हरियाणा चुनाव में बड़ा उलटफेर हुआ है। बीजेपी लगातार तीसरी बार सरकार बनाने की ओर नजर आ रही है। हरियाणा में एग्जिट पोल्स ने अनुमान जताया था कि कांग्रेस बंपर जीत हासिल करेगी, लेकिन नतीजों में ऐसा नहीं दिखा। दोपहर 2 बजे तक के रुझानों के अनुसार भाजपा 50 सीटों पर आगे चल रही है जबकि कांग्रेस पार्टी महज 34 सीटों पर आगे चल रही है। सबसे बुरी स्थिति आम आदमी पार्टी की है, जिसकी लगभग सभी सीटों पर जमानत जब्त वाली स्थिति नजर आ रही है।

आम आदमी पार्टी को हरियाणा में केवल डेढ़ प्रतिशत वोट मिलता हुआ नजर आ रहा है। आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने हरियाणा में जमकर चुनावी रैलियां की थी। वहीं उनकी पत्नी सुनीता केजरीवाल ने भी कई रोड शो में हिस्सा लिया था। लेकिन इसका असर न के बराबर होता हुआ दिखाई दे रहा है।

हरियाणा की अधिकांश सीटों पर आम आदमी पार्टी के उम्मीदवारों को 1000 से भी कम वोट मिले हैं। ऐसे में साफ नजर आ रहा है कि अरविंद केजरीवाल की गारंटीयों का असर नहीं दिखा है।

Haryana BJP Vidhan Sabha Chunav Winners List 2024: हरियाणा में इन सीटों पर BJP ने लहराया परचम, जानें कहां से किस उम्मीदवार को मिली जीत

हरियाणा की 90 में से 89 सीटों पर आम आदमी पार्टी ने चुनाव लड़ा लेकिन किसी सीट पर टक्कर नहीं दे पाई। वहीं 2019 के विधानसभा चुनाव में पार्टी ने 46 सीटों पर चुनाव लड़ा था और सभी पर उसे हार का सामना करना पड़ा था। हालांकि इस बार अच्छी बात यह है कि आम आदमी पार्टी ने नोटा के वोट शेयर को क्रॉस कर लिया।

इस बीच अरविंद केजरीवाल ने बड़ा बयान दिया है। अरविंद केजरीवाल ने कांस्टीट्यूशन क्लब में कहा कि हमें हरियाणा के नतीजों पर नजर रखनी चाहिए। उन्होंने कहा, “इससे बड़ी सीख ये मिलती है कि हमें कभी भी चुनाव में ओवर कॉन्फिडेंट नहीं होना चाहिए। अरविंद केजरीवाल ने आम आदमी पार्टी दिल्ली के पार्षदों को संबोधित किया। हमें दिल्ली में काम करना है और साफ सफाई का अधिक ध्यान रखना है, क्योंकि जनता इसको नहीं नाकारती है। अब एमसीडी भी हमारे पास है। इसलिए आपस में लड़ाई झगड़ा बंद करने होंगे। अप्रैल तक कोई लड़ाई झगड़ा नहीं करना है। हम सब एक हैं और अपने घर में लड़ाई झगड़े होते हैं, लेकिन अप्रैल तक नहीं करना है।”