नई दिल्ली। मौसम विभाग ने आज बताया कि चक्रवात ‘हुदहुद’ ओडिशा और आंध्रप्रदेश के तट की ओर बढ़ रहा है तथा अगले 12 घंटे में यह भीषण चक्रवाती तूफान का रूप ले लेगा।
भारतीय मौसम विभाग के आज के बुलेटिन में कहा गया है कि आज सुबह 8 बज कर 30 मिनट के आसपास चक्रवात गोपालपुर से 780 किमी दक्षिण-दक्षिण पूर्व की ओर तथा विशाखापट्नम से 770 किमी दक्षिण पूर्व में था।
कल पूर्वाह्न 11 बज कर 30 मिनट पर यह चक्रवात गोपालपुर से 1100 किमी दक्षिण पूर्व में और विशाखापटनम से 1150 किमी पूर्व-दक्षिण पूर्व में था।
बुलेटिन में कहा गया है ‘‘चक्रवात लगातार पश्चिम-उत्तर पश्चिम की ओर बढ़ेगा, अगले 12 घंटे में यह भीषण चक्रवाती तूफान का रूप ले लेगा और उसके बाद 24 घंटे के दौरान यह प्रचंड हो जाएगा। 12 अक्तूबर को दोपहर के पहले तक यह चक्रवात उत्तरी आंध्रप्रदेश के तटीय हिस्से को पार कर जाएगा।’’
बहरहाल, अंडमान निकोबार द्वीपसमूह के उच्च्पर इस चक्रवात की वजह से ‘‘किसी प्रतिकूल मौसम का पूर्वानुमान न होने’’ के कारण इस द्वीपसमूह के लिए ‘‘डी…वार्निंग’’ जारी की गई है।
मौसम विभाग ने उत्तरी आंध्रप्रदेश के तटीय हिस्से और दक्षिणी ओडिशा के लिए तेज बारिश होने की चेतावनी जारी की है।