Haryana Exit Polls Result 2024: लोकसभा इलेक्शन के सातवें और आखिरी फेज में वोटिंग खत्म हो चुकी है। हरियाणा में सभी 10 सीटों पर छठे फेज में 25 मई को वोटिंग हुई थी। इसके रिजल्ट चार जून को घोषित किए जाएंगे, लेकिन वोटिंग खत्म होने के बाद एग्जिट पोल के रिजल्ट भी सामने आने लगे हैं। राज्य में इस बार भारतीय जनता पार्टी को नुकसान होता हुआ नजर आ रहा है।
हरियाणा में 2019 के लोकसभा इलेक्शन में सभी 10 सीटों पर कब्जा जमाया था और क्लीन स्वीप किया था। वहीं, एग्जिट पोल में इस बार भारतीय जनता पार्टी को दो से तीन सीटों का नुकसान होता हुआ दिखाई दे रहा है। ऐसा अनुमान लगाया जा रहा है कि प्रदेश में बीजेपी के वोट शेयर में भी गिरावट हुई है।
जानिए एग्जिट पोल के नतीजे
आज तक के एग्जिट पोल के मुताबिक, हरियाणा में भारतीय जनता पार्टी के खाते में 6-8 सीटें मिल रही हैं। वहीं, कांग्रेस को 2 से 4 सीटें मिलने की उम्मीद है। इंडिया न्यूज-डी डायनामिक्स के एग्जिट पोल की बात करें तो प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी को 7 और कांग्रेस को 3 सीटें मिलती हुई नजर आ रही हैं। टाइम्स नाउ-ईटीजी रिसर्च के एग्जिट पोल के अनुसार हरियाणा में बीजेपी को 7 और कांग्रेस को 1 से 3 सीटें मिलने की उम्मीद है। रिपब्लिक-मैट्रिज और पी मार्क के अनुसार बीजेपी को 8 और कांग्रेस को 2 सीटें मिल सकती हैं। न्यूज 24 टुडेज चाणक्य के अनुसार प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी को 6 और कांग्रेस 4 सीटों पर जीत हासिल कर सकती है।
हरियाणा में उम्मीदवार
हरियाणा में 10 लोकसभा सीटें हैं। सोनीपत लोकसभा सीट से कांग्रेस के प्रत्याशी सतपाल ब्रह्मचारी और बीजेपी के उम्मीदवार मोहन लाल बडौली के बीच में टक्कर है। वहीं, सिरसा में कांग्रेस ने सैलजा और बीजेपी ने अशोक तंवर पर भरोसा जताया है। गुरुग्राम से बीजेपी से केंद्रीय मंत्री राव इंद्रजीत की टक्कर कांग्रेस के राज बब्बर तथा जननायक जनता पार्टी के राहुल यादव से हैं। वहीं, फरीदाबाद लोकसभा सीट से बीजेपी उम्मीदवार केंद्रीय मंत्री कृष्णपाल गुर्जर और कांग्रेस प्रत्याशी महेंद्र प्रताप सिंह के बीच कांटे की टक्कर है।
अब बात रोहतक की करें तो यहां से कांग्रेस के राज्यसभा सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा और बीजेपी के अरविंद शर्मा के बीच कड़ा मुकाबला है। हिसार सीट इस सीट में काफी जरूरी बताई जा रही है। इस सीट से चौधरी देवीलाल परिवार से भाजपा के रणजीत चौटाला (Ranjeet Chautala), जजपा की नैना चौटाला (Naina Chautala) व इनेलो की सुनैना चौटाला मैदान में उतरे हैं।
करनाल लोकसभा सीट से बीजेपी के उम्मीदवार पूर्व सीएम मनोहर लाल खट्टर हैं। वहीं, कांग्रेस ने प्रदेश अध्यक्ष दिव्यांशु बुद्धिराजा को मैदान में उतारा है। कुरुक्षेत्र से बीजेपी के नवीन जिंदल तो इंडिया गठबंधन के प्रत्याशी डॉ.सुशील गुप्ता तथा इनेलो से अभय चौटाला के बीच कड़ी टक्कर है। अंबाला लोकसभा सीट से बीजेपी की बंतो कटारिया (Banto Kataria) और कांग्रेस के वरुण मुलाना में मुकाबला है। भिवानी-महेंद्रगढ़ से कांग्रेस ने अहीरवाल बेल्ट के राव दान सिंह व बीजेपी से दो बार से जीते चौधरी धर्मबीर सिंह पर भरोसा जताया है।