When will rain start in Delhi: इस बार मानसून ने दक्षिण भारत में समय से पहले दस्तक दी है। केरल, कर्नाटक, तमिलनाडु और आंध्र प्रदेश जैसे राज्यों में पहले ही अच्छी बारिश हो चुकी है। इससे वहां की गर्मी थोड़ी कम हो गई है और लोगों ने राहत की सांस ली है। अब लोगों को इंतजार है कि मानसून उत्तर भारत की ओर कब रुख करेगा, खासकर दिल्ली में कब पहली बारिश होगी।
मौसम विभाग (IMD) का कहना है कि आने वाले 2-3 दिनों में मानसून दिल्ली समेत उत्तर भारत के कई इलाकों में दस्तक दे सकता है। इससे पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, हिमाचल प्रदेश, पूर्वी राजस्थान, जम्मू-कश्मीर और लद्दाख के लोगों को गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है। विभाग ने अनुमान जताया है कि 20 से 25 जून के बीच इन राज्यों में अच्छी बारिश हो सकती है।
हर साल जून के आखिर तक उत्तर भारत में मानसून पहुंचता है
मौसम विभाग के मुताबिक, हर साल जून के आखिर तक यानी करीब 30 जून तक मानसून इन राज्यों में पहुंचता है। लेकिन इस बार उम्मीद की जा रही है कि यह थोड़ा पहले ही पहुंच जाएगा। देश के अन्य हिस्सों में भी मानसून तेजी से आगे बढ़ रहा है। यानी इस बार मानसून का असर पूरे भारत में जल्दी देखने को मिल सकता है।
राजस्थान में समय से पहले दक्षिण-पश्चिम मानसून ने दी दस्तक, इन राज्यों में भी हो सकती है बारिश
इस बार की गर्मी को देखें तो जून के पहले हफ्ते में उत्तर भारत में पारा 45 डिग्री तक पहुंच गया था। आठ और नौ जून को तो उत्तर-पश्चिम और मध्य भारत के बड़े हिस्सों में लू चली, जिससे लोगों का बाहर निकलना मुश्किल हो गया था। लेकिन अब राहत की खबर ये है कि मौसम जल्द ही करवट लेने वाला है।
आईएमडी ने बताया है कि बंगाल की खाड़ी और गुजरात की ओर कम दबाव का क्षेत्र बना है, जिसकी वजह से मानसून 16 से 18 जून के बीच तेजी से आगे बढ़ा है। यही कारण है कि अब दिल्ली और आसपास के इलाकों में भी अगले कुछ दिनों में बादल जमकर बरस सकते हैं। ऐसे में दिल्लीवालों को अब बस थोड़ा और इंतजार करना है। इसके बाद मानसूनी बारिश शुरू हो जाएगी। गर्मी से तो राहत मिलेगी, साथ ही मौसम भी सुहावना हो जाएगा। (इनपुट-भाषा)
जनसत्ता सरोकार: इस बार जल्दी आया मानसून तो IMD बोला – ‘बेहद शुभ संकेत’, जानिए क्या है इसका मतलब