दिल्ली के मुख्यमंत्री एवं आम आदमी पार्टी के प्रमुख अरविंद केजरीवाल ने आगामी विधानसभा चुनाव के प्रचार के आखिरी दिन गुरुवार (06 फरवरी) को कहा कि भाजपा में कोई भी मुख्यमंत्री बनने के लायक नहीं है। दिल्ली की 70 सीटों पर आठ फरवरी को मतदान होगा और 11 फरवरी को मतगणना होगी। अनधिकृत कॉलोनियों के मुद्दों को नजरअंदाज करने और शाहीन बाग से लोगों को जानबूझकर न हटाने जैसे कई मुद्दों पर भाजपा पर निशाना साधते हुए केजरीवाल ने भाजपा में अच्छे उम्मीदवारों की कमी को लेकर भगवा पार्टी का मखौल भी उड़ाया। उन्होंने कहा कि अगर संबित पात्रा और अनुराग ठाकुर में से किसी को मुख्यमंत्री पद के लिए चुना गया, तो क्या होगा? गांधी ने लोकसभा में राष्ट्रपति अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव पर हुई चर्चा पर प्रधानमंत्री के जवाब की ओर संकेत करते हुए संसद परिसर में संवाददाताओं से यह कहा।
असम से कांग्रेस सांसद अब्दुल खालिक ने गुरुवार को उम्मीद जताई कि उच्चतम न्यायालय ‘असंवैधानिक’ संशोधित नागरिकता कानून (सीएए) को जल्द निरस्त कर देगा। सीएए के खिलाफ उच्चतम न्यायालय में याचिका दायर करने वाले खालिक ने यह भी दावा किया कि असम में सीएए का विरोध कर रहे 90 फीसदी लोग बहुसंख्यक समाज से हैं। उन्होंने कहा, ‘हम शुरू से कह रहे हैं कि सीएए असंवैधानिक है। हम उम्मीद करते हैं कि उच्चतम न्यायालय इसे जल्द निरस्त करेगा।’ कांग्रेस के लोकसभा सदस्य ने कहा, ‘भाजपा पूरे देश में एनआरसी की बात कर रही है, लेकिन असम में उच्चतम न्यायालय की निगरानी में हुई एनआरसी को नहीं मान रही। वह सिर्फ ध्रुवीकरण की राजनीति कर रही है।’
जम्मू कश्मीर प्रशासन ने श्रीनगर और जम्मू में सरकारी आवासों में अवैध रूप से रहने वाले सभी लोगों को निकालने के लिए अधिकारियों को निर्देश दिए है।एक आधिकारिक प्रवक्ता ने गुरुवार (06 फरवरी) को बताया कि इन दोनों शहरों में राजनीतिक कार्यकर्ताओं, पूर्व मंत्रियों, पूर्व विधायकों, सेवानिवृत्त अधिकारियों और पत्रकारों द्वारा सरकारी आवासों में अवैध रूप से कब्जा किये जाने की कई शिकायतें मिली है और इनमें से कई पर भारी धनराशि भी बकाया है। प्रधान सचिव (नियोजन) रोहित कंसल ने संपदा विभाग को सभी सरकारी आवासों के भौतिक सत्यापन के लिए समितियां गठित करने और जम्मू एवं श्रीनगर में सरकारी क्वार्टरों में अनधिकृत और अवैध रूप से कब्जा करने वाले लोगों को बाहर किये जाने के निर्देश दिये है।
राम जन्मभूमि न्यास के उपाध्यक्ष राम विलास वेदांती ने कहा है कि राम जन्मभूमि ट्रस्ट के घोषित नामों में उनका नाम नहीं होने का उन्हें कोई दुख नहीं है बल्कि ट्रस्ट घोषित होने की खुशी है। वेदांती ने बुधवार (05 फरवरी) को संवाददाताओं से कहा, 'मेरा नाम नहीं है, इसका मुझे कोई दुख नहीं है बल्कि मुझे ट्रस्ट घोषित होने की खुशी है। सरकार चाहे तो मंदिर की नींव के अंदर मेरे शरीर- मेरी लाश को लगा दे, लेकिन भव्य राम मंदिर का निर्माण होना चाहिए।'
मध्यप्रदेश के धार जिले में बच्चा चोरी की अफवाह पर भीड़ हिंसा में मारे गए 35 वर्षीय किसान के परिवार को राज्य सरकार ने दो लाख रुपए का मुआवजा देने की घोषणा की है। प्रदेश के लोक स्वास्थ्य मंत्री तुलसीराम सिलावट ने यहां गुरुवार (06 फरवरी) को संवाददाताओं को बताया, "भीड़ हिंसा में मारे गए किसान गणेश पटेल (35) के परिजनों को दो लाख रुपए का मुआवजा दिया जायेगा। इस घटना में घायल लोगों का इलाज राज्य सरकार करा रही है।" सिलावट ने बताया कि भीड़ हिंसा के मामले को मुख्यमंत्री कमलनाथ गंभीरता से ले रहे हैं। मामले में विशेष जांच दल (एसआईटी) भी गठित किया जा रहा है।
सीतापुर जिले के बिसवां क्षेत्र में कालीन बनाने वाली एक फैक्ट्री में गुरुवार (06 फरवरी) को जहरीली गैस के रिसाव के कारण एक ही परिवार के पांच सदस्यों समेत सात लोगों की मौत हो गई। पुलिस सूत्रों ने बताया कि बिसवां थाना क्षेत्र के जलालपुर गांव में एक फैक्ट्री में अचानक जहरीली गैस रिसने लगी। इसके सम्पर्क में आने से तीन बच्चों समेत सात लोगों की मौत हो गई। फैक्ट्री का संचालक इस घटना के बाद से फरार है।
कोलकाता नगर निगम (केएमसी) ने लोगों के विरोध बाद आधार की जानकारियां अद्यतन करने के अपने अभियान को रोकने का फैसला किया है। लोगों को भय है कि राष्ट्रीय जनसंख्या पंजी (एनपीआर) के लिए आंकड़े एकत्रित करने के वास्ते यह अभियान चलाया जा रहा है। नगर निगम के एक सूत्र ने बताया कि बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों ने बुधवार (05 फरवरी) की शाम को शहर के वाटगंज इलाके में प्रदर्शन किया। यह घटना तब हुई जब एक निजी बैंक के दो अधिकारी इलाके में आधार के लिए जानकारियां एकत्रित करने में लगे हुए थे।
गोवा पुलिस ने भाजपा की राज्य इकाई के प्रवक्ता को कथित रूप से धमकाने के मामले में निर्दलीय विधायक रोहन खाउंटे को बुधवार (05 फरवरी) की देर रात गिरफ्तार किया। भाजपा के राज्य प्रवक्ता प्रेमानंद म्हाम्बरे ने खाउंटे के खिलाफ पुलिस में बुधवार को शिकायत दर्ज कराते हुए विधायक पर उन्हें धमकाने का आरोप लगाया था। पुलिस उपाधीक्षक (पोरवोरिम) एडविन कोलाको ने कहा कि खाउंटे को बुधवार को देर रात गिरफ्तार किया गया।
संशोधित नागरिकता कानून (सीएए), राष्ट्रीय नागरिक पंजी (एनआरसी) और राष्ट्रीय जनसंख्या पंजी (एनपीआर) के खिलाफ आजमगढ़ जिले के बिलरियागंज में प्रदर्शन और देश विरोधी नारेबाजी करने के आरोप में 35 नामजद तथा सैकड़ों अज्ञात लोगों के खिलाफ राजद्रोह का मामला दर्ज किया गया है और उनमें से 20 लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस अधीक्षक त्रिवेणी सिंह ने गुरुवार (06 फरवरी) को बताया कि मौलाना जौहर पार्क बिलरियागंज में मंगलवार को सीएए, एनआरसी और एनपीआर के खिलाफ प्रदर्शन के लिए पहुंचीं महिलाओं की आड़ में कुछ लोगों ने ‘‘हम लेकर रहेंगे आजादी’’ के कथित नारे लगाने के अलावा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और एक विशेष समुदाय के खिलाफ कथित रूप से आपत्तिजनक भाषा का प्रयोग किया।
कोलकाता साहित्य महोत्सव (केएलएफ) की निदेशक सुजाता सेन ने कहा कि तीन दिवसीय साहित्य बैठक में कांग्रेस नेता एवं पूर्व राजनयिक शशि थरूर सहित कई बड़े नाम शिरकत करेंगे। इसकी शुरुआत गुरुवार (06 फरवरी) से यहां होने जा रही है। सेन ने बताया कि पहले दिन यहां प्रख्यात रूसी लेखक एवं पुस्तक समीक्षक गैलिना युजोफिच ‘साहित्यिक संबंधों’ पर अपने विचार व्यक्त करेंगे जो दोनों देशों को एक दूसरे से बांधता है।
फैजाबाद के आयुक्त एम.पी. अग्रवाल ने अयोध्या में रामजन्मभूमि स्थल के रिसीवर का प्रभार राम मंदिर निर्माण के लिए नवगठित ट्रस्ट के एक सदस्य को बुधवार (05 फरवरी) को सौंप दिया। अयोध्या मामले में फैसला आने से पहले तक इस स्थल की सुरक्षा तथा यहां यथास्थिति बनाए रखने की जिम्मेदारी फैजाबाद के आयुक्त की थी। केंद्र सरकार ने बुधवार को अयोध्या में राम मंदिर निर्माण के लिए ‘‘श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र’’ नाम से ट्रस्ट का गठन किया।