हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर सोमवार को वोट डालने के लिए चंडीगढ़ से ट्रेन से करनाल के लिए रवाना हुए। इसके बाद मुख्यमंत्री साइकिल से करनाल में अपने मतदान केंद्र पर पहुंचे। इस मौके पर मुख्यमंत्री ने कहा कि लोकतंत्र के इस महापर्व में हरियाणा की करीब 1.82 करोड़ जनता और वोटर्स अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे।
इससे पहले मुख्यमंत्री ने आचार संहिता का हवाला देत हुए कहा कि वे ट्रेन के जरिये ही अपने करनाल स्थित मतदान केंद्र पर पहुंचने की बात कही थी। सीएम ने कहा कि ट्रेन ही उन्हें सबसे अच्छा विकल्प नजर आता है। उन्होंने कहा कि इस तरह से जनता से मिलना जुलना हो जाएगा।
सीएम का कहना था कि कभी-कभी सामान्य व्यक्ति की तरह भी चलना चाहिए। इससे हमें भी जानकारियां मिलती हैं कि लोगों के मन में क्या चल रहा है। इसके जरिये लोगों से बातचीत करने उनसे मिलने-जुलने का वक्त मिलता है। उन्होंने कहा कि वे पहले भी कई बार ट्रेन में सफर कर चुके हैं। मालूम हो कि मुख्यमंत्री मनोहर लाल इस बार भी करनाल विधानसभा सीट से चुनाव मैदान में है। सीएम के लिए यहां मुकाबला काफी आसान माना जा रहा है।
#WATCH Karnal: Haryana Chief Minister Manohar Lal Khattar rides a cycle to the polling booth. #HaryanaAssemblyPolls pic.twitter.com/NMUqTvfYJF
— ANI (@ANI) October 21, 2019
हरियाणा की 90 सीटों के लिए सोमवार को वोट डाले जा रहे हैं। वोटों की गिनती 24 तारीख को होगी। चुनाव लड़ रही प्रमुख हस्तियों में मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर के अलावा पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा, जेजेपी के दुष्यंत चौटाला और इनेलो के अभय सिंह चौटाला शामिल हैं। खट्टर के नेतृत्व में भाजपा ने 75 सीटें जीतने का लक्ष्य रखा है, जबकि कांग्रेस राज्य में वापसी करने की उम्मीद कर रही है।
पिछली बार भाजपा ने 90 में से 47 सीटों पर कब्जा जमाया था। वहीं कांग्रेस के खाते में महज 15 सीटें आई थी। इनेलो समेत अन्य दलों ने यहां 28 सीटें जीती थीं। इससे पहले सोनीपत में सुबह मतदान करने वालों में हरियाणा की एकमात्र महिला मंत्री कविता जैन शामिल रहीं।