दिल्ली-एनसीआर में फरवरी की शुरुआत घने कोहरे के साथ हुई, लेकिन दिन में तापमान ज्यादा बना रहा। शनिवार को दिल्ली का अधिकतम तापमान 26.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो 2011 से अब तक एक फरवरी का सबसे अधिक तापमान रहा। न्यूनतम तापमान 10.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ, जबकि नमी का स्तर 100 से 51 प्रतिशत के बीच रहा। मौसम विभाग के मुताबिक, रविवार को भी धुंध और कोहरे की संभावना है, जबकि तापमान 23 डिग्री सेल्सियस अधिकतम और 12 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम रह सकता है।

ऊंचाई वाले इलाकों में ताजा हिमपात और मैदानी इलाकों में बारिश से कश्मीर घाटी में लंबे समय से जारी शुष्क मौसम का दौर खत्म हो गया। मौसम विभाग ने अगले चार दिनों में और अधिक वर्षा होने का पूर्वानुमान व्यक्त किया है। अधिकारियों ने बताया कि घाटी के बारामूला, बांदीपोरा, कुपवाड़ा और सोनमर्ग जिलों के ऊंचाई वाले इलाकों में हिमपात हुआ। उन्होंने कहा कि दक्षिणी कश्मीर के कई इलाकों में सुबह के वक्त हिमपात होने की सूचना मिली। श्रीनगर और आसपास के इलाकों में कल शाम से रुक-रुककर बारिश जारी है। मौसम विभाग ने कहा कि बारिश के कारण शुक्रवार को अधिकतम तापमान में कुछ गिरावट दर्ज की गई, जबकि न्यूनतम तापमान बीती रात शहर में हिमांक बिंदु से ऊपर पहुंच गया।

Live Updates
08:17 (IST) 1 Feb 2025
Mausam ki Jankari LIVE: पश्चिमी विक्षोभ न होने से बढ़ी गर्मी

मौसम विज्ञानियों ने जनवरी माह के सामान्य से अधिक गर्म होने का कारण मजबूत पश्चिमी विक्षोभ की अनुपस्थिति को बताया, जो आमतौर पर बारिश लाता है और तापमान को कम करता है।

07:54 (IST) 1 Feb 2025
Mausam ki Jankari LIVE: फरवरी में देश में सामान्य से अधिक तापमान रहेगा

जनवरी में गर्म और शुष्क मौसम के बाद फरवरी में भारत के अधिकांश हिस्सों में सामान्य से अधिक तापमान और सामान्य से कम बारिश होने की आशंका है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

07:45 (IST) 1 Feb 2025
Mausam ki Jankari LIVE: दिल्ली में औसत न्यूनतम तापमान 8.5 डिग्री सेल्सियस रहा

दिल्ली में जनवरी महीने का औसत न्यूनतम तापमान 8.5 डिग्री सेल्सियस रहा, जो एलपीए 7.5 डिग्री सेल्सियस से एक डिग्री अधिक है और 2017 के बाद से सबसे अधिक है। 2017 में यह 8.7 डिग्री सेल्सियस था।