Hathras Satsang Stampede: उत्तर प्रदेश के हाथरस जिले के सिकंदराराऊ कस्बे के फुलरई गांव में मंगलवार को बड़ा हादसा हो गया। यहां साकार हरि बाबा का सत्संग चल रहा था। सत्संग खत्म होने के बाद यहां से जैसे भी भीड़ निकलना शुरू हुई तो भगदड़ मच गई। भगदड़ में अब तक 100 से ज्यादा लोगों की मौत हो गई है और कई लोग घायल हो गए हैं। घायल लोगों को एटा जिले के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। भारत में मंदिरों और दूसरे धार्मिक आयोजनों के दौरान भगदड़ होने से बड़ी संख्या में होने वाली मौत की कोई पहली घटना नहीं है। हाल के कुछ सालों में देश में मंदिरों और धार्मिक आयोजनों के दौरान भगदड़ की कुछ मुख्य घटनाएं…
Also Read
- 25 जनवरी 2005: महाराष्ट्र के सतारा जिले में मंधारदेवी मंदिर में वार्षिक तीर्थयात्रा के दौरान 340 से ज्यादा भक्तों की कुचलकर मौत हो गई और सैकड़ों घायल हो गए। यह हादसा उस समय हुआ जब कुछ लोग फिसलन भरी सीढ़ियों पर गिर गए।
- 3 अगस्त 2008: हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर जिले में नैना देवी मंदिर में चट्टान खिसकने की अफवाह की वजह से मची भगदड़ में 162 लोगों की जान चली गई, 47 घायल हो गए।
- 30 सितंबर 2008: राजस्थान के जोधपुर शहर में चामुंडा देवी मंदिर में बम विस्फोट की अफवाह उड़ी थी और इसके बाद यहां पर भगदड़ मच गई। इसमें 250 लोगों की मौत हो गई और 60 से ज्यादा घायल हो गए।
- 4 मार्च 2010: उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ जिले में कृपालु महाराज के राम जानकी मंदिर में भगदड़ मचने से लगभग 63 लोगों की जान चली गई। लोग स्वयंभू धर्मगुरु द्वारा दान किए जा रहे कपड़े और खाना लेने के लिए पहुंचे थे।
- 14 जनवरी 2011: केरल के इडुक्की जिले के पुलमेडु में एक जीप के सबरीमाला मंदिर के दर्शन कर लौट रहे तीर्थयात्रियों से टकरा जाने के कारण मची भगदड़ में कम से कम 104 भक्तों की मौत हो गई और 40 से ज्यादा घायल हो गए।
- 8 नवंबर 2011: हरिद्वार में गंगा नदी के तट पर हरकी पैड़ी घाट पर मची भगदड़ में कम से कम 20 लोगों की जान चली गई।
- 19 नवंबर 2012: पटना में गंगा नदी के तट पर अदालत घाट पर छठ पूजा के दौरान एक पुल के ढह जाने से भगदड़ मच गई। इस हादसे में लगभग 20 लोगों की मौत हो गई और कई घायल हो गए।
- 13 अक्टूबर 2013 : मध्य प्रदेश के दतिया जिले में रतनगढ़ मंदिर के पास नवरात्रि महोत्सव के दौरान मची भगदड़ में 115 लोगों की मौत हो गई और 100 से ज्यादा लोग घायल हो गए। भगदड़ की शुरुआत नदी के पुल टूटने की अफवाह से हुई जिसे श्रद्वालु पार कर रहे थे।
- 3 अक्टूबर 2014: दशहरा समारोह खत्म होने के तुरंत बाद पटना के गांधी मैदान में भगदड़ मचने से 32 लोगों की मौत हो गई और 26 अन्य घायल हो गए।
- 14 जुलाई 2015: आंध्र प्रदेश के राजमुंदरी जिले में पुष्करम उत्सव के पहले दिन गोदावरी नदी के तट पर एक मुख्य स्नान स्थल पर भगदड़ से 27 तीर्थयात्रियों की जान चली गई और 20 लोग घायल हो गए।
- 1 जनवरी 2022: जम्मू-कश्मीर में मौजूद फेमस माता वैष्णो देवी मंदिर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ के कारण मची भगदड़ में कम से कम 12 लोगों की मौत हो गई और एक दर्जन से ज्यादा घायल हो गए।
- 31 मार्च 2023: इंदौर शहर के एक मंदिर में रामनवमी के मौके पर एक हवन आयोजित किया गया था। कार्यक्रम के दौरान एक प्राचीन बावड़ी के ऊपर बनी स्लैब ढह जाने से कम से कम 36 लोगों की मौत हो गई।