हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले में दर्दनाक सड़क हादसा हो गया है। शुक्रवार को हुए एक्सिडेंट में पुलिसकर्मियों की गाड़ी हादसे का शिकार हो गई। इस हादसे में 7 पुलिसकर्मियों की मौत हो गई। हादसा उस वक्त हुआ जब उनकी गाड़ी तीसा बैरागढ़ मार्ग पर तरवाई पुल के पास पहुंची। हादसे के वक्त गाड़ी में 11 लोग सवार थे।

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस के उच्च अधिकारी और जन प्रतिनिधि मौके की ओर रवाना हो गए हैं। हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने ट्वीट कर दुर्घटना पर शोक जताया है। उन्होंने कहा कि जिला चंबा के तीसा-बैरागढ़ मार्ग पर आज सुबह हुई सड़क दुर्घटना में कुछ पुलिस कर्मियों सहित आम नागरिक की मृत्यु और अन्य कुछ के घायल होने का दुःखद् समाचार प्राप्त हुआ है। मृतकों के परिजनों के प्रति गहरी संवेदनाएं और घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना करता हूं। जिला प्रशासन को घायलों को हर संभव सहायता प्रदान करने के निर्देश जारी किए गए हैं। ईश्वर से दिवंगत आत्माओं की शांति तथा शोक संतप्त परिजनों को इस अपूर्णीय क्षति को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना करता हूं।

इस हादसे पर हिमाचल प्रदेश के उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने दुख जताया। उन्होंने ट्विटर पर लिखा, जिला चंबा के तीसा में हुए पुलिस दल के वाहन दुर्घटना में 7 पुलिसकर्मियों की दुःखद मृत्यु का समाचार प्राप्त हुआ, जबकि 4 के घायल होने की सूचना मिली है। ईश्वर दिवंगत आत्माओं को श्री चरणों में स्थान दें। इस घटना में घायल हुए अन्य पुलिसकर्मियों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की हम कामना करते हैं।

कैसे हुआ हादसा

जानकारी के मुताबिक, ये जवान लॉन्ग रेंज पेट्रोलिंग से भंजराडू हैडक्वार्टर लौट रहे थे। इस दौरान तरवाईं के पास पहाड़ी से लैंडस्लाइड हुआ और ये सूमो गाड़ी चट्टानों की चपेट में आ गई। हादसा इतना भयानक था कि नाले में गिरने के बाद गाड़ी के परखचे उड़ गए। तीन लोग गाड़ी से छिटक कर चट्टानों से टकराए। इससे उन्हें गंभीर चोटें आई है। सूचना मिलते ही स्थानीय निवासी वहां पहुंचे और उन्होंने इसकी सूचना पुलिस को दी, जिसके बाद राहत और बचाव कार्य शुरू कर दिया गया।

बीजेपी ने सरकार पर लगाया आरोप

भाजपा के अनुसार इसमें पूरी तरह से सरकार और PWD की लापरवाही है। हमने सरकार से लगातार गुहार लगाकर इस रोड को बंद करवाया था, पर सरकार ने इस रोड को फिर से खोल दिया था। इसकी जानकारी भी हमने सरकार को पहले दे दी थी। पहाड़ लगातार गिर रहा था पर सरकार ने कोई एक्शन नहीं लिया।