देश के शीर्ष शिक्षण संस्थानों में शुमार  इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट लखनऊ  में भव्य रामलीला का आयोजन किया जाएगा। खबरों के मुताबिक इंस्टीट्यूट  के बच्चे ही भव्य रामलीला में अलग-अलग किरदार निभाते नजर आएंगे। खबरों के मुताबिक इंस्टीट्यूट  के वार्षिकोत्सव ‘वर्चस्व’ में आधुनिक रामलीला का आयोजन किया जाएगा। इस कार्यक्रम का स्पॉन्सर योगी सरकार कर रही है।

आईआईएम के मुतबिक यह इंस्टीट्यूट का 33वां फेस्ट है। जानकारी के मुताबिक 15 से 17 नवंबर के बीचआईआईएम के एनुअल फेस्ट ‘मैनफेस्ट- वर्चस्व’ का आयोजन किया जा रहा है। इस कार्यक्रम में  आईआईएम सहित देश के कई नामी प्रबंधन कॉलेज हिस्सा लेते हैं। संस्थान के अधिकारी के मुताबिक रामायण का प्रदर्शन करने वाली टॉप थ्री टीमों को पुरस्कृत किया जाएगा। इस कार्यक्रम की ज्यूरी फैकल्टी के लोग ही होंगे।

ऑनलाइन क्विज का भी आयोजन: जानकारी के मुताबिक इस कार्यक्रम में भगवान  और रामायण से  जुड़ी ऑनलाइन क्विज का भी आयोजन किया जाएगा। आईआईएम की फेस्ट कमेटी की ओर से यूपी के संस्कृति विभाग को प्रस्ताव दिया गय था कि युवाओं को सांस्कृतिक मूल्यों से जोड़ने के लिए वह इस बार मैनफेस्ट में रामायण पर आधारित इवेंट करना चाहते हैं। विभाग द्वारा इस प्रस्ताव को मंजूर कर लिया गया और  स्पॉन्सरशिप की सहमति भी दे दी गई।

गौरतलब है कि इस साल सितंबर के महीने में उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्रियों को आईआईएम में प्रशिक्षण दिया गया था। इस दौरान सीएम योगी आदित्यनाथ  सुशासन, प्रबंधन, नेतृत्व कौशल का पाठ पढ़ने के लिए आईआईएम लखनऊ पहुंचे थे। यूपी सरकार के सभी मंत्रियों को लीडरशिप डेवेलपमेंट का पाठ पढ़ाया गया। हाल ही में योगी सरकार ने अयोध्या में सबसे ज्यादा दीए जलाने का रिकॉर्ड भी बनाया। योगी सरकार ने देव दीपावली के मौके पर 5.51 लाख दिए अयोध्या में सरयू तट पर जलाए थे।