Haryana Road Accident: हरियाणा के जींद में शनिवार को भीषण सड़क हादसा हुआ है। हादसे में आठ लोगों की मौत हो गई, जबकि कई लोग घायल बताए जा रहे हैं। घटना के बाद लोगों ने सूचना पुलिस को दी। जानकारी मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और राहत कार्य शुरू किया। घायलों को तत्काल एंबुलेंस से अस्पताल पहुंचाया गया है। वहीं पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आगे की जांच शुरू कर दी है।

हादसा जींद में भिवानी रोड पर बीबीपुर गांस के पास हुआ है। यहां एक रोडबेज बस यात्रियों को लेकर जा रही थी। इसी दौरान बस और क्रूजर की आमने-सामने टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि क्रूजर के परखच्चे उड़ गए। कई लोगों की तो मौके पर ही मौत हो गई। हादसे की आवाज सुनकर आसपास के लोग घटना स्थल पर पहुंचे।

वहीं घटना की सूचना मिलते ही डीएसपी रोहतास तथा अन्य पुलिस कर्मी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। हादसे की गंभीरता को देखते हुए नागरिक अस्पताल में अतिरिक्त चिकित्सकों तथा स्वास्थ्य कर्मियों को आपातकालीन वार्ड में लगा दिया गया, ताकि घायलों को इलाज हो सके।

गंभीर रूप से घायलों को PGI रोहतक के लिए किया गया रेफर

अस्पताल के डिप्टी एमएस डॉ. राजेश भोला ने बताया कि हादसे की गंभीरता को देखते हुए चिकित्सकों की ड्यूटी लगा दी गई है। गंभीर मरीजों का उपचार किया जा रहा है, जबकि जो मृत हुए हैं उनके शवों को नागरिक अस्पताल के शवगृह में रखवा दिया गया है। छह मृतकों की पहचान हो गई है। जबकि दो की पहचान अभी नहीं हुई है। गंभीर रूप से घायलों को रोहतक पीजीआई के लिए रेफर कर दिया गया है।

तेलंगाना के आदिलाबाद में चार लोगों की मौत

तेलंगाना के आदिलाबाद में भी हरियाणा के जींद की तरह की बड़ी घटना हुई है। यहां गुड़ीहाटनूर मंडल के मेकलागांडी में राष्ट्रीय राजमार्ग पर सुबह हादसा हुआ है। अधिकारियों के अनुसार, एक अज्ञात वाहन ने ऑटो में टक्कर मार दी। इस हादसे में चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई और पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना सुबह 4 बजे हुई। हादसे का शिकार हुए लोग इचोडा के एक चर्च में प्रार्थना में शामिल होने के बाद आदिलाबाद जा रहे थे।

मई माह में भी हुआ था इसी तरह का हादसा

बीते मई माह में भी एक क्रूजर गाड़ी हादसे का शिकार हुई थी। ट्रक और क्रूजर गाड़ी की टक्कर में पांच लोगों की मौत हो गई थी। हादसे का शिकार हुए लोगों की पहचान हांसी के खरकड़ा निवासी संदीप, प्रदीप, प्रवीण व प्रकाश, भाटोल रंगड़ान निवासी अनूप के रूप में हुई थी।