New Year Celebration: देशभर में नए साल 2023 का स्वागत जश्न के साथ किया गया। पूरे देश में जगह-जगह लोगों ने नाचे-गाए और एक दूसरे को बधाइयां दीं। होटलों, रेस्टोरेंट्स, ढाबों, क्लबों में शनिवार शाम से काफी उत्साह का माहौल रहा। रात के 12 बजते ही सभी जगह लोग झूमने लगे और पटाखों और आतिशबाजी का दौर शुरू हो गया। कई जगह सोसायटियों और कॉलोनियों में नए साल पर विशेष व्यवस्था की गई। इस दौरान तमाम लोगों ने पार्टी का आयोजन किया और लजीज खाने से लेकर कई तरह की शराब और बीयर के दौर चले। राजधानी दिल्ली, मुंबई, कोलकाता, चेन्नई, पणजी, बेंगलुरू, हैदराबाद, पटना, लखनऊ, चंडीगढ़, v समेत देश के सभी शहरों में रात बारह बजते ही लोग बेकाबू होकर सड़कों पर निकल आए। गोवा की राजधानी पणजी के मैजेस्टिक ग्रुप होटल में रोशनी, संगीत और नृत्य के साथ लोगों ने जमकर खुशियां मनाईं।

बेंगलुरू में पुलिस ने किया लाठीचार्ज

कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरू में नए साल का जश्न मना रहे लोग इतना ज्यादा उत्साहित हो गए कि उनको नियंत्रित करने के लिए पुलिस का लाठीचार्ज करना पड़ा। शहर के कई इलाकों में सड़कों पर भारी भीड़ जुट गई। पुलिस ने उनको बड़ी मुश्किल से तितर-बितर करके व्यवस्था बहाल की।

हुड़दंग मचाने वालों पर रही पुलिस की कड़ी नजर

इस दौरान पुलिस ने कानून-व्यवस्था के उल्लंघन करने और हुड़दंग मचाने वालों पर कड़ी नजर रखने के लिए चौकसी बढ़ा दी थी। देश भर के पुलिस विभागों ने यातायात प्रतिबंध और परामर्श जारी किए थे। इनके अलावा, कर्नाटक सरकार सप्ताह भर पहले एक आदेश जारी कर यह अनिवार्य कर दिया था कि नए साल की पूर्व संध्या और नए साल के दिन पर किसी भी तरह का जश्न मनाने के लिए आयोजित सभी कार्यक्रम रात एक बजे तक समाप्त हो जाने चाहिए।

दिल्ली-एनसीआर में जमकर उत्सव मनाया गया।

देश में नए साल की शुरुआत जश्न और आतिशबाजी के साथ हुई। कोविड -19 के चलते दो साल से परेशान हजारों लोग इस मौके पर उत्साह के साथ बाहर निकले। नए साल के जश्न के दौरान किसी भी तरह के अव्यवस्था पर कड़ी निगरानी रखने और सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए पुलिस ने सभी शहरों में सुरक्षा सख्त कर दी है।

हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला में नए साल के आगमन की खुशी में आधी रात को नाचते लोग। (फोटो- एएनआई)

कर्तव्य पथ पर भारी भीड़, देर रात तक जुटे रहे लोग

नए साल का जश्न मनाने के लिए बड़ी संख्या में लोग अपने परिवार और दोस्तों के साथ कर्तव्य पथ पर उमड़े। इस दौरान हजारों लोग देर रात तक वहां मौजूद रहे और नए साल की खुशी में नाचे गाए। लोगों ने रात के जश्न के दौरान नाचते हुए मोबाइल से सेल्फी ली और खुशियां मनाईं।

कनॉट प्लेस और इंडिया गेट समेत कई इलाकों में लग गया जाम

नए साल की पूर्व संध्या पर शनिवार को कनॉट प्लेस और इंडिया गेट समेत मध्य दिल्ली के कई हिस्सों में भारी जाम लगा रहा। दिल्ली पुलिस ने किसी भी तरह के यातायात उल्लंघन पर सख्त नजर रखने और नये साल के उल्लास के दौरान सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए पूरे राष्ट्रीय राजधानी में जिला और यातायात पुलिस के 18,000 से अधिक जवानों को तैनात किया था।

सवा सौ से ज्यादा स्थानों पर नशेड़ियों की हुई जांच

अधिकारियों ने कहा कि शराब के नशे में वाहन चलाने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने के लिए शहर में 125 स्थानों की पहचान की गई थी। पुलिस के मुताबिक कनॉट प्लेस में रात आठ बजे से ट्रैफिक को सीमित कर दिया गया था और नशे में गाड़ी चलाने की जांच के लिए अल्कोमीटर का इस्तेमाल किया गया। विशेष पुलिस आयुक्त (कानून व्यवस्था) दीपेंद्र पाठक ने बताया, ‘‘हमने पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था की थी।

गोवा की राजधानी पणजी के मैजेस्टिक ग्रुप होटल में रोशनी, संगीत और नृत्य के साथ लोगों ने जमकर खुशियां मनाईं। (Photo ANI)

सुरक्षा के लिए 11 हजार से ज्यादा पुलिसकर्मी तैनात किए गये थे

होटल, बार और रेस्तरां पूरी तरह भरे रहे, जबकि रेहड़ी-पटरी पर खाने-पीने का सामान बेच रहे लोगों के पास भी काफी भीड़ नजर आई। एक वरिष्ठ अधिकारी ने एजेंसी को बताया कि सुरक्षा के लिए सड़कों पर 11,000 से अधिक पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है। शहर के पुलिस आयुक्त विवेक फनसालकर ने एक वीडियो संदेश में कहा, ‘‘मुंबई पुलिस नववर्ष का जश्न मनाते हुए अपने नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए पूरी तरह तैयार है। कानून तथा किसी व्यक्ति के खिलाफ कोई काम न करें। खुश रहिए, शाम और नववर्ष का आनंद उठाइए।’’

मुंबई में मरीन ड्राइव, गेटवे ऑफ इंडिया पर भारी भीड़, रंगीन रोशनी से सजीं इमारतें

कोरोना वायरस महामारी के कारण दो साल तक आयोजनों से दूर रहने वाले मुंबईवासी शनिवार को नये साल की पूर्व संध्या का जश्न मनाने के लिए बड़ी संख्या में घरों से बाहर निकले। दिन ढलने के साथ ही हजारों लोग दक्षिण मुंबई में गेटवे ऑफ इंडिया, मरीन ड्राइव और गिरगाम चौपाटी समुद्र तट पर एकत्रित हुए। उपनगरों में कई लोग बांद्रा, मड आइलैंड और मार्वे के समुद्र तटों पर पहुंचे। बृहन्मुंबई महानगरपालिका ने छत्रपति शिवाजी टर्मिनल और गेटवे ऑफ इंडिया जैसे शहर में महत्वपूर्ण स्थलों और इमारतों को शनिवार को रोशनी से सजाया।

मुंबई के मरीन ड्राइव पर शनिवार शाम से हजारों लोग नए साल के स्वागत में उमड़ पड़े। (फोटो- पीटीआई)

उत्तराखंड के मसूरी में लोग चमकदार रोशनी, संगीत और नृत्य के बीच नए साल 2023 का स्वागत किया। छत्तीसगढ़ के सुकमा जिले के नक्सल प्रभावित इलाके में सीआरपीएफ की 74वीं बटालियन के जवानों ने नए साल के जश्न में कई सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए।