरान सोलन 24.7 डिग्री सेल्सियस के साथ सबसे गर्म रहा, उसके बाद शिमला का तामपान 19 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से पांच डिग्री अधिक है। मौसम विभाग के अनुसार, न्यूनतम तापमान में बढ़ोतरी होने से कश्मीर में शीतलहर से थोड़ी राहत मिली है। हालांकि यह फ्रीजिंग पॉइंट से नीचे बना हुआ है।
