दिल्ली में इस साल भी आपराधिक घटनाएं कम नहीं हुई। हर साल की तरह इस साल भी हत्या बलात्कार, छेड़खानी, लूट और चाकूबाजी की घटनाएं सामने आई। इस कारण से दिल्ली लगातार सुर्खियों में रही। साल की शुरुआत से लेकर अंत तक हत्या की खबरें आती रही। आइए जानते हैं वे घटनाएं जिसने अधिक सुर्खियां बटोरी और जिसकी हैवानियत सुनकर हर कोई दहल गया।
वेलकम हत्याकांड
उत्तरी-पूर्वी दिल्ली के वेलकम इलाके के जनता मजदूर कालोनी में 21 नवंबर की देर रात 350 रुपए के लिए नाबालिग हत्यारा बन गया। नाबालिग की चाकू से गोद-गोदकर हत्या कर दी की। इस हत्या के पीछे की वजह 350 रुपए है। नाबालिग ने पहले पीड़ित का मुंह दबाया और जब पीड़ित बेहोश हो गया, तो नाबालिग लड़के ने उससे लगभग 350 रुपए लूटने से पहले उस पर कई बार चाकू से वार किया। फिर पैर से कूचला। इसके बाद वह शव के पास नृत्य भी करने लगा। अपराध करने के बाद भी वह गिरफ्तारी से पहले घंटों तक बिना किसी डर के इलाके में घूमता रहा और एक जगह पर खाना (बिरयानी) खा रहा था।
कंझावला हत्याकांड
बीते साल की शुरुआत ही दिल दहला देने वाली वारदात से हुई। दिल्ली के सुल्तानपुरी इलाके के कंझावला में एक कार ने 1 जनवरी 2023 के तड़के स्कूटी सवार अंजलि सिंह को पहले टक्कर मारी, फिर उसे 12 किमी तक घसीटा। इससे उसकी मौत हो गई। शव कंझावला में सड़क पर पड़ा मिला था। इस मामले ने खूब तूल पकड़ा था। पुलिस ने 5 लोगों को गिरफ्तार किया है। उनपर मुकदमा चल रहा है।
निक्की यादव हत्याकांड
10 फरवरी 2023 को साहिल गहलोत ने दिल्ली के निगमबोध घाट श्मशान घाट की पार्किंग में निक्की यादव की हत्या कर दी थी। आरपी ने उत्तर-पश्चिम दिल्ली के नजफगढ़ में 40 किलोमीटर दूर अपनी फैमिली रेस्तरां की फ्रिज में लाश छिपा दी। साहिल ने उसकी हत्या की साजिश तब बनाई, जब उसके परिवार वाले किसी और लड़की से शादी करने का दबाव डाला। साहिल ने सगाई भी कर ली थी। निक्की की हत्या के बाद वह अपने तिलक समारोह के लिए चला गया था। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर उसे गिरफ्तार कर लिया। साहिल पर भी मुकदमा चल रहा है।
शाहबाद डेयरी हत्याकांड
बाहरी उत्तरी दिल्ली के शाहबाद डेयरी इलाके में 28 मई 2023 की रात एक युवक ने हैवानियत की सारी हदें पार कर दी। साहिल नाम के युवक ने एक नाबालिग लड़की की चाकू से गोदकर हत्या कर दी। साहिल ने साक्षी पर चाकू से 34 वार किए थे। इसके बाद भी उसका मन नहीं भरा, तो उसने पत्थर से कुचलकर लड़की की हत्या कर दी। इस मर्डर का एक सीसीटीवी फुटेज भी वायरल हुआ था, जिसमें आरोपी नाबालिग लड़की पर लगातार चाकू से हमला करता दिख रहा था। आस-पास से लोग गुजर भी रहे थे, लेकिन किसी ने उसका विरोध नहीं किया। साहिल अभी पुलिस की गिरफ्त में है।