राहुल गांधी द्वारा जेन-जेड को लेकर किए गए पोस्ट पर सियासत गरमा गई है। बीजेपी के सांसद निशिकांत दुबे ने अब उनपर पलटवार किया है। निशिकांत दुबे ने कहा कि हम जेन-जेड के साथ हैं। अगर भारत में जेनरेशन Z का खड़ा होता है तो कांग्रेस और उसके सहयोगी देश छोड़कर भागते नजर आएंगे। जेनरेशन Z भारत में पहले ही ऐसा कर चुका है। अन्ना और अरविंद केजरीवाल का आंदोलन जेनरेशन Z का ही नतीजा था, निर्भया कांड के दौरान 2013 में एक लाख लोग सड़कों पर थे, लेकिन भाजपा ने आग में घी नहीं डालने का फैसला किया।
निशिकांंत दुबे ने आगे कहा कि राहुल गांधी नेपाल और बांग्लादेश में जो हुआ उससे खुद को जोड़ना चाहते हैं। दोनों ही जगहों पर जेनरेशन Z भाई-भतीजावाद और परिवारवाद के खिलाफ था। परिवारवाद कहां है? यह गांधी परिवार में दशकों से है, अगर वह जेनरेशन Z को भड़काना चाहते हैं, तो हम राहुल गांधी के साथ हैं। पूरी गांंधी फैमिली देश छोड़ती हुई नजर आएगी। जेनरेशन Z भ्रष्टाचार के खिलाफ है, भ्रष्टाचार भी कांग्रेस पार्टी की सरकार के दौरान हुआ। हमारी 11 साल की सरकार में भ्रष्टाचार का कोई आरोप नहीं है।
जेनरेशन Z संविधान में संशोधन करके बांग्लादेश को इस्लामी राष्ट्र बनाना चाहता है और नेपाल को हिंदू राष्ट्र बनाना चाहता है। भारत में हिंदू बहुसंख्यक हैं, हम सेक्युलर हैं लेकिन जब जेनरेशन Z जब हिंदू राष्ट्र की तरफ बढ़ेगा तब आप क्या करोगे? तो क्या इस देश को हिंदू राष्ट्र बना दोगे? विपक्ष में भी कांग्रेस को साथ देने वाले सपा, डीएमके, शिवसेना यूबीटी, राजद भी परिवारवादी पार्टियां हैं। राहुल गांधी इस देश में गृहयुद्ध भड़काना चाहते हैं। उनके दादा नेहरू जी ने इस देश का बंटवारा किया, राहुल गांधी जेनरेशन Z को भड़का कर सोरोस फाउंडेशन देश के साथ मिलकर देश को विभाजित करना चाहते हैं।
यह भी पढ़ें: ‘Gen Z संविधान बचाएंगे, वोट चोरी रोकेंगे…’, राहुल गांधी बोले- मैं हमेशा उनके साथ खड़ा हूं
राहुल गांधी ने चुनाव आयोग पर फिर लगाए आरोप
कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने कथित “वोट चोरी” को लेकर शुक्रवार को एक बार फिर निर्वाचन आयोग पर निशाना साधा और आरोप लगाया कि “चुनाव का चौकीदार जागता रहा, चोरी देखता रहा और चोरों को बचाता रहा।”
उन्होंने मतदाता सूची से नाम कथित तौर पर नाम हटाए जाने से संबंधित अपनी प्रेस कॉन्फ्रेंस का एक वीडियो X पर शेयर किया जिसमें उन्होंने दावा किया है कि जिन लोगों के नाम का इस्तेमाल कर वोट हटाए गए उन्हें यह पता ही नहीं था और सुबह चार बजे भी नाम हटाने के लिए ऑनलाइन आवेदन किए गए। कांग्रेस नेता ने शुक्रवार को X पर पोस्ट किया, “सुबह चार बजे उठो, 36 सेकंड में दो वोटर मिटाओ, फिर सो जाओ। ऐसे भी हुई वोट चोरी।”
उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव का चौकीदार जागता रहा, चोरी देखता रहा और चोरों को बचाता रहा। राहुल गांधी ने गुरुवार को कर्नाटक के कलबुर्गी जिले के आलंद विधानसभा क्षेत्र के आंकड़ों का हवाला देते हुए दावा किया था कि उनकी पार्टी के समर्थक मतदाताओं के नाम मतदाता सूची से हटाने के प्रयास हुए और मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार “लोकतंत्र की हत्या करने वालों” तथा “वोट चोरों” की रक्षा कर रहे हैं। निर्वाचन आयोग ने उनके आरोपों को गलत और निराधार करार दिया।
यह भी पढ़ें: ‘जब नेपाल जैसी क्रांति आएगी तो राहुल-अखिलेश का घर फूंक दिया जाएगा’, पूर्व सांसद सुब्रत पाठक का बड़ा बयान