Om Prakash Chautala Passes Away News: हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री और इंडियन नेशनल लोकदल के प्रमुख ओम प्रकाश चौटाला का शुक्रवार को 89 साल की उम्र में गुरुग्राम स्थित उनके आवास पर निधन हो गया। पार्टी प्रवक्ता ने समाचार एजेंसी पीटीआई को बताया कि ओम प्रकाश चौटाला का निधन कार्डियेक अरेस्ट की वजह से हुआ है। ओम प्रकाश चौटाला को आखिरी बार सार्वजनिक तौर पर हरियाणा विधानसभा चुनाव के दौरान 5 अक्टूबर को देखा गया था। वह सिरसा के एक पोलिंग बूथ पर वोट डालने के लिए पहुंचे थे।
भारत के पूर्व उप प्रधानमंत्री चौधरी देवी लाल के पुत्र ओम प्रकाश चौटाला हरियाणा के सातवें मुख्यमंत्री रहे। उनका जन्म एक जनवरी 1935 को सिरसा के गांव चौटाला में हुआ था। वह एक नहीं बल्कि पांच बार हरियाणा के सीएम बने हैं। 1989 में पहली बार चौटाला ने सीएम की कुर्सी संभाली थी। इस पद पर वह साल 1990 तक ही काबिज रहे। इसके बाद 12 जुलाई 1990 को चौटाला ने दूसरी बार सीएम पद की शपथ ली थी। चौटाला को फिर पांच दिन बाद ही अपना इस्तीफा देना पड़ा था। इसके बाद 22 अप्रैल 1991 को सीएम की कुर्सी संभाली। लेकिन महज दो हफ्ते के बाद ही केंद्र सरकार ने राज्य में राष्ट्रपति शासन लागू कर दिया।
लोकसभा चुनाव में बसपा से किया अलायंस
उनके राजनीतिक करियर में काफी सियासी हलचल रही है। साल 1993 में उन्होंने नरवाना से उपचुनाव में बाजी मारी। 1996 में लोकसभा इलेक्शन हुए और इसके बाद उन्होंने हरियाणा लोक दल (राष्ट्रीय) के नाम से नई पार्टी का गठन किया। उन्होंने बहुजन समाज पार्टी के साथ में हाथ मिलाया और लोकसभा की पांच सीटें जीतने में कामयाब रहे। इसके बाद उनकी पार्टी को मान्यता हासिल हुई। इसके बाद उनकी पार्टी का नाम बदल गया और वह इंडियन नेशनल लोकदल हो गई। 24 जुलाई 1999 को उन्होंने चौथी बार सीएम की कुर्सी संभाली। दिसंबर 1999 में उन्होंने विधानसभा भंग करवा दी और दो मार्च 2000 को उन्होंने पांचवी बार सीएम का पदभार ग्रहण किया। इसके बाद उन्होंने पांच साल का कार्यकाल पूरा किया।
ओम प्रकाश चौटाला की पत्नी का भी हो चुका निधन
ओम प्रकाश चौटाला की शादी स्नेह लता से हुई थी। अगस्त 2019 में उनका निधन हो गया। उनके दो बेटे अजय चौटाला और अभय चौटाला हैं। दोनों ही राजनीति में पूरी तरह से एक्टिव हैं। अभय सिंह चौटाला हरियाणा के ऐलनाबाद निर्वाचन क्षेत्र से विधायक हैं और अक्टूबर 2014 से मार्च 2019 तक हरियाणा विधानसभा में विपक्ष के नेता भी रह चुके हैं। ओम प्रकाश चौटाला के पोते दुष्यंत चौटाला जननायक जनता पार्टी के नेता हैं और हरियाणा के उपमुख्यमंत्री रह चुके हैं। वे हिसार निर्वाचन क्षेत्र से लोकसभा के पूर्व सांसद भी हैं।