कोरोनावायरस के बारे में जनता को आगाह करने के लिए गूगल और भारत के स्वास्थ्य मंत्रालय ने हाथ मिलाए हैं। इसी के साथ गूगल ने अपने होमपेज पर ‘डू द फाइव’ मैसेज को जगह दी है। इस पर क्लिक कर के लोग कोरोनावायरस से काफी जानकारी पा सकते हैं। गूगल ने ज्यादा जानकारी के लिए स्वास्थ्य मंत्रालय की वेबसाइट पर जाने का लिंक भी दिया है।

कैसा दिखता है मैसेज?
यह मैसेज गूगल के होमपेज में सर्च बार के ठीक नीचे है। इसमें लिखा है- डू द फाइव, हेल्प स्टॉप कोरोनावायरस यानी यह पांच कदम उठाइए और कोरोनावायरस को रोकिए। अगर आप इस अलर्ट पर क्लिक करते हैं तो कोरोनावायरस से लड़ने के लिए पेज पर पांच टिप्स आ जाती हैं। यह टिप्स हैं-
1. हाथ- उन्हें बार-बार धोएं
2. कोहनी- इस पर छींके
3. चेहरा- इसे न छुएं
4. पैर- कम से कम 3 फीट दूर रहें
5. बीमार- घर में रहिए

इन पांच विकल्पों के नीचे नीले रंग का एक इन्फो बटन भी है, जिसमें क्लिक करने पर यूजर सीधे स्वास्थ्य मंत्रालय की आधिकारिक वेबसाइट पर पहुंच जाते हैं। वेबसाइट में कोरोनावायरस से जुड़े हेल्पलाइन नंबर और राज्यवार हेल्पलाइन नंबर भी दिए गए हैं। इसके साथ हेल्प ईमेल आईडी भी दी गई है। इसके अलावा सामाजिक दूरी बनाने को लेकर निर्देश भी दिए गए है। वेबसाइट में कोरोनावायरस से मरने वालों के शव प्रबंधन को लेकर भी गाइडलाइंस दी गई हैं। साथ ही कोरोना से बचने के लिए इंडियन काउंसिल ऑफ मेडिकल रिसर्च की गाइडलाइन भी दी गई हैं।

वेबसाइट में कोरोनावायरस के राज्यवार केसों की जानकारी भी दी गई। साथ ही संक्रमण से मरने वालों और अब तक जिन मरीजों का इलाज हो गया है, उनकी भी लिस्ट दी गई है।

गूगल ने पहली बार ‘डू द फाइव’ फीचर अमेरिका में विश्व स्वास्थ्य संगठन के सहयोग से लॉन्च किया था। हालांकि, भारत में यह विश्व स्वास्थ्य संगठन और गूगल ने साथ आकर लॉन्च किया। गूगल के सीईओ सुंदर पिचाई ने कहा, “हम कोरोनावायरस संक्रमण रोकने के लिए विश्व स्वास्थ्य संगठन की गाइडलाइंस के आधार पर ही यह अभियान चला रहे हैं। अमेरिका में पहले कुछ दिनों में करोड़ों लोगों यह टिप्स देख चुके हैं। हमने इसमें कोविड-19 के अलर्ट से जुड़ी ज्यादा जानकारी जोड़ी है।”