हरियाणा में प्रदेश पुलिस का नया प्रमुख आईपीएस शत्रुजीत कपूर को बनाया गया है। पंद्रह अगस्त को डीजीपी पीके अग्रवाल रिटायर हुए थे, जिसके एक दिन बाद अब नए डीजीपी की तैनाती की गई है। हरियाणा भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो के महानिदेशक रहे शत्रुजीत कपूर का नाम का ऐलान बुधवार को किया गया है। सूत्रों के मुताबिक हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर कपूर को राज्य का नया डीजीपी चुनने के इच्छुक थे। सुप्रीम कोर्ट के फैसले के अनुसार कपूर को कम से कम दो साल की अवधि के लिए नियुक्त किया गया है।
तीन अधकारियों के नाम हुए थे शॉर्टलिस्ट
संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) ने पहले इस पद के लिए हरियाणा कैडर के तीन आईपीएस अधिकारियों के नाम सामने रखे थे। इनमें आरसी मिश्रा, मोहम्मद अकील, शत्रुजीत कपूर को शॉर्टलिस्ट किया गया था। राज्य सरकार ने पी के अग्रवाल का कार्यकाल मंगलवार को समाप्त होने के साथ कपूर को अगले डीजीपी के रूप में चुना। कपूर 1990 बैच के आईपीएस अधिकारी हैं।
हरियाणा सरकार ने नए डीजीपी के रूप में चयन के लिए 10 आईपीएस अधिकारियों का एक पैनल यूपीएससी को भेजा था। पैनल में हरियाणा कैडर के सबसे वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी मनोज यादव का नाम नहीं था। यादव, जो वर्तमान में राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग के महानिदेशक (जांच) के रूप में काम कर रहे है, ने राज्य सरकार को एक वचन दिया था कि वह बल का नेतृत्व करने के लिए हरियाणा वापस नहीं आना चाहते हैं।
शत्रुजीत कपूर के बारे में
शत्रुजीत कपूर का जन्म 21 अक्तूबर 1966 को हुआ था। वह पंजाब के फगवाड़ा के रहने वाले हैं। शत्रुजीत कपूर साल 1990 बैच के IPS अधिकारी हैं। उन्होंने बीटेक (मैकेनिकल इंजीनियरिंग) की डिग्री हासिल की है।
शत्रुजीत कपूर कुरुक्षेत्र और हिसार में रहे थे। उनकी नियुक्ति बतौर SP 1995 में भिवानी में हुई थी। इसके बाद वे करनाल में एसपी हाईवे पैट्रोल एंड रोड सेफ्टी भी रहे। साल 2002 और 2005 में सीबीआई में एसपी और व डीआईजी के पद पर भी काम किया।