बिपरजॉय चक्रवात ने गुजरात में काफी नुकसान पहुंचाया है। इससे प्रभावित इलाकों में कई लोग घायल हुए हैं। अच्छी खबर यह है कि किसी तरह की बड़ी घटना सामने नहीं आई है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह स्थिति का जायजा लेने के लिए शनिवार को गुजरात के भुज पहुंचे हैं। गृह मंत्री ने प्रेस कांफ्रेस कर कहा कि सभी के सहयोग से हमने इस आपदा से लड़ने में जीत हासिल कर ली है।
उन्होने कहा कि जिन 3,400 गांवों में बिजली आपूर्ति काटी गई थी, उनमें से 1,600 गांवों में बिजली बहाल कर दी गई है. चक्रवात के कारण लगभग 1.08 लाख नागरिकों को सुरक्षित स्थानों पर ले जाया गया। लगभग 73,000 पशुओं को सुरक्षित स्थानों पर ले जाया गया है। लगभग 47 लोग घायल हो गए, लेकिन उनमें से कोई भी गंभीर रूप से घायल नहीं हुआ है। चक्रवात के दौरान लगभग 234 जानवरों की मौत हो गई। पीएम मोदी ने चक्रवात के लैंडफॉल से पहले सभी इंतजाम करने का आदेश दिया था. तैयारियों को लेकर पीएम ने खुद की राज्य सरकार और एजेंसियों से चर्चा की थी।
मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल के साथ वह चक्रवात प्रभावित क्षेत्रों का हवाई सर्वेक्षण कर रहे हैं। वह एक समीक्षा बैठक भी करने वाले हैं। गृहमंत्री उन लोगों से भी मिले हैं जिन्हें चक्रवात के प्रभाव के रहते राहत शिविरों में शिफ्ट किया गया है।
फिलहाल राज्य में क्या हालात हैं और चक्रवात से जुड़ी हुई ताज़ा अपडेट्स क्या हैं, 5 पॉइंट्स में जानिए।
- कच्छ और सौराष्ट्र में तबाही मचाने के बाद शुक्रवार (16 जून) को चक्रवात बिपारजॉय कमजोर पड़ गया है और दक्षिण राजस्थान की ओर बढ़ चुका है। ऐसे में गुजरात सरकार के सामने करीब 1,000 गांवों में बिजली बहाल करने और सड़कों पर गिरे पेड़ों को हटाने की चुनौती है।
- गुजरात के मुख्यमंत्री ने ट्वीट कर कहा कि हम बिना किसी के एक बड़े नुकसान के बड़ी आपदा से लड़ने में सक्षम हैं। NDRF, SDRF और अन्य एजेंसियों ने चक्रवात से होने वाले किसी भी नुकसान लड़ने के लिए काफी मेहनत की है। यह पीएम मोदी और गृहमंत्री अमित शाह के मार्गदर्शन के रहते संभव हो पाया है।
- चक्रवात की वजह से गुजरात के मांडवी में भारी बारिश जारी है। चक्रवात बिपारजॉय के प्रभाव से शुक्रवार को राजस्थान के कुछ इलाकों में भारी बारिश हुई। भारी बारिश के कारण उत्तर पश्चिम रेलवे जोन में रेल यातायात प्रभावित हुआ और 14 ट्रेनें रद्द कर दी गईं।
- गृहमंत्री अमित शाह शनिवार (17 जून) को मांडवी जाएंगे और चक्रवात से प्रभावित लोगों से मिलेंगे और फिर भुज में स्वामी नारायण मंदिर जाएंगे और प्रभावित लोगों के लिए दी जा रही खाद्य सामग्री और अन्य सुविधाओं की समीक्षा करेंगे।
- गुजरात सरकार चक्रवात बिपरजॉय से प्रभावित लोगों को नकद रकम देने का ऐलान किया है। वयस्कों को रोजाना 100 रुपये और नाबालिगों को 60 रुपये के हिसाब से नकद राशि दी जाएगी. एक आधिकारिक बयान में कहा गया है कि जिन लोगों को सुरक्षित जगहों पर पहुंचाया गया है, वे अधिकतम पांच दिनों के लिए नकद सहायता के पात्र होंगे।