Weather Update Today, Kab Aayega Monsoon: नई सरकार बनने के बाद सियासी पारा तो नीचे आ गया है, लेकिन मौसम लोगों को राहत देने का नाम नहीं ले रहा है। हर दिन आसमान से बरसती आग के चलते जमीन तप रही है और पारा सारे रिकॉर्ड तोड़ने की ओर है। राजधानी दिल्ली से लेकर पूरे उत्तर भारत तक में गर्मी के चलते लोग परेशान हैं। दिल्ली में मंगलवार को न्यूनतम तापमान 33.8 डिग्री तक चला गया , जो कि मौसम के सामान्य तापमान से करीब 6 डिग्री ज्यादा रहा। सुबह 8:30 बजे ही आर्द्रता 61 प्रतिशत तक दर्ज कई गई थी।

राजधानी दिल्ली के साथ ही पूरे देश में जारी गर्मी के प्रकोप को लेकर मौसम विभाग ने बताया कि मंगलवार को अधिकतम तापमा 45 डिग्री तक रह सकता है लेकिन यह यह 50 से भी ज्यादा का फील दे रहा है। दिल्ली के अलावा पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, उत्तर प्रदेश, बिहार और झारखंड जैसे राज्यों में भी आसमान से आग बरस रही है और तापमान नए रिकॉर्ड बना रहा है।

तापमान बना रहा नए रिकॉर्ड

बीते दिन 17 जून को यूपी के प्रयागराज में तापमान 47.6 डिग्री सेल्सियस तक चला गया, जो कि सामान्य से 8.7 डिग्री ज्यादा था। देश के सबसे ज्यादा तापमान वाले शहरों की बात करें तो इसमें दूसरे नंबर पर बिहार डेहरी ऑन सोन रहा। यहां अधिकतम तापमान 46.4 डिग्री रिकॉर्ड किया गया था, जो कि सामान्य से 8.5 डिग्री रहा।

दिल्ली के आयनगर की बात करें तो यहां भीषण गर्मी के चलते तामपान 46.4 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। हरियाणा के रोहतक में तापमान 46.2 डिग्री तक चला गया। असके अलावा राजस्थान का गंगानगर शहर में पारा 17 जून को 46.2 डिग्री तक पहुंच गया था। बात झारखंड की करें तो यहां के डॉल्टनगंज में तापमान अधिकतम 46 डिग्री तक चला गया।

हिमाचल में भी बरस रही आग

इसके अलावा पंजाब के अमृतसर में भी पारा 45 डिग्री के करीब पहुंच गया। मध्य प्रदेश के ग्वालियर में पारा 45.1 डिग्री रहा। इसके अलावा ठंडक के लिए मशहूर हिमाचल प्रदेश में भी गर्मी लोगों के लिए मुसीबत बन गई है। यहां के ऊना में तापमान 44 डिग्री तक रिकॉर्ड किया गया है। IMD ने मौसम के अनुमान को लेकर बताया है कि दिल्ली के अलावा पश्चिमी यूपी, हरियाणा, पंजाब और राजस्थान के लिए रेड अलर्ट जारी किया है।

हालांकि सात दिनों के आईएमडी के पूर्वानुमान में कहा गया है कि राष्ट्रीय राजधानी को बुधवार से हल्की राहत मिल सकती है। बुधवार और गुरुवार को दिल्ली के लिए येलो अलर्ट जारी किए जाने के आसार हैं। मौसम विभाग का कहना है कि बुधवार के बाद नया पश्चिमी विक्षोभ उत्तर पश्चिम भारत की ओर बढ़ सकता है, जिसके चलते दिल्ली के लोगों को भी राहत मिल सकती है।