देशभर में जहां ‘भारत माता’ पर विवाद चल रहा है, वहीं भाजपा की गुजरात यूनिट ने फाउंडेशन-डे पर ‘भारत माता गौरव कूच’ का आयोजन करने का फैसला किया है। इस मार्च का आयोजन पूरे राज्य में 18 जगहों पर किया जाएगा। गुजरात भाजपा प्रवक्ता आईके जड़ेजा के मुताबिक गुजरात भाजपा अध्यक्ष विजय रूपानी ने पार्टी बैठक में कहा है कि राष्ट्र विरोधी तत्व दोबारा से सक्रिय हो गए हैं, ऐसे में भारत माता की कीर्ति को लोगों के दिल में भरना बहुत जरूरी हो गया है। साथ ही रूपानी ने कहा कि भारत माता की जय भाजपा की पहचान है।
Read Also: अकाली दल के नेता ने कहा- सिख भारत माता की जय के नारे नहीं लगा सकते
साथ ही उन्होंने घोषणा की है कि भाजपा अध्यक्ष अमित शाह 27 मार्च को सूरत में किसान रैली में आएंगे। यह सौराष्ट्र क्षेत्र में 25 मार्च से शुरू होने वाली रैलियों का एक हिस्सा होगी। समापन रैली 28 मार्च को बनासकांठा में आयोजित की जाएगी। बुधवार को पार्टी राज्य के सभी जिलों में ‘शहीदों का अपमान नहीं सहेगा हिंदुस्तान’ आयोजन की सीरिज की शुरुआत करने जा रही है। 24 मार्च को भाजपा के समारोह में शामिल होने वाले लोग ‘रंग दे बसंती चोला’ गाएंगे। 25 मार्च को पार्टी कार्यकर्ता कांग्रेस के खिलाफ प्रदर्शन करेंगे।
Read Also: तीन दिन में दूसरा फतवा- देश के लिए जान दे सकते हैं, पर ‘भारत माता की जय’ नहीं कह सकते
समारोह की जानकारी देते हुए राज्य भाजपा के जनरल सेक्रेट्री भीखूभाई दलसानिया ने बताया कि 6 अप्रेल को हर बूथ कमेटी के कार्यकर्ता सुबह बैठक में हिस्सा लेंगे और उसके बाद पार्टी का झंडा फहराया जाएगा। इसके बाद जिला केंद्रों पर ‘मां अन्नापूर्णा’ योजना के तहत फूड सुरक्षा पर सरकारी कार्यक्रम में शामिल होंगे। इसके साथ ही वे राज्यों में 18 जगहों पर शाम चार बजे से छह बजे तक ‘भारत माता गौरव कूच’ के आयोजन में शामिल होंगे।
Read Also: ओवैसी के बाद बोले उमर अब्दुल्ला, मैं आपकी खुशी के लिए नहीं बोलूंगा भारत माता की जय