प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दूसरे कार्यकाल का पहला कैबिनेट विस्तार बुधवार को किया गया। भारतीय जनता पार्टी (BJP) के राज्यसभा सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया को नागरिक उड्डयन मंत्रालय का कार्यभार दिया गया है। मोदी मंत्रिमंडल में शामिल होते ही सिंधिया को हर तरफ से बधाई मिलने लगी। इस दौरान उनसे मिलने पहुंची मध्य प्रदेश की पूर्व मंत्री इमरती देवी भावुक हो गई।
गुरुवार को इमरती देवी मंत्रालय स्थित सिंधिया के दफ्तर पहुंचीं और उनसे मुलाकात कर केंद्रीय मंत्री बनने की बधाई दी। सिंधिया से मिलने पहुंची इमरती भावुक हो गई। इमरती की आंखों से आंसू देख सिंधिया भी खुद को रोक नहीं पाई और भावुक हो उन्हें गले लगा लिया। करीब 20 मिनट तक चली इस मुलाकात में ढेर सारी बातें हुई। इसके बाद सिंधिया ने यह भी बताया कि वह शुक्रवार रात तक ग्वालियर पहुंच सकते हैं।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक इमरती देवी ने सिंधिया से मिलकर कहा “मंत्री बनने की बधाई हो महाराज साहब।” इसपर सिंधिया ने मुस्कुरा कर अभिवादन स्वीकार किया। इसके बाद इमरती देवी भावुक हो उठीं और उनकी आंखे आंसू से भर आईं। यह आंसू खुशी के थे, लेकिन यह देखकर केंद्रीय मंत्री सिंधिया से भी रहा नहीं गया और वह भी भावुक हो उठे और इमरती देवी को गले लगा लिया।
कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल होने वाले सिंधिया अपने साथ 22 विधायक लेकर आए थे। जिसके चलते एमपी की कमलनाथ सरकार गिर गई थी। सिंधिया के साथ आने वाले 22 विधायकों में एक नाम इमरती देवी का भी था। सिंधिया के लिए इस्तीफा या मंत्री पद दांव पर लगाने वालों में इमरती सबसे आगे थीं।
बता दें सिंधिया के शपथ लेने के कुछ घंटे बाद ही उनके फेसबुक अकाउंट को हैकरों ने हैक कर लिया जिसे बाद में रिकवर कर लिया गया। हैकरों ने भाजपा नेता का अकाउंट हैक कर पुराना वीडियो और कुछ फोटो अपलोड कर दिये। जिसमें वे पीएम और भाजपा पर निशाना साधते हुए कांग्रेस की तारीफ कर रहे हैं।
हालांकि रिपोर्ट्स के मुताबिक सिंधिया की टीम के लोगों ने उसे तुरंत ही रिकवर कर लिया था। बताया जा रहा है कि घटना रात के करीब एक बजे की है। शेयर किए गए वीडियो में सिंधिया कांग्रेस की तारीफ कर रहे थे। इन फोटो व वीडीयो के पोस्ट होते ही हडकंप मच गया। सिंधिया के लोगों को जब इसकी जानकारी लगी तो वीडियो को रात में ही हटा दिया गया।