महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव में वर्ली विधानसभा क्षेत्र शिवसेना नेता आदित्य ठाकरे की जीत के बाद पूरे शहर में उनका पोस्टर लगाकर स्वागत किया जा रहा है। कई जगह उनको भावी मुख्यमंत्री बताया जा रहा है तो कई जगह शिवसेना का अगला नेतृत्वकर्ता की तरह उनको दिखाया जा रहा है। गौरतलब है कि आदित्य ठाकरे वर्ली विधानसभा क्षेत्र से 67,427 वोटों के अंतर से जीत हासिल की है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को मिले उपहारों की प्रदर्शनी सह ई-नीलामी का शुक्रवार (25 अक्टूबर) को समापन हो गया जिसमें महात्मा गांधी के साथ बनाए गए मोदी के चित्र पर सबसे अधिक 25 लाख रुपये की बोली लगी। सरकार की ओर से जारी बयान में यह जानकारी दी गई।

हरियाणा विधानसभा चुनाव के नतीजे घोषित होने के एक दिन बाद ही सरकार गठन की कवायद तेज हो गई और राज्य के शीर्ष नेताओं ने दिल्ली का रुख कर लिया है। हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर और उनके करीबी प्रतिद्वंद्वी एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेता भूपेन्द्र सिंह हुड्डा पार्टी के शीर्ष नेतृत्व के साथ सरकार गठन की रणनीतियों पर चर्चा करने के लिए दिल्ली पहुंचे। पार्टियों से जुड़े सूत्रों ने बताया कि दोनों ही दल निर्दलीय विधायकों को लुभाने की कोशिश में जुटे हैं, जिनमें से कुछ पहले ही दिल्ली में मौजूद हैं।

भाजपा-शिवसेना गठबंधन ने राज्य विधानसभा चुनावों के दौरान उन चार जिलों में बेहतर प्रदर्शन किया, जिन्हें मोदी सरकार के ‘आकांक्षी जिला’ कार्यक्रम में शामिल किया गया था। इस कार्यक्रम का उद्देश्य इन जिलों का तेजी से और कारगर तरीके से विकास करना है। सामाजिक-आर्थिक विकास के लिए केंद्र के कार्यक्रम के तहत चुने गए राज्य के चार जिले गढ़चिरौली, उस्मानाबाद, वाशिम और नंदुरबार हैं। इन जिलों में 14 विधानसभा क्षेत्र हैं। भाजपा-शिवसेना गठबंधन ने 2014 चुनाव में यहां आठ सीटें जीती थीं और इस बार यह आंकड़ा बढ़कर 10 हो गया है।

Live Blog

Highlights

    05:31 (IST)26 Oct 2019
    सीएम केजरीवाल ने 104 बसों को दिखाई झंडी

    दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने सीसीटीवी कैमरे, पैनिक बटन और अलग-अलग सुविधाओं के लिए हाइड्रोलिक लिफ्टों और अन्य सुविधाओं से लैस 104 नई बसों को कल हरी झंडी दिखाई।

    05:29 (IST)26 Oct 2019
    बीरेंद्र सिंह यादव को रिपब्लिक ऑफ इराक में भारत का राजदूत नियुक्त किया गया

    विदेश मंत्रालय ने बीरेंद्र सिंह यादव को रिपब्लिक ऑफ इराक में भारत का राजदूत नियुक्त किया है। विदेश मंत्रालय के एक प्रवक्ता ने यह जानकारी मीडिया को दी। बीरेंद्र सिंह यादव भारतीय विदेश सेवा के वरिष्ठ अधिकारी हैं।

    05:27 (IST)26 Oct 2019
    आरसीईपी पर पीएम से मिलें सीएम : सिद्दारमैया

    कांग्रेस नेता और पूर्व मुख्यमंत्री सिद्दारमैया ने कहा है कि कर्नाटक के वर्तमान सीएम को क्षेत्रीय व्यापक आर्थिक भागीदारी (आरसीईपी ) के निहितार्थ पर विस्तार से चर्चा करने के लिए एक सर्वदलीय बैठक बुलानी चाहिए। उन्हें एक प्रतिनिधिमंडल के साथ भारत सरकार के पास जाना चाहिए और इसे प्रधानमंत्री के संज्ञान में लाना चाहिए।

    16:38 (IST)25 Oct 2019
    पश्चिम बंगाल में हुई भारी बारिश

    पश्चिम बंगाल में कई स्थानों पर गुरुवार (24 अक्टूबर)  सुबह से लेकर शुक्रवार (25 अक्टूबर) तक भारी वर्षा हुई तथा मौसम विभाग ने दक्षिण ओडिशा एवं बंगाल की खाड़ी के पश्चिम मध्य में निम्न दबाव का क्षेत्र बनने के कारण और बारिश होने का अनुमान व्यक्त किया है। वैसे मौसमविज्ञानी ने शनिवार को आसमान साफ रहने की भी संभावना व्यक्त की जिससे इस सप्ताहांत को मनायी जाने वाली काली पूजा और दिवाली के मौके अच्छा मौसम रहने की आस जगी है। मौसम विभाग का पश्चिम बंगाल में गंगा के मैदान में पूर्व और पश्चिमी मिदनापुर, दक्षिण 24 परगना जिलों में भारी बारिश होने का अनुमान है।

    15:08 (IST)25 Oct 2019
    हरियाणा में नवनिर्वाचित विधायकों में 93 प्रतिशत करोड़पति: एडीआर रिपोर्ट

    चुनाव निगरानी संस्था ‘एसोसिएशन फॉर डेमोक्रेटिक रिफॉर्म्स’ (एडीआर) के एक विश्लेषण में कहा गया है कि हरियाणा के नवनिर्वाचित 90 विधायकों में से 84 विधायक करोड़पति हैं। एडीआर रिपोर्ट के अनुसार, निवर्तमान विधानसभा में 90 में से 75 विधायकों की संपत्ति एक करोड़ रुपए से अधिक थी। इसका अर्थ है करोड़पति विधायकों की संख्या में 10 फीसदी का इजाफा हुआ है। इसके अनुसार हरियाणा में प्रति मौजूदा विधायकों की संपत्ति का औसत 18.29 करोड़ रुपए है जबकि 2014 में यह 12.97 करोड़ रुपए था। एडीआर के विश्लेषण के अनुसार भाजपा के 40 में से 37 विधायक और कांग्रेस के 31 में से 29 विधायक करोड़पति हैं।

    14:16 (IST)25 Oct 2019
    चीन-भारत शिखर वार्ताः मोदी ने ‘उत्कृष्ट प्रबंधों’ के लिए तमिलनाडु सरकार की सराहना की

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने चेन्नई के निकट हाल में हुई दूसरी चीन-भारत औपचारिक शिखर वार्ता के वास्ते की गई ‘उत्कृष्ट व्यवस्था’ के लिए तमिलनाडु सरकार एवं राज्य के मुख्यमंत्री के पलानीस्वामी की सराहना की। यहां शुक्रवार (25 अक्टूबर) को जारी एक आधिकारिक विज्ञप्ति में कहा गया कि भारत में चीन के राजदूत सुन वीदोंग ने भी पलानीस्वामी को पत्र लिखकर चीनी राष्ट्रपति शी चिनफिंग की भारत की यात्रा के दौरान किए गए प्रबंधों के लिए उन्हें धन्यवाद दिया।

    13:51 (IST)25 Oct 2019
     विधायकों और तिहाड़ में बंद पिता से मिलेंगे दुष्यंत चौटाला 

    हरियाणा विधानसभा चुनाव में खंडित जनादेश आने के बाद एक किंगमेकर के तौर पर उभरे जननायक जनता पार्टी (जेजेपी) के नेता दुष्यंत चौटाला शुक्रवार (25 अक्टूबर) को अपने 10 विधायकों से मुलाकात कर पार्टी के अगले कदम पर फैसला लेंगे। इससे पहले, शुक्रवार को ही जेजेपी के विधायकों ने चौटाला को सदन में सर्वसम्मति से अपना नेता चुना। हरियाणा विधानसभा चुनाव में खंडित जनादेश आया है जहां कुल 90 सीटों में से 31 पर कांग्रेस ने जीत दर्ज की है और 40 सीट भाजपा की झोली में आईं हैं। सरकार बनाने के लिए 46 विधायकों की जरूरत है।

    12:38 (IST)25 Oct 2019
    कल्पना चावला के पिता: वह केवल मेरी नहीं, पूरे भारत और अमेरिका की बेटी थी

    भारतीय अमेरिकी अंतरिक्ष यात्री कल्पना चावला के 86 वर्षीय पिता बनारसी लाल चावला ने कहा कि अंतरिक्ष में जाने वाली पहली भारतीय महिला कल्पना केवल उनकी बेटी नहीं थी, बल्कि वह पूरे भारत और अमेरिका की बेटी थीं। बनारसी लाल चावला ने अपनी बेटी को याद करते हुए कहा, ‘करनाल से लेकर कैलिफोर्निया तक लोग (कल्पना) उन्हें प्यार करते थे और उनके निधन के बाद ही मुझे पता चला कि उन्होंने कितने लोगों के दिलों में जगह बनाई और कितनों को प्रेरित किया था। कल्पना केवल मेरी बेटी नहीं थी, वह पूरे भारत और अमेरिका की बेटी थी।’

    12:06 (IST)25 Oct 2019
    हत्यारे को अदालत ने सुनाई मौत की सजा

    एक स्थानीय अदालत ने दक्षिण कन्नड़ जिले के बंटवाल में 2005 में एक आंगनवाड़ी कार्यकर्ता की हत्या करने के जुर्म में एक व्यक्ति को मौत की सजा सुनाई है। छठे अतिरिक्त जिला और सत्र न्यायाधीश सईदुन्निसा ने गुरुवार (24 अक्टूबर) को बेंगलुरु के केम्पेगौड़ा बस स्टेशन पर 22 अक्टूबर 2005 को एक महिला के साथ बलात्कार करने और उसकी हत्या करने के जुर्म में 'साइनाइड' मोहन को मौत की सजा सुनाई।

    11:30 (IST)25 Oct 2019
    बॉलीवुड में लेखकों को सम्मान नहीं मिलता: भास्कर हजारिका

    राष्ट्रीय पुरस्कार से सम्मानित निर्देशक भास्कर हजारिका मानते हैं कि बॉलीवुड में लेखकों को वह सम्मान नहीं मिलता जिसके वह हकदार हैं। उन्होंने कहा कि बॉलीवुड में उन्हें कदम रखे ज्यादा समय नहीं हुआ है लेकिन इस दौरान उन्होंने कभी न भूलने वाला जो सबक सीखा है वह यह है कि देश के सबसे बड़े फिल्म उद्योग में लेखकों के लिए सम्मान नहीं है। 2015 में हॉरर फिल्म ‘कोथानोदी’ के लिए राष्ट्रीय पुरस्कार से सम्मानित भास्कर हजारिका ‘आमिस’ की वजह से चर्चा में हैं। इसके अलावा उन्होंने अब्बास मस्तान की थ्रिलर ‘प्लेयर्स’ भी लिखी है। उन्होंने कहा कभी वह बॉलीवुड में अपनी पहचान बनाने के लिए जूझ रहे थे लेकिन उन्होंने महसूस किया कि मूल और साहसी विचारों को अहमियत नहीं दी जाती।

    10:14 (IST)25 Oct 2019
    हरियाणा चुनाव: वरिष्ठ नेताओं से मिलने खट्टर दिल्ली रवाना

    हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहरलाल खट्टर पार्टी के वरिष्ठ नेताओं से मिलने और आगे की रणनीति पर चर्चा करने के लिए शुक्रवार (25 अक्टूबर) की सुबह दिल्ली के लिए रवाना हुए। राज्य विधानसभा चुनाव में किसी एक पार्टी को पूर्ण बहुमत नहीं मिला है, हालांकि भाजपा 40 सीटों के साथ सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी है। चुनाव नतीजे आने के बाद भारतीय जनता पार्टी अगली सरकार बनाने के लिए जरूरी बहुमत के आंकड़े से छह सीट पीछे रह गई। चुनाव में कांग्रेस को 31 सीटों पर जीत मिली है, जबकि जननायक जनता पार्टी (जजपा) को 10 और इंडियन नेशनल लोकदल (इनेलो) और हरियाणा लोकहित पार्टी (एचएलपी) को एक-एक सीट मिली हैं। स्वतंत्र उम्मीदवारों ने सात सीटों पर जीत दर्ज की है।

    09:51 (IST)25 Oct 2019
    मां ने की आठ वर्षीय बेटे की गला दबाकर हत्या

    ठाणे जिले के बदलापुर शहर में 35 वर्षीय एक महिला ने अपने आठ वर्षीय बेटे की कथित रूप से गला दबाकर हत्या कर दी। एक पुलिस अधिकारी ने शुक्रवार (25 अक्टूबर) को बताया कि शीतल मानेर ने अपने बेटे आरव की गुरुवार (24 अक्टूबर) तड़के उस समय गला दबाकर हत्या कर दी, जब वह सो रहा था। उन्होंने बताया कि मानेर का उसके पति वैभव के साथ किसी बात को लेकर मनमुटाव था और वह महाराष्ट्र में ठाणे जिले के बदलापुर शहर में अपनी बहन के साथ रह रही थी।

    09:33 (IST)25 Oct 2019
    शिवसेना- महाजनादेश नहीं मिला; अति नहीं, उन्माद नहीं वर्ना समाप्त हो जाओगे

    शिवसेना ने सामना के माध्यम से बीजेपी को चेतावनी दी है। शिवसेना ने कहा, 'महाराष्ट्र की जनता का रुझान सीधा और साफ है। अति नहीं, उन्माद नहीं वर्ना समाप्त हो जाओगे।'

    08:46 (IST)25 Oct 2019
    हरियाणा में JJP किसे देगी समर्थन, आज होगा फैसला

    हरियाणा चुनाव में जेजेपी की अच्छी जीत के बाद अब सरकार बनाने की कवायद शुरु हो गई है। वहीं सबकी नजर अब जेजेपी पर है कि वह किसे समर्थन देगी। 

    05:42 (IST)25 Oct 2019
    पार्टी में जवाबदेही तय नहीं होने से नुकसान : संजय निरूपम

    महाराष्ट्र में कांग्रेस की हार पर पार्टी के वरिष्ठ नेता संजय निरूपम ने कहा कि जिन लोगों ने मुंबई की सीटों के लिए उम्मीदवारों की सिफारिश की थी। इन सीटों पर नतीजा क्या रहा है? इसका आकलन किया जाना चाहिए। जब ​​तक पार्टी के भीतर जवाबदेही तय नहीं हो जाती, तब तक बदलाव नहीं होगा।

    05:28 (IST)25 Oct 2019
    कुमारस्वामी ने सिद्दारमैया पर बोला हमला

    कर्नाटक में पूर्वमुख्यमंत्री कुमारस्वामी ने सिद्दारमैया पर हमला बोलते हुए पूछा कि वे ईमानदारी से बताएं कि साझा सरकार को किसने चोट पहुंचाई।  दोनों नेताओं में इन दिनों आपसी मतभेद खुलकर सामने आ गए हैं।

    05:25 (IST)25 Oct 2019
    बीजेपी को हरियाणा में अपनी हार स्वीकार करना चाहिए : कमलनाथ

    मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री कमलनाथ ने कहा कि हरियाणा में भाजपा को बहुमत नहीं मिला, भाजपा नेताओं को स्वीकार करना चाहिए कि उन्हें लोगों द्वारा अस्वीकार कर दिया गया है। अब वे अन्य दलों और निर्दलीय उम्मीदवारों के साथ 'जुगाड़' करेंगे, वे सरकार बनाएंगे, लेकिन लोग इसे नहीं भूलेंगे।

    22:00 (IST)24 Oct 2019
    आदित्य ठाकरे की जीत पर बोले उद्धव- अभिभावक के तौर पर गर्व का पल

    महाराष्ट्र की वर्ली विधानसभा सीट पर जीत के साथ राजनीति में आगाज करने से आदित्य ठाकरे के पिता उद्धव ठाकरे काफी खुश हैं। उन्होंने कहा कि एक अभिभावक के तौर पर यह गर्व का पल है।

    17:38 (IST)24 Oct 2019
    महाराष्ट्र के वर्ली से जीतने के बाद आदित्य ठाकरे

    आदित्य ठाकरे ने कहा कि मैं बहुत खुश हूं कि लोगों ने इतने बड़े मार्जिन और वोटों से जिताकर मुझे आशीर्वाद दिया है. वहीं सीएम के सवाल पर कहा कि इस बारे में बाद में बात होगी।

    17:36 (IST)24 Oct 2019
    शरद पवार के साथ ‘विश्वासघात’ की वजह से भोसले हारे : राकांपा के श्रीनिवास पाटिल

    महाराष्ट्र में सतारा लोकसभा सीट पर उपचुनाव में राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) के उम्मीदवार श्रीनिवास पाटिल ने बृहस्पतिवार को भाजपा के उम्मीदवार पर भारी बढ़त हासिल कर ली। 
     
    17:30 (IST)24 Oct 2019
    आयुष्मान भारत योजना का लाभ अब तक 50 लाख से ज्यादा लोग उठा चुके

    पीएम मोदी ने कहा कि आयुष्मान भारत योजना का लाभ अब तक 50 लाख से ज्यादा लोग उठा चुके हैं। देश में 10 करोड़ से अधिक लोगों को ई-कार्ड्स जारी किए जा चुके हैं। वाराणसी में ही 1.65 लाख से अधिक लोगों को योजना के गोल्डन कार्ड्स मिल चुके हैं।

    17:05 (IST)24 Oct 2019
    उद्धव ठाकरे का बयान

    उद्धव ठाकरे ने कहा कि 50-50 के फॉर्म्युले पर पहले बीजेपी के साथ सहमति हुई थी, आगे जब स्थिति साफ होगी तो बीजेपी-शिवसेना के वरिष्ठ नेता साथ में चर्चा करके फैसला लेंगे।

    17:03 (IST)24 Oct 2019
    पीएम मोदी ने की वाराणसी के भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ बात

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वाराणसी के भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ बातचीत के दौरान कहा कि जिस तरह से पार्टी कार्यकर्ता वाराणसी में कई विकास परियोजनाओं को लागू करने में मदद कर रहे हैं, यह मेरे लिए गर्व और संतुष्टि की बात है।

    15:13 (IST)24 Oct 2019
    उत्तरी सेना कमांडर को ले जा रहा सेना का हेलीकॉप्टर कश्मीर में दुर्घटनाग्रस्त

    उत्तरी सेना कमांडर को ले जा रहा सेना का एक हेलीकॉप्टर बृहस्पतिवार को जम्मू कश्मीर के पुंछ जिले में दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसे में कोई हताहत नहीं हुआ।
    अधिकारियों ने यह जानकारी देते हुए बताया कि ऐसा माना जा रहा है कि हेलीकॉप्टर में तकनीकी खराबी आ गयी थी। वह पुंछ जिले के बेदार इलाके में दुर्घटनाग्रस्त हुआ।

    14:02 (IST)24 Oct 2019
    खट्टर सरकार को गिराना था

    कांग्रेस के डीएस हुड्डा ने कहा कि आज यह स्पष्ट है कि लोगों का जनादेश खट्टर सरकार को गिराना था। मैं दुष्यंत चौटाला (जेजेपी), स्वतंत्र उम्मीदवारों और अन्य दलों से हरियाणा में एक साथ आने और गठबंधन सरकार बनाने के लिए अपील करना चाहता हूं ताकि लोगों के जनादेश का सम्मान किया जा सके।

    13:24 (IST)24 Oct 2019
    कैबिनेट मंत्री पंकजा मुंडे चुनाव हार गईं

    फडणवीस सरकार में कैबिनेट मंत्री पंकजा मुंडे चुनाव हार गईं हैं। उनको उनके ही चचेरे भाई और NCP नेता धनंजय मुंडे ने हराया है।

    13:06 (IST)24 Oct 2019
    बीजेपी अध्यक्ष सुभाष बराला का इस्तीफा

    हरियाणा बीजेपी अध्यक्ष सुभाष बराला ने अपने पद से इस्तीफा दिया। कहा जा रहा है कि पार्टी के खराब प्रदर्शन पर उन्होंने इस्तीफा दिया।



    13:00 (IST)24 Oct 2019
    करतारपुर कॉरिडोर के संचालन का मामला

    भारत-पाकिस्तान ने करतारपुर कॉरिडोर के संचालन के लिए समझौते पर हस्ताक्षर किए है।

    12:06 (IST)24 Oct 2019
    21 अक्टूबर को मतदान हुआ था

    झाबुआ विधानसभा सीट पर उपचुनाव के लिए 21 अक्टूबर को मतदान हुआ था। इन वोटों की गिनती झाबुआ के पॉलिटेक्नीक कॉलेज कैंपस में आज सुबह आठ बजे से चल रही है जो 26 राउंड में पूरी होगी।

    12:05 (IST)24 Oct 2019
    झाबुआ विधानसभा उपचुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी कांतिलाल भूरिया आगे

    मध्यप्रदेश की झाबुआ विधानसभा सीट के उपचुनाव के लिए बृहस्पतिवार को हो रही मतगणना में पांचवें दौर के बाद मिले रूझान में कांग्रेस प्रत्याशी पूर्व केन्द्रीय मंत्री कांतिलाल भूरिया 3,251 मतों से आगे चल रहे हैं।

    11:51 (IST)24 Oct 2019
    50-50 फार्मूले पर सहमत; संजय राउत

    शिवसेना नेता संजय राउत कहा कि मैं उद्धव जी से मिलने जा रहा हूं। नम्बर इतने बुरे नहीं है, कभी कभी होता। हमारा गठबंधन जारी रहेगा। हम 50-50 फार्मूले पर सहमत हैं।

    11:49 (IST)24 Oct 2019
    केंद्रीय मंत्री प्रकाश जावड़ेकर का बयान

    केंद्रीय मंत्री प्रकाश जावड़ेकर ने कहा कि हरियाणा और महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव जीतने के अलावा, भाजपा आगामी झारखंड और दिल्ली चुनावों में भी जीत हासिल करेगी।

    11:43 (IST)24 Oct 2019
    महाराष्ट्र के पालघर में भूकंप, कोई हताहत पालघर

    महाराष्ट्र के पालघर जिले में 2.9 तीव्रता का भूकंप महसूस किया गया। एक अधिकारी ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।