मानसून ने अपनी दस्तक दे दी है। रविवार रात से ही उत्तर भारत और उत्तर पश्चिमी भारत में बारिश हो रही है। दिल्ली-एनसीआर में भी लगातार बारिश हो रही है। बारिश के बाद लोगों को गर्मी से काफी राहत मिली है। बता दें कि मौसम विभाग ने बारिश को लेकर येलो अलर्ट जारी किया था। वहीं दिल्ली में अगले दो दिन लगातार बारिश की संभावना जताई है। दिल्ली में मौसम विभाग ने 25 से 27 जून के लिए येलो अलर्ट जारी किया है।

20 राज्यों में जताई गई बारिश की संभावना

मौसम विभाग ने 20 राज्यों में अगले 4 दिन भारी बारिश होने की संभावना जताई गई है। इन राज्यों में मध्यप्रदेश, राजस्थान, पंजाब, गुजरात, उत्तर प्रदेश, हरियाणा, छत्तीसगढ़, ओडिशा, उत्तराखंड, तेलंगाना, नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम, हिमाचल प्रदेश, कोंकण और गोवा, विदर्भ, तटीय आंध्र प्रदेश, तटीय कर्नाटक, केरल और तमिलनाडु शामिल हैं।

स्काईमेट वेदर ने बताया है कि मुंबई में मानसून 27 तक पहुंच सकता है। स्काईमेट ने बताया कि इस साल मुंबई में सबसे लेट मानसून पहुंचेगा। स्काईमेट ने 27 जून से लेकर इस महीने के आखिर तक 2-3 दिनों के दौरान भारी बारिश की भविष्यवाणी की है।

हिमाचल, उत्तराखंड में येलो अलर्ट

वहीं हिमाचल प्रदेश में भी बारिश हो रही है। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले चार दिनों तक मौसम खराब रहेगा। हिमाचल प्रदेश के कई शहरों में 28 जून तक मौसम खराब रहेगा। हिमाचल में 25 से 28 जून के मौसम को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है जबकि 25 व 26 जून को भारी बारिश के लिए ऑरेंज अलर्ट भी जारी किया गया है।

मौसम विभाग ने उत्तराखंड के कई इलाकों में 26 जून को बारिश के मद्देनजर रेड और ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग ने 30 जून तक देहरादून और टिहरी में रेड अलर्ट जारी किया है। वहीं पौड़ी, नैनीताल, चंपावत और पिथौरागढ़ जिले में येलो अलर्ट जारी किया है। तेज़ हवाओं के साथ भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना जताई गई है।

क्या होता है येलो अलर्ट?

मौसम विभाग ने कई प्रदेशों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। येलो अलर्ट का मतलब आपको सचेत रहना चाहिए और घर से निकलते समय सावधानी बरतनी चाहिए जबकि ऑरेंज अलर्ट का मतलब है कि घर से बाहर निकलना खतरनाक हो सकता है।