हरियाणा के कई हिस्सों में बाढ़ जैसे हालात हैं। राज्य के कैथल, यमुनानगर, पंचकूला समेत कई जिलों में अलर्ट जारी किया गया है। इस बीच कैथल में जब जननायक जनता पार्टी (JJP) के विधायक ईश्वर सिंह बाढ़ के हालात का जायजा लेने पहुंचे तो उन्हें विरोध का सामना करना पड़ा। इस दौरान एक गुस्साई महिला ने विधायक को थप्पड़ मार दिया।
हरियाणा में एक महिला ने जननायक जनता पार्टी (जजपा) के विधायक ईश्वर सिंह को बुधवार को उस समय थप्पड़ मार दिया, जब वह अपने निर्वाचन क्षेत्र गहुला में बाढ़ की स्थिति का जायजा ले रहे थे। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर भी जमकर वायरल हो रहा है। महिला घग्गर नदी का जलस्तर बढ़ने से भाटिया गांव में बाढ़ की स्थिति पैदा होने से नाराज थी।
महिला ने JJP विधायक को मारा थप्पड़
घटना बुधवार की है। महिला ने विधायक को गुस्से में थप्पड़ मारते हुए पूछा कि अब क्यों आए हो? वायरल वीडियो में विधायक के आसपास लोगों की भीड़ खड़ी दिख रही है। इसी दौरान गुस्से में दिख रही महिला आगे आती है और बहस करते हुए उन्हें थप्पड़ मार देती है। महिला छोटा बांध टूटने से नाराज थी, जिसके टूटने से क्षेत्र में पानी भर गया था। यह देखकर उनके सुरक्षाकर्मी भी हैरान रह गए। उन्होंने महिला को पकड़कर दूर किया।
वहीं, विधायक सिंह ने कहा कि वह महिला के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं चाहते हैं। JJP विधायक ईश्वर सिंह ने कहा कि मैं महिला के खिलाफ कोई कानूनी कार्रवाई नहीं करूंगा। मैंने उसे माफ कर दिया है। गौरतलब है कि घग्गर नदी के उफान के कारण इलाके में बाढ़ की स्थिति को लेकर यहां के लोग प्रभावित हुए हैं। प्रशासन की ओर से खास इंतजाम न होने से लोगों में नाराजगी है।
विधायक ने किया महिला के खिलाफ कार्रवाई से इनकार
विधायक सिंह ने बताया कि वह स्थिति का जायजा लेने गए थे लेकिन छोटा बांध टूटने के कारण गांव में जलभराव से नाराज महिला और कुछ अन्य लोगों ने उन पर हमला कर दिया। महिला ने कहा कि अब यहां क्यों आए हो? सिंह ने बताया, “महिला ने उनसे कहा कि अगर मैं चाहता तो बांध नहीं टूटता। हालांकि मैंने उसे समझाया कि यह एक प्राकृतिक आपदा थी और पिछले कुछ दिनों के दौरान भारी बारिश हुई थी।” हालांकि, उन्होंने पुलिस से महिला के खिलाफ कोई कार्रवाई करने के लिए नहीं कहा है।