यूपी के गौतम बुद्ध नगर जिले के जेवर में बनने जा रहे एयरपोर्ट के लिए करीब 6800 पेड़ काटे जाएंगे। इसके लिए वन विभाग ने अपनी अनुमति भी दे दी है। इससे इलाके में पर्यावरण संकट की स्थिति बनने को लेकर चिंता जताई जा रही है। हालांकि यमुना एक्सप्रेस-वे औद्योगिक विकास प्राधिकरण के सीईओ अरुणवीर सिंह ने कहा कि इसके बदले में वहां दस गुने पेड़ (68000) लगाए जाएंगे। उन्होंने कहा कि प्राधिकरण इसके लिए पैसे भी देगा।

मुंबई में पेड़ काटने का हुआ था विरोध : इसके पहले मुंबई के आरे कालोनी में भी पेड़ों की कटाई पर बवाल मचा हुआ था। वहां पर मेट्रो प्रोजेक्ट के लिए महाराष्ट्र सरकार ने 2700 पेड़ काटने की अनुमति दी थी। पेड़ कटाई शुरू हुई तो लोग विरोध करने लगे। इसकी वजह से वहां काफी हंगामा हुआ था। विरोध बढ़ने पर मामला कोर्ट में पहुंच गया। कुछ लोग इसको लेकर सुप्रीम कोर्ट में केस दायर कर दिए।

Hindi News Today, LIVE Updates: दिन भर की बड़ी खबरों के लिए यहां क्लिक करें

सुप्रीम कोर्ट ने लगाई थी रोक : सुप्रीम कोर्ट ने पेड़ों की कटाई पर रोक लगा दी। इसके बाद महाराष्ट्र सरकार ने काम रोक दिया। कोर्ट ने उन लोगों को तत्काल छोड़ने का आदेश दिया, जिन्हें विरोध प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने गिरफ्तार किया था। आदेश के बाद गिरफ्तार लोगों को सरकार ने छोड़ दिया। दिल्ली से सटे गौतम बुद्धनगर के ग्रेटर नोएडा में यह हवाई अड्डा जेवर के पास बनाया जा रहा है।

प्राधिकरण लगवाएगा दस गुना पेड़, पूरा पैसा देगा : इस प्रोजेक्ट के लिए 6800 पेड़ों को काटने के लिए वन विभाग की अनुमति के बाद यमुना एक्सप्रेस-वे औद्योगिक विकास प्राधिकरण के सीईओ अरुणवीर सिंह ने कहा, “इतनी बड़ी संख्या में पेड़ों के काटने से पर्यावरण के नुकसान की भरपाई के लिए हम वन विभाग को उससे दस गुना ज्यादा पेड़ लगाने के लिए पैसे देंगे। कहा कि 6800 पेड़ के बदले 68000 पेड़ लगाए जाएंगे।”