हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा समेत देश के विभिन्न हिस्सों में भारी बारिश जारी है। सोमवार (10 जुलाई) को दिल्ली में लगातार बारिश के रहते सीएम अरविंद केजरीवाल ने सभी मंत्रियों, अधिकारियों और मेयर के साथ बैठक बुलाई।

दिल्ली अग्निशमन सेवा के अतुल गर्ग के अनुसार मुताबिक राजधानी में घर गिरने की कुल 13 घटनाएं सामने आईं हैं। 

इस बीच IMD ने अगले 48 घंटों के लिए हिमाचल प्रदेश के कई जिलों में रेड अलर्ट और तीन जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।  राज्य में अचानक बाढ़, भूस्खलन (Landslides) के लिए भी अलर्ट जारी किया गया है। 

यमुना बाजार इलाके में पानी भर जाने के बाद दिल्ली एलजी वीके सक्सेना ने कहा कि जलभराव एक सालाना रस्म बन गया है। सीवेज की सफाई नहीं की जाती है, नाली के पानी का ठीक नहीं किया जाता है। इन सभी चीजों के कारण जो वर्षों से नहीं किए गए हैं, जलजमाव होता है .यमुना की सफाई नियमित तौर पर की जानी चाहिए। मैं यह सुनिश्चित करने की कोशिश करूंगा कि इस सब पर ध्यान दिया जाए ताकि लोगों को इसका सामना न करना पड़े।

जानिए 10 बड़ी अपडेट्स 

  1. उत्तराखंड में भी भारी बारिश के बाद प्रशासन सख्त हो गया है। देहरादून में  लगातार हो रही बारिश से यमुना नदी का जलस्तर बढ़ गया है। लोगों से नदी-तालाबों से दूर रहने की अपील की गई है। प्रदेश भर में जारी भारी बारिश के बीच सीएम पुष्कर सिंह धामी ने देहरादून स्थित आपदा नियंत्रण कक्ष का औचक निरीक्षण कर प्रदेश भर की मौजूदा स्थिति का जायजा लिया।
  2. राजधानी दिल्ली में हुई भारी बारिश के बाद यमुना डेंजर लेवल को क्रॉस कर चुकी है। पुराने यमुना पुल पर रेल यातायात निलंबित कर दिया गया है। उत्तर रेलवे ने जानकारी दी है कि पुराने यमुना पुल पर रेल यातायात आज सुबह 06.00 बजे से अस्थायी रूप से बंद रहेगा।
  3. हिमाचल प्रदेश में अगले 24 घंटों के लिए सोलन, शिमला, सिरमौर, कुल्लू, मंडी, किन्नौर और लाहौल में बहुत भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी किया गया है। साथ ही ऊना, हमीरपुर, कांगड़ा और चंबा में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।  वरिष्ठ आईएमडी वैज्ञानिक संदीप कुमार शर्मा के मुताबिक अगले 24 घंटों के लिए मंडी, किन्नौर और लाहौल-स्पीति के लिए बाढ़ की चेतावनी जारी की गई है।
  4. बाढ़ नियंत्रण विभाग द्वारा साझा किए गए आंकड़ों के मुताबिक यमुना नदी का जल स्तर जो सोमवार को खतरे के निशान 205.33 मीटर को पार कर गया था, मंगलवार सुबह 6 बजे 206.24 मिमी दर्ज किया गया, राष्ट्रीय राजधानी में ऑरेंज अलर्ट जारी हो गया है।
  5. हरियाणा में भारी बारिश से करनाल के कई गांवों में जलभराव हो गया। सोमवार सुबह पंजाब के मोहाली जिले में एक इमारत के कुछ हिस्से ढह गए। आ लंगेना नाले के उफान पर आने से पंजाब के फरीदकोट जिले में 30 घर पानी में डूब गए।
  6. मौसम विभाग के मुताबिक उत्तर प्रदेश में अगले 72 घंटों तक भारी बारिश का अलर्ट लागू रहेगा। 11 जुलाई को सीतापुर, लखीमपुर, शाहजहाँपुर, बरेली, पीलीभीत, बाराबंकी, बहराईच, श्रावस्ती, गोंडा, बलरामपुर, महराजगंज और सिद्धार्थनगर में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। 12 जुलाई को कानपुर, कन्नौज, हरदोई, फर्रुखाबाद, कासगंज और एटा में भारी बारिश का अलर्ट है।
  7. मौसम विभाग ने सोमवार को राजस्थान के अलवर, बांसवाड़ा, बारां, भरतपुर, दौसा, धौलपुर, डूंगरपुर, करौली, सवाई माधोपुर, सिरोही और उदयपुर में तथा बारां, बूंदी, डूंगरपुर, झालावाड़, कोटा, प्रतापगढ़ में भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है।
  8. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के मुख्यमंत्रियों से ज़्यादा बारिश के रहते स्थिति के बारे में बात की है और उन्हें केंद्र सरकार से हरसंभव मदद और समर्थन का आश्वासन दिया है।
  9. पंजाब के मुख्य सचिव अनुराग वर्मा ने लगातार भारी बारिश के कारण राज्य में स्थिति का जायजा लेने और राहत कार्यों में तेजी लाने के लिए सोमवार को एक उच्च स्तरीय बैठक की अध्यक्षता की।
  10. पंजाब और हरियाणा के कुछ हिस्सों में सोमवार को भी बारिश जारी रही, जिससे कई जगहों पर बाढ़ आ गई। बचाव और निकासी प्रयासों में दोनों राज्यों की सहायता के लिए सेना की पश्चिमी कमान की बाढ़ राहत टुकड़ियों को तैनात किया गया है।