दिल्ली विधानसभा चुनाव से ठीक पहले बीजेपी और आम आदमी पार्टी के बीच सियासी बयानबाजी जारी है। खासतौर पर रोहिंग्या नागरिकों के मुद्दे पर दोनों दलों के बीच टकराव दिखाई दे रहा है। केंद्रीय मंत्री हरदीप पुरी ने अरविंद केजरीवाल की ओर से उनके ऊपर लगाए गए आरोपों पर कहा कि अरविंद केजरीवाल के विधायक ने रोहिंग्याओं को दिल्ली में रहने दिया और उन्हें मुफ्त राशन, पानी और बिजली दी है।
केंद्रीय मंत्री का यह बयान पूर्व सीएम की उनके ऊपर की गई एक टिप्पणी के बाद आया है। जिसमें अरविंद केजरीवाल ने कहा था कि हरदीप पुरी ने रोहिंग्याओं को दिल्ली में बसाने में मदद की है।
इस आरोप के जवाब में केंद्रीय मंत्री हरदीप पुरी ने लिखा,”झूठ की धूप से तो बर्फ भी नहीं पिघलती, सच तो फिर भी चट्टान की तरह होता है। एक ही झूठ को बार-बार फैलाने से वह सच में तो बदलेगा नहीं…हाँ आपके झूठे होने का बार बार प्रमाण जरूर देगा।”
क्या बोले केंद्रीय मंत्री हरदीप पुरी
केंद्रीय मंत्री हरदीप पुरी ने कहा, “सिर्फ एक झूठ को बार-बार फैलाने से वह सच नहीं हो जाता। सच तो यह है कि आज तक किसी भी रोहिंग्या को कहीं भी फ्लैट नहीं दिया गया है। जो लोग यह झूठी नारेबाजी कर रहे हैं, वे भी यह जानते हैं। आप के MLA ने उन्हें 10,000 रुपये भी दिए और उनका वोटर आईडी कार्ड भी बनवाया। पूरा देश जानता है कि रोहिंग्या किसके वोटर हैं। बार-बार रोहिंग्याओं का समर्थन करके केजरीवाल भारत की सुरक्षा से खिलवाड़ कर रहे हैं। यह बहुत ही निम्न स्तर की राजनीति है।”
अरविंद केजरीवाल ने BJP पर लगाया था आरोप?
दिल्ली के पूर्व सीएम अरविंद केजरीवाल ने बीजेपी पर आरोप लगाते हुए कहा था कि नई दिल्ली विधानसभा क्षेत्र में बीजेपी वोटर लिस्ट में हेरफेर कर रही है। अरविंद केजरीवाल ने केंद्रीय मंत्री हरदीप पुरी को गिरफ्तार करने की मांग भी की। केजरीवाल ने कहा, “मैं हरदीप सिंह पुरी को गिरफ्तार करने का अनुरोध करता हूं। उनके पास सारा डेटा है कि उन्होंने रोहिंग्याओं को कहां और कैसे बसाया है। उन्होंने ट्वीट कर जानकारी दी। हरदीप सिंह पुरी और अमित शाह के पास सारा डेटा है कि उन्होंने रोहिंग्याओं को कैसे और कहां बसाया है।”