12 नवंबर को दिवाली है और लोग दिवाली मनाने के लिए बड़े शहरों से अपने घर की ओर जा रहे हैं। दिल्ली और उसके पड़ोसी राज्य से लोग अपने गांव जा रहे हैं। इसका असर शनिवार सुबह आनंद विहार रेलवे स्टेशन पर दिखा। आनंद विहार रेलवे स्टेशन पर शनिवार सुबह से ही भारी भीड़ उमड़ पड़ी है और ट्रैफिक के कारण गाड़ियां काफी धीरे चल रही है।
शुक्रवार शाम धनतेरस के दिन भी गाजीपुर बॉर्डर, दिल्ली गुरुग्राम एक्सप्रेसवे और दिल्ली मेरठ एक्सप्रेस पर भारी जाम था। ट्रैफिक पुलिस ने दिवाली के लिए एक विशेष ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की है। दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने कहा है कि 10 से 12 नवंबर के बीच दिल्ली के प्रमुख बाजारों के आसपास इलाकों में भारी भीड़ दिखाई देगी, इसलिए लोग ट्रैफिक जाम से बचने के लिए सार्वजनिक वाहन और मेट्रो का उपयोग करें।
ट्रैफिक पुलिस ने निजी के उपयोग से बचने की सलाह दी है। इसके अलावा दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने वाहन चालकों और कार मालिकों को गाड़ी चलाते समय धैर्य रखने के लिए भी कहा है। दिल्ली ट्रैफिक पुलिस के अनुसार बड़े बाजार और प्रमुख मॉल के आसपास भारी ट्रैफिक रहेगी। दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने चांदनी चौक, खारी बोली, कनॉट प्लेस, करोल बाग, सदर बाजार, लाजपत नगर, सरोजिनी नगर, नेहरू प्लेस और ग्रेटर कैलाश में भारी भीड़ का अंदेशा जताया है।
दिल्ली और हरियाणा में उत्तर प्रदेश और बिहार के लोग बड़ी संख्या में रहते हैं। दिवाली और छठ पूजा के मौके पर यह लोग घर जाते हैं। ज्यादातर बसें आनंद विहार से ही मिलती है। इसलिए दिवाली से पहले आनंद विहार बस स्टेशन और रेलवे स्टेशन पर भारी भीड़ नजर आ रही है।
पूरे देश से लोग दिवाली पर अपने घर जा रहे हैं। इसी बीच सूरत रेलवे स्टेशन पर भगदड़ की घटना सामने आई है। दिवाली और छठ के त्योहार पर शनिवार को सूरत से लोग अपने घर जा रहे थे और इसी दौरान यहां भगदड़ मच गई। इस भगदड़ में एक यात्री की मौत हो गई और चार लोग बेहोश हो गए हैं। यूपी और बिहार के लाखों लोग बड़े शहरों में रहते हैं और दिवाली और छठ पर ये लोग घर जाते हैं।