हरियाणा विधानसभा चुनाव के नतीजों से एक दिन पहले पूर्व मुख्यमंत्री भूपिंदर सिंह हुड्डा ने बड़ा बयान दिया। उन्होंने कहा कि वह न तो टायर्ड हैं और न ही ‘रिटायर्ड’ हैं। भूपिंदर सिंह हुड्डा ने मुख्यमंत्री पद की उनकी दावेदारी से जुड़े सवाल पर यह टिप्पणी की। भूपिंदर सिंह हुड्डा ने पत्रकारों से बातचीत में यह भी कहा कि मुख्यमंत्री पद को लेकर कांग्रेस आलाकमान के फैसले को पार्टी के सभी नेता मानेंगे।

कांग्रेस को प्रचंड बहुमत मिलने जा रहा- भूपिंदर सिंह हुड्डा

भूपिंदर सिंह हुड्डा ने उम्मीद जताई कि हरियाणा में कांग्रेस को प्रचंड बहुमत मिलने जा रहा है क्योंकि सभी वर्गों ने उसका समर्थन किया है। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता हुड्डा ने कहा, “लोकसभा चुनाव में सभी 10 सीट पर कांग्रेस का वोट शेयर बढ़ा है और भाजपा का घटा है। यह साफ संकेत है कि हरियाणा में अबकी बार कांग्रेस की सरकार बनेगी।”

न तो ‘टायर्ड’ हैं और न ही ‘रिटायर्ड’ हूं- हुड्डा

मुख्यमंत्री से जुड़े सवाल पर 77 वर्षीय भूपिंदर सिंह हुड्डा ने कहा, “मुख्यमंत्री को लेकर कोई सवाल नहीं है। विधायकों के मत जाने जाएंगे और आलाकमान फैसला करेगा। जिसके नाम पर भी फैसला होगा, सब मानेंगे।” उन्होंने फिर दोहराया कि वह न तो ‘टायर्ड’ हैं और न ही ‘रिटायर्ड’ हैं। कांग्रेस की जीत की स्थिति में मुख्यमंत्री पद की दौड़ में सबसे आगे माने जा रहे भूपेंद्र हुड्डा पिछले कुछ हफ्तों में यह बयान कई बार दे चुके हैं।

दूर तक जाएगा हरियाणा चुनाव के नतीजों का संदेश, राष्ट्रीय राजनीति पर ऐसे हो सकता है असर

भूपिंदर सिंह हुड्डा ने यह भी कहा कि कांग्रेस इस चुनाव में हरियाणा के सभी क्षेत्रों में अच्छा प्रदर्शन करने जा रही है। हरियाणा विधानसभा चुनाव के नतीजे मंगलवार को घोषित होंगे। मतदान पांच अक्टूबर हो हुआ था। मतदान के बाद आए लगभग सभी एग्जिट पोल ने इस चुनाव में कांग्रेस की जीत की संभावना जताई है।

वहीं हरियाणा को लेकर बीजेपी का दावा है कि सारे एग्जिट पोल गलत साबित होंगे और बीजेपी की सरकार बनेगी। हालांकि किसी भी एग्जिट पोल में भाजपा बहुमत के करीब नहीं दिखाई दे रही है।