प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को गांधीनगर-मुंबई वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन का उद्घाटन किया। यह साल 2019 में शुरू की गई वंदे भारत श्रृंखला की तीसरी ट्रेन है। इससे पहले पीएम मोदी ने फरवरी और अक्टूबर, 2019 में दो अन्य वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेनों का उद्घाटन किया था, जो नई दिल्ली से वाराणसी और कटरा के लिए चलती हैं।
यहां जानिए गांधीनगर-मुंबई वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन कब, कहां और कैसे चलती है
‘वंदे भारत 2.0’ में शामिल होने के चलते, गांधीनगर-मुंबई एक्सप्रेस ट्रेन 6 घंटे 30 मिनट में लगभग 540 किलोमीटर की दूरी तय करती है। यह 129 सेकंड में 160 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल सकती है। यह ट्रेन रविवार को छोड़कर हफ्ते के बाकी छह दिन गांधीनगर राजधानी और मुंबई सेंट्रल के बीच चलेगी।
यह तीन स्टेशनों सूरत (एसटी) पर सुबह 8:50 बजे, वडोदरा जंक्शन (बीआरसी) पर सुबह 10:20 बजे, और अहमदाबाद जंक्शन (एडीआई) पर 11:35 पर रुकेगी और गांधीनगर राजधानी (जीएनसी) पर 12:30 बजे पहुंचेगी। सूरत में यह 3 मिनट और वडोदरा एवं अहमदाबाद में 5-5 मिनट के लिए रुकेगी।
वहीं, गांधीनगर से मुंबई के लिए यह ट्रेन गांधीनगर राजधानी (GNC) से दोपहर 2:05 बजे प्रस्थान करेगी। यह अहमदाबाद जंक्शन (ADI) पर दोपहर 2:40 बजे पहुंचेगी और 3 मिनट के लिए रुकेगी। इससे आगे वडोदरा जंक्शन (बीआरसी) में शाम 4 बजे 5 मिनट और सूरत (एसटी) पर शाम 5:40 बजे कुल 10 मिनट के लिए रुकेगी और मुंबई सेंट्रल (एमएमसीटी) पर 8:35 बजे (आईएसटी) पहुंचेगी।
वंदे भारत 2.0 में बैठने की जगह
ट्रेन में 16 कोच हैं, जिसमें 1,128 यात्री बैठ सकते हैं। इसमें एसी चेयर कार (सीसी) और एक्जीक्यूटिव चेयर कार (ईसी) सीटें हैं। एक्जीक्यूटिव चेयर कार में यात्रा करने वाले यात्रियों को 180 डिग्री घूमने वाली सीटों की सुविधा भी मिलेगी।
भारतीय रेलवे के अनुसार, मुंबई और गांधीनगर आने-जाने के लिए यात्रियों को चेयर क्लास में यात्रा करने पर 1,385 रुपये और एक्जीक्यूटिव श्रेणी की यात्रा के लिए 2,505 रुपये खर्च करने होंगे। आईआरसीटीसी की वेबसाइट के मुताबिक गांधीनगर से मुंबई की यात्रा का बेस फेयर 974 रुपये और मुंबई से गांधीनगर का 975 रुपये है।