पूरा देश नए साल का जश्न मना रहा है। देश में नए साल के मौके पर लोगों ने जमकर बिरयानी खाई। फूड डिलीवरी प्लेटफॉर्म से जुड़े सूत्रों ने इंडियन एक्सप्रेस को बताया कि नए साल की पूर्व संध्या यानी 31 दिसंबर की रात स्विगी पर 4.8 लाख से अधिक बिरयानी का ऑर्डर दिया गया था। हर मिनट 1,244 यूनिट डिश का ऑर्डर दिया गया था। सूत्रों ने बताया कि हर चार बिरयानी ऑर्डर में से एक हैदराबाद में दिया गया था। यानी हैदराबाद में केवल 1 लाख 20 हजार से अधिक बिरयानी के ऑर्डर डिलीवर हुए।
वहीं स्विगी इंस्टामार्ट (किराने का सामान और घरेलू जरूरी सामान ऑर्डर करने का प्लेटफार्म) को भी बंपर ऑर्डर मिला। इसपर जितना ऑर्डर 19 नवंबर 2023 को क्रिकेट विश्व कप फाइनल के दौरान मिला था, उसकी तुलना में नए साल पर प्रति मिनट 1.6 गुना अधिक ऑर्डर दिए गए।
सूत्रों ने कहा कि शाम तक स्विगी की फूड डिलीवरी और इंस्टामार्ट सेवाएं पिछले साल के उच्चतम स्तर को पार कर गईं। स्विगी ने पिछले साल इसी अवधि में 3.50 लाख बिरयानी ऑर्डर डिलीवर किए थे और 2.5 लाख से अधिक पिज्जा देश भर में डिलीवर किए थे। स्विगी के फूड मार्केटप्लेस के सीईओ रोहित कपूर ने कहा, “नए साल की पूर्व संध्या पर स्विगी फ़ूड और इंस्टामार्ट ने सभी रिकॉर्ड तोड़ दिए! टीम इससे अधिक खुशी नहीं हो सकती।
स्विगी ऐप ने रविवार को रात 9.50 बजे ‘X’ पर एक पोस्ट में कहा, “पिछले घंटे में स्विगी ऐप पर लगभग दस लाख यूजर सक्रिय थे। यह कल से शुरू होने वाले जिम में शामिल होने वाले लोगों की संख्या से अधिक है।” पोस्ट में कहा गया कि इस साल दस लाख से अधिक लोगों ने दूसरों के लिए भोजन का ऑर्डर दिया।
दिल्ली वालों ने जमकर पी शराब
नए साल पर अंग्रेजी शराब की 24 लाख बोतलें दिल्ली में बिकी हैं। 31 दिसंबर को 24 लाख 724 बोतलों की बिक्री हुई है। जबकि एक दिन पहले 30 दिसंबर को 17 लाख 79 हजार 379 बोतलें बिकीं थीं। यह आंकड़ा पिछले साल यानी 31 दिसंबर 2023 से करीब चार लाख अधिक है। इसी दिसंबर महीने में करीब पांच करोड़ शराब की बोतलें दिल्ली में बिकी हैं।