झारखंड की राजधानी रांची स्थित ओरमांझी में एक युवती का सिर कटा शव मिलने से लोग दहशत में हैं। इस घटना के घंटों बाद भी पुलिस युवती का सिर नहीं ढूंढ सकी है। स्थानीय रिपोर्ट के अनुसार ओरमांझी के फ्लाश पतरा जंगल में युवती का धड़ मिलने के बाद पुलिस सोमवार को भी घटनास्थल पर पहुंची। जहां तीन डीएसपी और एक इंस्पेक्टर सहित 24 महिला सिपाही सिर ढूंढते रहे, मगर कामयाबी नहीं मिली। डॉग स्क्वायड भी सिर को खोज नहीं पाई है। सिर ना मिलने की वजह से शव की पहचान भी नहीं हो सकी है।
मालूम हो कि बीते रविवार को क्षेत्र में उस समय सनसनी मच गई जब पुलिस ने सिर कटा एक युवती का शव बरामद किया। शव मिलने के बाद पुलिस ने आसपास स्थित नदी, नाले, खेत और फ्लाश पतरा के जंगल में सिर की खोजबीन शुरू कर दी। खबर लिखे जाने तक सिर बरामद नहीं हो सका है। मामले में डीएसपी चंद्रशेखर आजाद ने बताया कि अभी तक सिर नहीं मिला, जिसके चलते शव की पहचान नहीं हो पाई है।
सिर खोजने में नाकाम रही पुलिस ने अब इस संबंधित सूचना देने वाले को ईनाम देने का ऐलान किया है। पुलिस ने बताया कि युवती के हत्यारे या इससे संबंधित जानकारी देने वाले को 25 हजार रुपए का ईनाम दिया जाएगा। मामले में एसएसपी सुरेंद्र झा ने बताया कि कोई भी 943170683 पर फोन कर जानकारी दे सकता है। सूचना देने वाली की पहचान पूरी तरह गुप्त रखी जाएगी।
इधर घटना प्रकाश में आने के बाद विपक्षी दल भाजपा ने हेमंत सोरेन सरकार को निशाने पर लिया है। भगवा दल ने आरोप लगाया कि राज्य सरकार महिलाओं को सुरक्षा देने में नाकाम साबित हो रही है। भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष आरती कुजूर ने कहा कि रेप के आरोपी सोरेन सरकार में महिलाएं सुरक्षित नहीं हैं।
उल्लेखनीय है कि राज्य में भाजपा युवा मोर्चा और महिला मोर्चा ने रांची के अल्बर्ट इक्का चौक पर इस हत्या के विरोध में मार्च निकाला। साथ ही राज्य में बढ़ती बलात्कार की घटनाओं और लचर कानून-व्यवस्था को लेकर सीएम हेमंत सोरेन का पुतला भी फूंका। बता दें कि जेएमएम और कांग्रेस मिलकर झारखंड में सरकार चला रही हैं।