Pahalgam Terror Attack: जम्मू-कश्मीर के पहलगाम आतंकी हमले में कोलकाता के रहने वाले बितान अधिकारी ने अपनी जान गवां दी थी। अब गृह मंत्रालय ने उनकी पत्नी सोहिनी रॉय को भारत की नागरिकता दे दी है। अपने पति की मृत्यु के बाद बितान अधिकारी के परिवार के सदस्यों के एक वर्ग ने सोहिनी की नेशनेलिटी को लेकर सवाल खड़े किए थे।

केंद्रीय राज्य मंत्री सुकांत मजूमदार ने नागरिकता अधिनियम 1955 के तहत सोहेनी रॉय के सर्टिफिकेट ऑफ रजिस्ट्रेशन को सोशल मीडिया पर शेयर किया। इस डॉक्यूमेंट में बताया गया है कि सोहिनी का जन्म नारायणगंज बांग्लादेश में हुआ था और वह जनवरी 1997 में देश में आई थीं। मजूमदार ने कहा कि सोहिनी ने काफी समय पहले बितान अधिकारी से शादी के बाद भारतीय नागरिकता के लिए आवेदन किया था। भारतीय जनता पार्टी के नेता सुकांत मजूमदार ने कहा, ‘भारत सरकार ने नागरिकता के इस आवेदन को स्वीकार कर लिया है। मैं केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का शुक्रगुजार हूं। पहलगाम में बितन बाबू की बेरहमी से हत्या कर दी गई थी। केंद्र सरकार ने नागरिकता देकर सोहिनी को जीवन की नई राह दी है।

संबित पात्रा बोले- 100 साल तक ‘ऑपरेशन सिंदूर’ याद रहेगा

बितान अधिकारी की कर दी गई थी हत्या

बता दें कि फ्लोरिडा, यूएसए में काम करने वाले आईटी कर्मचारी बितान अधिकारी की 22 अप्रैल को पहलगाम में उनकी पत्नी के सामने हत्या कर दी गई थी। बितन अधिकारी के परिवार के सदस्य उनके बुजुर्ग माता-पिता सहित कोलकाता के पटुली में रहते हैं। पश्चिम बंगाल सरकार ने परिवार के लिए मुआवजे की घोषणा की है और मृतक के माता-पिता और पत्नी के बीच मुआवजे की राशि बांट दी जाएगी। सत्तारूढ़ पार्टी और विपक्ष दोनों के कई राजनेताओं ने त्रासदी के बाद अधिकारी परिवार से मुलाकात की और समर्थन का भरोसा दिया है।

भारत ने चलाया था ऑपरेशन सिंदूर

जम्मू के पहलगाम में हुए आतंकी हमले को लेकर पूरे देश में रोष फैल गया था। इस हमले में 26 टूरिस्ट मारे गए थे। इसमें तीन बंगाल के भी थे। भारत की सेना ने ऑपरेशन सिंदूर चलाकर पाकिस्तान के 9 आतंकी ठिकानों को तबाह कर दिया था। पाकिस्तान की तरफ से भी कई ड्रोन दागे गए। हालांकि, भारत ने पाकिस्तान के सभी हमलों को विफल कर दिया और मुंहतोड़ जवाब दिया। कश्मीर में सन्नाटे के बीच मिनी हिल स्टेशन पर सैलानियों का सैलाब