देश इस साल अपना 76वां स्वतंत्रता दिवस मनाने जा रहा है। इस मौके पर एक बार फिर ‘हर घर तिरंगा’ अभियान चलाने की तैयारी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ट्विटर पर इस बारे में जानकारी दी है। उनकी तरफ से कहा गया है कि एक बार फिर हर घर के बाहर तिरंगा लगना चाहिए। पिछले साल भी इसी अभियान की वजह से लोगों ने रिकॉर्ड तिरंगे लगाने का काम किया था।

हर घर तिरंगा अभियान

अब उसी कड़ी में शुक्रवार को पूरे पीएम मोदी ने ट्वीट कर लिखा कि ‘हर घर तिरंगा’ अभियान ने आजादी के अमृत महोत्सव में एक नई ऊर्जा भरी है। देशवासियों को इस साल इस अभियान को एक नई ऊंचाई पर ले जाना है। आइए, 13 से 15 अगस्त के बीच देश की आन-बान और शान के प्रतीक राष्ट्रीय ध्वज को फहराएं। तिरंगे के साथ https://harghartiranga.com पर अपनी सेल्फी भी जरूर अपलोड करें।

पिछले साल बना था रिकॉर्ड

वैसे जानकारी के लिए बता दें कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आजादी के अमृत महोत्सव के मौके पर ‘हर घर तिरंगा’ अभियान की शुरुआत की थी। उस एक अपील ने ऐसा कारनामा किया कि पिछले साल लोगों ने करीब 500 करोड़ के तिरंगे खरीद डाले। यानी कि एक फैसले ने लोगों को ऐसा प्रभावित किया कि दुकानों पर झंडों की कमी पड़ गई, लेकिन लोग तिरंगे खरीदते रहे। अब उसी कड़ी में एक बार फिर ऐसी ही अपील कर दी गई है। इस बार कितने तिरंगे लगते हैं, कितना रिकॉर्ड बनता है, ये देखने का इंतजार सभी को रहेगा।